Four Stars of Destiny Controversy: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण के कथित प्रसार को लेकर दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर और इसके प्रकाशक पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया द्वारा जारी सफाई पर रिएक्शन दिया है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संसद के बाहर पत्रकारों से कहा, “या तो नरवणे झूठ बोल रहे हैं या फिर पेंगुइन प्रकाशन कंपनी। मुझे नहीं लगता कि पूर्व सेना प्रमुख झूठ बोलेंगे। पेंगुइन का कहना है कि किताब प्रकाशित नहीं हुई है, लेकिन किताब अमेज़न पर उपलब्ध है।” राहुल गांधी ने आगे कहा, “जनरल नरवणे ने ट्वीट किया है, ‘प्लीज 2023 में मेरी किताब खरीदें।’ मैं पेंगुइन के बजाय नरवणे जी पर विश्वास करता हूं। क्या आप नरवणे जी के बजाय पेंगुइन पर विश्वास करते हैं।”

आपको तय करना है कौन सच बोल रहा- राहुल गांधी

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि संस्मरण की सामग्री मौजूदा विवाद की वजह हो सकती है। राहुल गांधी ने कहा, “मेरा मानना ​​है कि नरवणे जी ने अपनी पुस्तक में कुछ ऐसे बयान दिए हैं जो भारत सरकार और प्रधानमंत्री के लिए असुविधाजनक हैं। जाहिर है, आपको यह तय करना होगा कि पेंगुइन या पूर्व सेना प्रमुख में से कौन सच बोल रहा है।”

पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने जारी किया बयान

पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने एक बयान जारी किया है। पीआरएचआई ने दावा किया कि संस्मरण ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ के प्रकाशन के अधिकार उनके पास है और किताब अभी तक आधिकारिक तौर पर जारी नहीं की गई है। प्रकाशक ने साफ किया कि किताब का प्रकाशन अभी तक नहीं हुआ है। कंपनी ने आगे कहा कि किताब की कोई भी कॉपी किसी भी तरह उपलब्ध नहीं कराई गई है। पेंगुइन ने चेतावनी दी कि संस्मरण का कोई भी संस्करण कॉपीराइट उल्लंघन के बराबर होगा। इसमें कहा गया है, “किताब की कोई भी कॉपी, डिजिटल, पीडीएफ या किसी भी तरह से हो, ऑनलाइन या ऑफलाइन, किसी भी प्लेटफॉर्म पर प्रचलन में है, वह पीआरएचआई के कॉपीराइट का उल्लंघन है और इसे तत्काल बंद किया जाना चाहिए।” पूरा बयान पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया मामला

इस बीच, दिल्ली पुलिस ने अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और न्यूज फोरम पर मिली जानकारी का संज्ञान लिया है। इसमें दावा किया गया कि किताब फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी की एक प्री-प्रिंट कॉपी फैलाई जा रही है और स्पेशल सेल ने इस संबंध में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है।

बता दें कि पिछले हफ्ते राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर लोकसभा में अपने भाषण के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा पूर्व भारतीय सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की अप्रकाशित पुस्तक से कोट करने के प्रयास के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। सत्ता पक्ष ने उनके इस कथन का कड़ा विरोध किया।