Shehzad Poonawalla News: शहजाद पूनावाला ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। पूनावाला ने कहा कि उन्होंने आर्थिक और व्यक्तिगत मजबूरियों की वजह से इस्तीफा दिया है। साथ ही कांग्रेस पार्टी में जाने की संभावनाओं को उन्होंने खारिज कर दिया।

एनडीटीवी को दिए गए इंटरव्यू में शहजाद पूनावाला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सहित कोई भी सियासी दल अपने प्रवक्ताओं को वेतन नहीं देते हैं और उन्हें अपना गुजारा करना मुश्किल हो रहा था। शहजाद पूनावाला ने कहा, “मुझे किराया देना है। मेरा मकान मालिक मुझे फ्री में नहीं रहने देगा क्योंकि मैं बीजेपी से हूं। वह मुझसे हर महीने की पहली तारीख को किराया मांग रहा है। राजनीतिक दल कार्यकर्ताओं को वेतन नहीं देते हैं।”

कांग्रेस में जाने को लेकर क्या बोले शहजाद पूनावाला

कांग्रेस में वापस लौटने की संभावना को खारिज करते हुए शहजाद पूनावाला ने अपनी शर्तें बताईं, जिनके पूरा होने पर ही उनका मन बदल सकता है। पूनावाला ने चुटकी लेते हुए कहा, “मैं कांग्रेस में शामिल होऊंगा, लेकिन एक शर्त पर, राहुल गांधी को हटाओ, सोनिया गांधी को हटाओ, प्रियंका वाड्रा को हटाओ और नेहरू के कामों के लिए माफी मांगो।”

बीजेपी का काम मुझे सहारा देना नहीं- शहजाद पूनावाला

शहजाद पूनावाला ने कहा कि वह अभी भी पार्टी और प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “बीजेपी का काम मुझे या किसी अन्य कार्यकर्ता को सहारा देना नहीं है। देखिए, जब आप किसी राजनीतिक आंदोलन में शामिल होते हैं, तो यह कोई नौकरी नहीं होती। आप विचारधारा के प्रति प्रेम, व्यक्ति के प्रति प्रेम, संगठन के प्रति प्रेम आदि के कारण कार्यकर्ता बनते हैं। ये तीनों भावनाएं आज भी मुझमें मौजूद हैं।”

शहजाद पूनावाला ने बताया कि जहां ज्यादातर नेता ‘लेटा’ या ‘बेटा’ की श्रेणी में आते हैं, वहीं वह इनमें से किसी भी श्रेणी में नहीं आते थे और इसलिए उन्हें अपना गुजारा चलाने के तरीके तलाशने की जरूरत थी।

इस्तीफा अचानक नहीं था- पूनावाला

पूनावाला ने बार-बार इस बात पर जोर दिया कि उनका इस्तीफा अचानक नहीं था, बल्कि वह साल 2024 से ही इसके बारे में सोच रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ हफ्ते पहले जब उन्होंने पहली बार इस्तीफा देने की इच्छा जाहिर की थी, तब पार्टी नेतृत्व ने उनसे संपर्क किया था।

शहजाद पूनावाला ने कहा, “जिन लोगों को मुझसे संपर्क करना था, उन्होंने 30 जुलाई को ही मुझसे संपर्क कर लिया था और उससे भी बहुत पहले, जब मैंने उन्हें अपनी समस्याओं के बारे में बताया, तो उन्होंने मेरी मदद करने के लिए हर संभव प्रयास किया। लेकिन सच कहूं तो, मेरा अंतरात्मा इसकी इजाजत नहीं देती। बीजेपी मेरे लिए नौकरी का अवसर नहीं है। बीजेपी मेरे लिए वैचारिक अवसर है और बीजेपी की विचारधारा या मोदी जी के दृष्टिकोण के प्रति प्रतिबद्ध होने के लिए मुझे बीजेपी में किसी पद की आवश्यकता नहीं है।”

यह भी पढ़ें: शहजाद पूनावाला ने ‘दुबारा’ बीजेपी से दिया इस्तीफा, बताया क्या है पार्टी छोड़ने का कारण

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने 30 जुलाई को ही पार्टी से इस्तीफा दे दिया था, लेकिन वह स्वीकार नहीं हुआ। शहजाद पूनावाला के अनुसार पार्टी ने उनसे अपने इस्तीफे पर फिर से विचार करने के लिए कहा था। हालांकि अब एक बार फिर से उन्होंने पार्टी से त्यागपत्र दिया है और इसे स्वीकार करने का अनुरोध किया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…