इंडिगो की एक फ्लाइट में शनिवार को उस समय अजीबोगरीब घटना घटी जब एक यात्री ने लैंडिंग से कुछ मिनट पहले इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश की और बाद में दावा किया कि उस पर भूत का साया था। इंडिगो की फ्लाइट 6E-185 बेंगलुरु से वाराणसी के लिए रात करीब 8:15 बजे रवाना हुई। यात्रियों में उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले मोहम्मद अदनान भी शामिल थे।

अधिकारियों ने बताया कि उड़ान शुरू होने के महज 15 मिनट बाद ही अदनान ने इमरजेंसी गेट से छेड़छाड़ करने की कोशिश की। केबिन क्रू ने इस कोशिश को भांप लिया, उन्हें बताया गया कि यह एक गलती थी और यात्री को चेतावनी दी गई कि वह ऐसा दोबारा न करे। अदनान ने उड़ान के बाकी समय में सामान्य व्यवहार किया, लेकिन रात करीब 10:20 बजे तक, वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमान के उतरने से ठीक पहले, अदनान ने फिर से इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश की। अधिकारियों ने बताया कि केबिन क्रू द्वारा सूचित किए जाने पर पायलट ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए लैंडिंग का प्रयास रद्द कर दिया।

यह भी पढ़ें: जोखिम में पड़ी 161 यात्रियों की जान, दिल्ली एयरपोर्ट पर क्यों हुई इंडिगो विमान की इमरजेंसी लैंडिंग

अदनान की हरकत से सहम गए थे यात्री

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, विमान ने गो-अराउंड किया और रात 10.35 बजे लैंड किया। अधिकारियों ने बताया कि अदनान की हरकत से यात्री सहम गए थे और उन्होंने सुरक्षित लैंडिंग करने के लिए क्रेबिन क्रू को धन्यवाद दिया। प्रोटोकॉल के अनुसार, अदनान को तुरंत एयरलाइन के सुरक्षाकर्मियों और सीआईएसएफ के हवाले कर दिया गया। पुलिस को सूचना दी गई और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

एयरपोर्ट पर सुरक्षाकर्मियों और पुलिस अधिकारियों द्वारा पूछताछ के दौरान, अदनान ने पहले कहा कि उसे नहीं पता कि उसने ऐसा क्यों किया, और बाद में दावा किया कि उस पर भूत का साया था। पुलिस स्टेशन में पूछताछ के दौरान, उसने कहा कि वह गोवा में छुट्टियां बिताकर लौट रहा था और उसे नहीं पता था कि जिस हैंडल को वह खींच रहा था, वह इमरजेंसी गेट को खोलता है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “हमारी जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसके परिवार को, जो मऊ में रहता है, सूचित कर दिया गया है और वे वाराणसी के लिए रवाना हो रहे हैं।”