कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को संसद भवन में राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ ली। वे कर्नाटक से फिर से निर्वाचित होकर संसद के उच्च सदन में पहुंचे हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे के शपथ ग्रहण समारोह में, सदन के नेता जेपी नड्डा और मंत्री किरेन रिजिजू, अर्जुन राम मेघवाल और एल मुरुगन, विपक्ष के नेता के राजनीतिक करियर पर चर्चा कर रहे थे।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू को अपना राजनीतिक सफर याद आ गया। उन्होंने कहा कि वह भी अब तक 5 बार सांसद बन चुके होते। खड़गे पांच दशक से भी ज्यादा वक्त से राजनीतिक में एक्टिव हैं।
रिजिजू ने क्या सवाल किया?
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, रिजिजू ने पूछा कि खड़गे ने संसद में कितने साल पूरे कर लिए हैं, जिस पर मेघवाल ने याद दिलाया कि यह उनका चौथा कार्यकाल है, दो बार लोकसभा में रह चुके हैं और दूसरी बार राज्यसभा में आ रहे हैं। नड्डा ने बताया कि संसद में आने से पहले, खड़गे कर्नाटक विधानसभा में नौ कार्यकाल पूरे कर चुके थे। रिजिजू ने कहा कि अगर 2009 में कांग्रेस ने उन्हें हराया न होता, तो वे भी लोकसभा में अपने पांचवें कार्यकाल में होते। 2004 में लोकसभा में पहली बार चुने गए रिजिजू 2009 में अरुणाचल पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार ताकम संजॉय से 1314 वोटों से हार गए थे।
खड़गे के अलावा और किसने ली शपथ?
खड़गे के अलावा आज शपथ लेने वाले सात सदस्यों में गुजरात से भारतीय जनता पार्टी के जीतेन्द्र मेघजीभाई कंजारिया और मानसिंह मेरामन परमार, कर्नाटक से भाजपा के एम नागराजा, मध्य प्रदेश से भाजपा के तरूण चुघ, महाराष्ट्र से निर्वाचित हुए राष्ट्रवाद कांग्रेस पार्टी के राजेंद्र हीरालाल जैन, मणिपुर से भाजपा की अधिकारीमायुम शारदा देवी ऊर्फ मैमोम शारदा देवी और राजस्थान से निर्वाचित भाजपा की डॉ अलका सिंह शामिल हैं।
बता दें कि मल्लिकार्जुन खड़गे के अलावा भाजपा नेताओं में मध्य प्रदेश से तरुण चुघ, गुजरात से जितेंद्र मेघजीभाई कंजारिया और मानसिंह मेरामन परमार, कर्नाटक से एम नागराजा, मणिपुर से अधिकारीमयूम शारदा देवी और राजस्थान से अलका सिंह ने शपथ ली है। महाराष्ट्र से एनसीपी के नेता राजेंद्र हीरालाल जैन ने भी राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली।
शपथ ग्रहण के बाद खड़गे ने क्या पोस्ट किया?
मल्लिकार्जुन खड़गे ने सभापति के कक्ष में अलग से आयोजित समारोह में शपथ लेने के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखा। इसमें उन्होंने लिखा, “मुझे एक बार फिर ‘काउंसिल ऑफ स्टेट्स’ (राज्यसभा) के सदस्य के तौर पर शपथ लेने का सौभाग्य मिला। विपक्ष के नेता के रूप में इस प्रतिष्ठित उच्च सदन की सेवा जारी रखना मेरे लिए बहुत गर्व और जिम्मेदारी की बात है।
खड़गे ने आगे लिखा, “मैं कांग्रेस के नेतृत्व, विशेष रूप से सीपीपी चेयरपर्सन सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी में अपने साथी सहयोगियों और सांसदों और उन अनगिनत पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का भी दिल से शुक्रिया अदा करता हूं, जिनके अटूट विश्वास और प्रोत्साहन ने सार्वजनिक जीवन और संसदीय सेवा की मेरी लंबी यात्रा में मुझे संबल प्रदान किया है।”
यह भी पढ़ें: ‘जिम्मेदारी से भाग नहीं रहे शिक्षा मंत्री’, किरेन रिजिजू ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को बताया ‘राजनीतिक’
नीट पेपर लीक और सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग में आई गड़बड़ियों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को कहा कि यह मांग “राजनीतिक” है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं रहे हैं, बल्कि समस्या को दूर करने के लिए कई कदम उठा चुके हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
