लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के मुखिया चिराग पासवान यूपी चुनाव को लेकर कितना सीरियस हैं यह उन्होंने गुरुवार को वाराणसी में एक सभा में शामिल होकर बता दिया। इस सभा को संबोधित करने के बाद चिराग ने मीडियाकर्मियों से बात की और कहा कि अगर यूपी में गठबंधन नहीं बन पाता है तो उनकी पार्टी संभवत: सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि अभी गठबंधन को लेकर हमारी औपचारिक बातचीत नहीं हुई है, अगर गठबंधन पर सहमति नहीं बन पाती है तो लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) शायद सभी 403 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। चिराग ने इस दौरान नागालैंड में उनके दो विधायकों के होने का भी जिक्र किया।
‘अभी गठबंधन को लेकर कोई चर्चा नहीं है’
चिराग ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “गठबंधन को लेकर अभी औपचारिक चर्चाएं शुरू नहीं हुई हैं। अगर अलायंस में आम सहमति बन जाती है, जिसकी हमें उम्मीद है और चीजें उसी हिसाब से आगे बढ़ती हैं, तो यह बहुत अच्छी बात होगी।”
‘अगर अलायंस नहीं हुआ तो…’
चिराग ने आगे कहा, “मैं यह साफ कर देना चाहता हूं कि केंद्र में हमारा गठबंधन है, बिहार में मैं NDA के साथ गठबंधन में हूं। हमने झारखंड में भी गठबंधन के तहत चुनाव लड़ा था। वहां मेरे MLA हैं; वहीं, नागालैंड एक उदाहरण है जहां मैंने बिना किसी गठबंधन के चुनाव लड़ा था और अभी नागालैंड में मेरे दो MLA हैं। अगर कोई गठबंधन नहीं बन पाता है तो लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) शायद सभी 403 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।”
यूपी चुनाव को लेकर चिराग की मंशा साफ
बता दें कि चिराग पासवान वाराणसी में पार्टी द्वारा आयोजित एक लोकल कॉलेज के इवेंट में पहुंचे थे। यूपी चुनाव को लेकर चिराग पासवान अपनी मंशा साफ कर चुके हैं कि वह अकेले भी चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि उन्होंने इस बातचीत में यह भी स्पष्ट किया है कि उनकी पहली प्राथमिकता बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA के साथ मिलकर ही उत्तर प्रदेश का चुनाव लड़ने की होगी, लेकिन वह सीटों के बंटवारे में अपनी पार्टी को सम्मानजनक हिस्सेदारी दिलाना चाहते हैं। अगर गठबंधन में सहमति नहीं बनी, तो उन्होंने सभी 403 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का विकल्प भी खुला रखा है।
आरक्षण को लेकर चिराग की दो टूक
चिराग पासवान ने एकबार फिर आरक्षण के मुद्दे को लेकर यह साफ कर दिया कि वह किसी भी कीमत पर आरक्षण को खत्म नहीं होने देंगे। चिराग ने कहा कि चुनाव के समय जनता को यह कहकर गुमराह किया जाता है कि एनडीए की सरकार आने पर आरक्षण समाप्त कर दिया जाएगा और संविधान खतरे में पड़ जाएगा। उन्होंने कहा कि आरक्षण और संविधान की रक्षा को लेकर किसी को भ्रमित होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने काशी की धरती से संकल्प लेते हुए कहा जब तक चिराग पासवान जिंदा है, न आरक्षण पर कोई आंच आएगी और न संविधान को कोई खतरा होगा।
यह भी पढ़ें: ‘वियतनाम में कितने दिन रहे और किससे मिले…’, अमित शाह ने राहुल गांधी पर उनकी विदेश यात्राओं को लेकर कसा तंज
हरियाणा के करनाल में अमित शाह ने राहुल गांधी से अपनी विदेश यात्राओं का ब्योरा लोगों के सामने रखने की मांग की और कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष होने के नाते जनता को इस बारे में जानने का अधिकार है। यहां पढ़ें पूरी खबर…
