Bihar News: बिहार में एक सरकारी बंगले को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी नेता राबड़ी देवी का कब्जा बना हुआ है। उन्होंने दूसरे घर में जाने और एनडीए सरकार के एक मंत्री को आवंटित परिसर को खाली करने से इनकार कर दिया है। इस पर अब बेटी रोहिणी आचार्य ने प्रतिक्रिया दी है।
लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “अगर हिम्मत है तो जबरन बंगला खाली करवाए सरकार। जनहित के ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए राजनीतिक प्रतिशोध की राह पर है सम्राट चौधरी की सरकार l पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती राबड़ी देवी जी को आवास से बेदखल करने का तुगलकी फरमान और आवास पर पुलिस भेजना लोकतंत्र नहीं, सत्ता के अहंकार एवं बेजा दबंगई की निशानी है।”
शासन का प्रतिशोध मॉडल- रोहिणी आचार्य
रोहिणी आचार्य ने आगे लिखा, “अफसोसजनक है कि बेरोजगारी, महंगाई , भ्रष्टाचार , बढ़ते अपराध के फ्रंट पर पूरी तरह से निष्क्रिय साबित होती सम्राट चौधरी की सरकार विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने में पूरी सक्रिय है। ये शासन का कौन सा मॉडल है? बेशक शासन का ” प्रतिशोध मॉडल।”

बता दें कि भवन निर्माण विभाग ने 27 मई को एक आदेश जारी किया। इसके माध्यम से राजभवन और मुख्यमंत्री आवास के निकट स्थित 10, सर्कुलर रोड बंगले को डेयरी और मत्स्य पालन मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया है। जब यह आदेश पारित हुआ तब राबड़ी देवी छुट्टी पर थीं और एयरपोर्ट पर पहुंचने पर जब पत्रकारों ने उनसे इस बारे में पूछा तो वह भड़क उठीं।
राबड़ी देवी भड़क उठीं
राबड़ी देवी ने जवाब दिया, “मैं देख सकती हूं कि सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बनने पर काफी उत्साहित हैं। उनकी सरकार चाहे तो मुझे बलपूर्वक बेदखल कर दे। मैं घर खाली नहीं करने वाली।” गौरतलब है कि राजभवन और मुख्यमंत्री आवास के नजदीक स्थित सर्कुलर रोड के 10 नंबर के बंगले को नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली पिछली सरकार के दौरान परिवार को आवंटित किया गया था। वर्षों से यह बंगला न केवल आरजेडी के मुखिया के निवास के रूप में, बल्कि विपक्षी दल के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक केंद्र के रूप में भी कार्य करता रहा है।
सिंगापुर पहुंचे लालू यादव का बेटी रोहिणी ने किया स्वागत
राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव रूटीन हेल्थ चेकअप के लिए सिंगापुर पहुंच गए हैं। रोहिणी आचार्य अपने पति के साथ एयरपोर्ट पर अपने पिता का स्वागत करने पहुंचीं। लंबे समय बाद पिता से मुलाकात होते ही रोहिणी भावुक हो गईं और उन्हें गले लगा लिया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
