जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी कमल सिंह ने बड़ा खुलासा किया है। आरोपी कमल सिंह ने कहा, “मैंने किसी के कहने पर गोली नहीं चलाई। मैंने अपनी मर्ची से गोली चलाई।” आरोपी ने यह बातें उस वक्त कहीं, जब जम्मू-कश्मीर पुलिस उसको मेडिकल के लिए ले जा रही थी।
जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ़्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला पर बुधवार शाम को एक शादी समारोह में ‘जानलेवा हमला’ हुआ था। उनके साथ जम्मू-कश्मीर के डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी भी थे। दोनों इस हमले में बाल-बाल बच गए।
सोशल मीडिया पर घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसे फारूक अब्दुल्ला के बेटे और मौजूदा मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने भी शेयर किया है। इस वीडियो में एक शख्स फारूक अब्दुल्ला के बिल्कुल नज़दीक जाते हुए दिख रहा है। उसके हाथ में पिस्तौल भी दिख रही है। इसके तुरंत बाद फारूक अब्दुल्ला के सुरक्षाकर्मी और वहां मौजूद लोग हमलावर को काबू करते दिख रहे हैं।
फारूक अब्दुल्ला ने क्या बताया?
फारूक अब्दुल्ला ने बाद में पत्रकारों का बताया कि गोलियां चलने की आवाज को उन्होंने पटाखों की आवाज समझा था, लेकिन सिक्योरिटी वालों ने बताया था कि एक शख्स ने उन पर दो गोलियां चलाई थीं। फारूक अब्दुल्ला ने बाद में इस घटना के बारे में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया, “आवाज़ (गोली चलने की) मेरे कान के पास आई। मुझे लगा कि पटाखे की आवाज है, जिसे लोग शादियों में चलाते हैं। मुझे गर्दन और कान के पास गर्मी महसूस हुई। सिक्योरिटी वालों ने मुझे गाड़ी में बिठाया। उन्होंने बताया कि एक शख़्स ने मुझ पर दो गोलियां चलाई थीं। सिक्योरिटी वालों ने उसका हाथ खींच लिया, जिससे उसका हाथ ऊपर उठ गया।”
जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम ने कहा कि वो हमला करने वाले शख्स को नहीं जानते। उन्होंने कहा कि जिस शख़्स ने गोली चलाई, उसके बारे में उन्हें कुछ भी पता नहीं है। उन्होंने कहा कि उनके बेटे और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि अल्लाह का शुक्र है कि मेरे पिता बाल-बाल बच गए।
समाचार एजेंसी पीटीआई ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के हवाले से कहा है कि फ़ारूक़ अब्दुल्ला की जान लेने की कोशिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया गया है। हमलावर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
उमर अब्दुल्ला ने क्या कहा?
उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “अल्लाह मेहरबान है। मेरे पिता बाल-बाल बच गए। इस समय घटना की पूरी जानकारी साफ़ नहीं है, लेकिन इतना पता है कि एक व्यक्ति भरी हुई पिस्तौल लेकर बिल्कुल नज़दीक तक पहुंच गया और उसने गोली चला दी।” उन्होंने लिखा, “सिर्फ़ नज़दीकी सुरक्षा टीम की सतर्कता की वजह से गोली का रुख़ बदल गया और हत्या की कोशिश नाकाम हो गई। फिलहाल जवाबों से ज़्यादा सवाल हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि ज़ेड प्लस और एनएसजी सिक्योरिटी हासिल एक पूर्व मुख्यमंत्री के इतना क़रीब कोई व्यक्ति हथियार लेकर कैसे पहुंच गया।”
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस ने बताया कि फारूक अब्दुल्ला जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में स्थित रॉयल पार्क में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। उसी दौरान उन पर हमला करने की कोशिश की गई। पुलिस ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि जब फारूक अब्दुल्ला शादी समारोह में मौजूद थे, तभी उनकी जान लेने की कोशिश की गई। उनकी सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई की, हमले को विफल कर दिया और आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी जम्मू का रहने वाला है।
भगवान ने मुझे बचा लिया- फारूक अब्दुल्ला
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला पर जानलेवा हमले के बाद उनकी पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। गुरुवार (12 मार्च) नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष ने कहा, “भगवान ने मुझे बचा लिया।” पढ़ें पूरी खबर।
