दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के बजाय पुलिस और सरकारी अधिकारी ही इसमें शामिल हैं। सिरसा ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल से हाथ जोड़कर अपील करते हुए कहा कि दिल्ली को फिर से बर्बाद ना करें।
मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिरसा ने कहा कि पंजाब में पराली जलाने की 1000 से ज्यादा घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लेकिन इसके बावजूद केवल 271 FIR अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज की गई हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब इतनी बड़ी संख्या में खेतों में आग लगने की घटनाएं हो रही हैं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही।
मनजिंदर सिंह सिरसा ने आरोप लगाया, ”पंजाब पुलिस पराली में आग लगा रही है। पंजाब पुलिस और सरकार के अधिकारी पराली जलाने की घटनाओं को बढ़ावा दे रहे हैं।” इस दौरान उन्होंने पराली जलाने की घटनाओं से जुड़े कुछ वीडियो भी दिखाए।
‘हाथ जोड़कर केजरीवाल से विनती करता हूं’
सिरसा ने अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया पर दिल्ली की सत्ता गंवाने के बाद राजनीतिक बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “मैं अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया से हाथ जोड़कर विनती करता हूं कि दिल्ली को बर्बाद मत कीजिए। जिस दिल्ली को आपने 10 साल तक बर्बाद किया, वह अब धीरे-धीरे सुधरने लगी है। कृपया इसे दोबारा बर्बाद मत कीजिए।”
उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग हर दिन प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं और सरकार भी वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सिरसा ने दावा किया कि राजधानी में 13000 से ज्यादा चार्जिंग स्टेशन बनाए गए हैं और लोग इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर बढ़ रहे हैं।
पंजाब में 1612 पराली जलाने की घटनाएं
भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI) के आंकड़ों के मुताबिक, 2 नवंबर को सात राज्यों में पराली जलाने की कुल 219 घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें पंजाब में सबसे ज्यादा 98 घटनाएं सामने आईं। राजस्थान में 67, मध्य प्रदेश में 48, उत्तर प्रदेश में चार और हरियाणा में दो घटनाएं दर्ज की गईं।
वहीं 15 सितंबर से 2 नवंबर के बीच सात राज्यों में पराली जलाने की कुल 3535 घटनाएं सामने आईं। इनमें अकेले पंजाब में 1612 घटनाएं दर्ज की गईं।
दिल्ली का AQI 400 पार
दिल्ली में मंगलवार सुबह एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच गया। इससे पहले सोमवार को वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के दूसरे चरण यानी GRAP-II के तहत पाबंदियां लागू कर दीं। मौसम के पूर्वानुमान में भी चेतावनी दी गई है कि पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने से उठने वाला धुआं अगले दो से तीन दिनों में दिल्ली-NCR की हवा को प्रभावित कर सकता है।
सिरसा ने दावा किया कि दिल्ली ने इस साल अक्टूबर में पिछले एक दशक की सबसे साफ हवा दर्ज की। उनके मुताबिक, 2026 में NCR में 220 स्वच्छ वायु दिवस दर्ज किए गए जो पिछले 10 वर्षों में सबसे ज्यादा हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस साल औसत AQI में पिछले वर्षों के मुकाबले 10 फीसदी का सुधार हुआ है।
प्रदूषण के आंकड़ों में हेरफेर का भी लगाया आरोप
सिरसा ने पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अध्यक्ष रीना गुप्ता की नियुक्ति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP ने दिल्ली की अपनी प्रवक्ता और केजरीवाल की करीबी सहयोगी को पंजाब में इस अहम पद पर नियुक्त किया है जबकि उनके पास तकनीकी पृष्ठभूमि नहीं है।
सिरसा ने दावा किया कि इस नियुक्ति का मकसद प्रदूषण के वास्तविक आंकड़ों को छिपाना और उनमें हेरफेर करना है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पंजाब सरकार ने पराली जलाने की समस्या खत्म होने का दावा करने वाले विज्ञापनों पर 20-25 करोड़ रुपये खर्च किए।
AAP ने दिल्ली सरकार पर उठाए सवाल
वहीं AAP की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने BJP सरकार पर पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में AQI मॉनिटरिंग स्टेशन ऐसे इलाकों में लगाए गए हैं जहां हरियाली ज्यादा और ट्रैफिक कम है। इनमें जंगल और संस्थागत परिसर भी शामिल हैं।
भारद्वाज ने सवाल उठाया कि जब आम लोग प्रदूषण महसूस कर रहे हैं तो सरकारी आंकड़ों में हवा की गुणवत्ता बेहतर कैसे दिखाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मॉनिटरिंग स्टेशनों की लोकेशन के जरिए प्रदूषण के वास्तविक स्तर को कम करके दिखाया जा रहा है।
इस तरह दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के बीच BJP और AAP के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। जहां सिरसा ने पंजाब में पराली जलाने को दिल्ली की खराब होती हवा की बड़ी वजह बताया। वहीं AAP ने दिल्ली सरकार के प्रदूषण निगरानी तंत्र की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए हैं।
