Mallikarjun Kharge Calls PM Modi Terrorist: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कहा। जब एक पत्रकार ने उनके इस बयान के पीछे का संदर्भ पूछा, तो कांग्रेस अध्यक्ष ने साफ किया कि उनका मतलब था कि पीएम मोदी जनता और राजनीतिक दलों को आतंकित कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री को कभी आतंकवादी नहीं कहा।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने मीडिया से बातचीत में कहा, “ये एआईएडीएमके के लोग, जिन्होंने खुद अन्नादुराई की तस्वीर लगाई है, वे मोदी से कैसे जुड़ सकते हैं? वह एक आतंकवादी है। उसकी पार्टी समानता और न्याय में विश्वास नहीं करती। इन लोगों का उनके साथ जुड़ना, इसका मतलब है कि वे लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं, वे अन्नादुराई, कामराज, पेरियार, कालियाग्नार, बाबासाहेब अंबेडकर के दर्शन को कमजोर कर रहे हैं।”

इसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में खड़गे ने सफाई दी। उन्होंने कहा, “वह (प्रधानमंत्री मोदी) जनता और राजनीतिक दलों को डरा रहे हैं। मैंने कभी नहीं कहा कि वह आतंकवादी हैं। मेरा मतलब यह है, मैं स्पष्ट करना चाहता हूं, कि मोदी हमेशा धमकी देते हैं। ईडी, आईटी और सीबीआई जैसी संस्थाएं उनके नियंत्रण में हैं। वह परिसीमन को भी अपने हाथ में लेना चाहते हैं। इसलिए मैंने उस संदर्भ में कहा कि वह जनता और राजनीतिक दलों को डरा रहे हैं। मैंने कभी नहीं कहा कि वह आतंकवादी हैं।”

माफी मांगनी चाहिए- पीयूष गोयल

भारतीय जनता पार्टी ने मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर हमला बोला है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने पोस्ट कर लिखा, “मुझे शर्म आती है कि कांग्रेस और डीएमके इतनी नीच हरकत पर उतर आए हैं कि वे भारत की जनता द्वारा लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहकर उनका अपमान कर रहे हैं। राहुल गांधी और एमके स्टालिन को प्रधानमंत्री और उन्हें वोट देकर सत्ता में लाने वाली जनता के इस घोर अपमान के लिए माफी मांगनी चाहिए।”

पीयूष गोयल ने कहा,”कांग्रेस और डीएमके ने इस बयान से 14 करोड़ भारतीयों को, जिनमें हमारे 8 करोड़ तमिल भाई-बहन भी शामिल हैं, अपमानित किया है। यह अपवित्र गठबंधन प्रधानमंत्री को निशाना बनाकर भारतीयों को आतंकवादी कह रहा है। प्रधानमंत्री पर इस तरह के व्यक्तिगत हमले उनके चुनावी भाग्य को नहीं बदलेंगे, जो उनके कुशासन से पीड़ित जनता के गुस्से से पहले ही तय हो चुका है।”

कांग्रेस पार्टी की सोची-समझी साजिश- संबित पात्रा

वहीं भारतीय जनता पार्टी के सांसद संबित पात्रा ने कहा कि यह बयान कांग्रेस की मानसिकता को दिखाता है। उन्होंने कहा, “यह न केवल निंदनीय है, बल्कि यह कांग्रेस पार्टी की मानसिकता को भी दर्शाता है। यह कोई जबान की फिसलन नहीं है। भले ही वह कोई सफाई दे रहे हों, लेकिन याद रखें कि यह कांग्रेस पार्टी की एक सोची-समझी साजिश है।”

संबित पात्रा ने कहा, “हर दिन, राहुल गांधी अपने भाषणों में प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करते हैं और आज, राहुल के इशारे पर, मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहा। यह वही कांग्रेस पार्टी है जो ओसामा बिन लादेन को ‘ओसामा जी’ कहती है। यह वही कांग्रेस पार्टी है जो बड़े-बड़े आतंकवादियों के साथ खड़ी नजर आती है, फिर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कहती है। यह वही कांग्रेस पार्टी है जो जाकिर नाइक को शांति का दूत कहती है। कांग्रेस पार्टी को याद रखना चाहिए कि जब भी कांग्रेस पार्टी ने प्रधानमंत्री का अपमान किया है, भारत की जनता ने उसे सजा दी है। इस बार भी, भारत की जनता इसका जवाब देगी।”