पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने बीजेपी की कमान संभाल ली है। गुरुवार को वे शुभेंदु अधिकारी के नामांकन में शामिल होने के लिए भवानीपुर पहुंचे और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा।
अमित शाह ने जोर देकर कहा कि वे अगले 15 दिनों तक लगातार पश्चिम बंगाल में रहकर चुनावी कमान संभालेंगे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “मैं पश्चिम बंगाल आया हूं और 15 दिन तक यहीं रहूंगा। मैं शुभेंदु अधिकारी के नामांकन के लिए आया हूं। शुभेंदु अधिकारी की जीत बंगाल में परिवर्तन की नींव रखने वाली है।”
पिछली बार नंदीग्राम हारीं, अब बंगाल- शाह
अमित शाह ने आगे कहा कि पिछली बार ममता बनर्जी नंदीग्राम में हार गई थीं और इस बार भवानीपुर के साथ-साथ पूरे पश्चिम बंगाल में भी उन्हें हार का सामना करना पड़ेगा। गृह मंत्री ने आगे कहा कि पूरा बंगाल ममता बनर्जी की विदाई करने के लिए तैयार है… सुवेंदु दा नंदीग्राम से लड़ना चाहते हैं। मैंने सुवेंदु दा से कहा था कि केवल नंदीग्राम ही नहीं बल्कि ममता बनर्जी के घर में जाकर उन्हें हराना है। ममता बनर्जी बंगाल में सरकार तो बना पाई थीं लेकिन ममता बनर्जी नंदीग्राम में सुवेंदु दा के सामने चुनाव हार गई थी। इस बार ममता बनर्जी पूरे बंगाल में भी हारेंगी और भवानीपुर में भी हारेंगी
उन्होंने जोर देकर कहा कि शुभेंदु अधिकारी का नामांकन बंगाल में टीएमसी के पतन की शुरुआत साबित होगा। शाह ने दावा किया कि उन्होंने पूरे बंगाल का दौरा किया है और हर जगह से एक ही आवाज सुनाई देती है- ममता बनर्जी को “बाय-बाय” कहने का समय आ गया है।
जनता चाहती परिवर्तन- शाह
इसके बाद गृहमंत्री अमित शाह ने टीएमसी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘टोलबाजी’ और गुंडागर्दी ने राज्य को पूरी तरह त्रस्त कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बम धमाकों की घटनाएं बढ़ रही हैं और बेरोजगारी के कारण युवा परेशान हैं। पूरे बंगाल की जनता मांग कर रही है कि महान पश्चिम बंगाल के अंदर अब परिवर्तन होना चाहिए। पीएम मोदी के नेतृत्व में यहां भाजपा की सरकार बननी चाहिए। पश्चिम बंगाल की सीमा को सील करके पश्चिम बंगाल और देश भर से घुसपैठियों को चुन-चुन कर देश से बाहर निकालना चाहिए।
ये भी पढ़ें- क्या देश सच में ‘वामपंथी उग्रवाद’ से मुक्त हो गया?
