West Bengal Bypoll: आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर ने शुक्रवार को कहा कि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में अपने बेटे की रेजीनगर उपचुनाव में करारी हार के बाद जिस मस्जिद का निर्माण करने का उन्होंने वादा किया था, उसे पूरा करने के बाद वह 10 साल के गोल्डन वीजा पर दुबई चले जाएंगे।

नौदा से विधायक कबीर ने कहा कि बाबरी मस्जिद की तर्ज पर बनी यह मस्जिद 6 दिसंबर 2028 तक बनकर तैयार हो जाएगी। इसकी आधारशिला 6 दिसंबर 2025 कोरेजीनगर में रखी गई थी।

रेजीनगर में हुमायूं कबीर के बेटे की हार

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, हुमायूं कबीर ने कहा, “मैं 10 साल के गोल्डन वीजा पर दुबई में रहूंगा।” एजेयूपी प्रमुख की ये टिप्पणियां रेजीनगर उपचुनाव में उनके बेटे की हार के तुरंत बाद आईं। मुर्शिदाबाद जिले के मुस्लिम बहुल निर्वाचन क्षेत्र रेजीनगर में बीजेपी ने एक बड़ी सफलता हासिल की, जहां उसके उम्मीदवार शंकराव सरकार ने आम जनता उन्नयन पार्टी के उम्मीदवार गुलाम नबी आजाद को 75816 वोटों से हराया।

यह जनता का जनादेश नहीं है- हुमायूं कबीर

कबीर ने यह भी दावा किया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और मुर्शिदाबाद जिला पुलिस अधिकारियों ने पिछले दो महीनों में यह सुनिश्चित करने के लिए काम किया कि भगवा पार्टी का उम्मीदवार उपचुनाव जीते। उन्होंने जोर देकर कहा, “यह जनता का जनादेश नहीं है, पुलिस प्रशासन का इस्तेमाल इस सीट पर बीजेपी की जीत सुनिश्चित करने के लिए किया गया था।”

रेजीनगर में भारतीय जनता पार्टी की जीत ने सभी का ध्यान अपनी तरफ खींचा है। ऐसा इस वजह से क्योंकि इस निर्वाचन क्षेत्र में मुस्लिम मतदाताओं की संख्या ज्यादा है। हालांकि, सीएम शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि परिणाम अल्पसंख्यक मतदाताओं के बीच बीजेपी के बढ़ते समर्थन को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मुसलमानों ने राजनीतिक सहयोग के लिए उनकी अपील का जवाब दिया और पार्टी के बारे में भ्रामक बयानों को खारिज कर दिया। मुख्यमंत्री ने कबीर पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी पर उनके हमलों ने मतदाताओं को उनसे दूर कर दिया है।

यह भी पढ़ें: नंदीग्राम से रेजीनगर तक बीजेपी का दबदबा, क्या पश्चिम बंगाल में मुस्लिम वोटरों ने दिया भाजपा का साथ?

बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की है। नंदीग्राम में उसने रिकॉर्ड जीत दर्ज की। इस जीत से पश्चिम बंगाल की राजनीति में उसका दबदबा साबित हुआ है। बीजेपी ने नंदीग्राम में रिकॉर्ड 1.22 लाख वोटों से जीत हासिल की है। बीजेपी ने वोटों की गिनती शुरू होने के बाद से अपनी बढ़त बनाए रखी। नंदीग्राम की सीट मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे से खाली हुई थी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…