कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन में शामिल होने आए यूट्यूबर ध्रुव राठी ने रविवार शाम को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने मीडिया के सवालों का खुलकर जवाब दिया। राठी ने साफ किया कि वह किसी राजनीतिक दल से जुड़ने नहीं आए हैं। पॉलिटिक्स ज्वाइन नहीं करनी है मुझे।

ध्रुव राठी ने कहा कि व्यक्तिगत रूप से इस आंदोलन से जुड़े हैं और राजनीति में शामिल नहीं होना चाहते। हालांकि, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और देश की संस्थाओं की स्वतंत्रता से जुड़े मुद्दों को उन्होंने गंभीर बताया।

राठी ने आगे कहा कि केवल वीडियो बनाकर अपनी बात रखने के बजाय इस बार उन्हें जमीन पर उतरकर विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वह कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़े नहीं हैं और व्यक्तिगत हैसियत से इस मुद्दे पर आए हैं।

उन्होंने आगे कहा कि कई पॉलिटिकल पार्टियां इस मुद्दे को उठा रही हैं, तो यह उनकी राजनीतिक भूमिका है। राठी ने कहा कि इस मामले को अदालत को भी देखना चाहिए कि देश की संस्थाओं के पास कितनी स्वतंत्रता और अधिकार हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से मीडिया, न्यायपालिका और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं पर दबाव होने के आरोप लगते रहे हैं। उन्होंने अपनी बात में दो लोगों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उन पर देश की संस्थाओं को अपने प्रभाव में लेने की बात कही जाती है।

राठी ने कहा कि जब मैं डिटेंशन में था, तब पुलिस वालों ने मुझे बताया कि कितना दबाव उन पर पड़ता है। डिटेंशन के बाद मुझे यह फील हुआ कि मैं तो यहां 24 घंटे के लिए प्रिजनर था। यह बेचारे (पुलिस वाले) तो पूरे साल भर के लिए प्रिजनर हैं। यह पूरी लाइफ कैदी की तरह जी रहे हैं। उनसे कितना ज्यादा काम कराया जाता है। राठी ने पुलिसकर्मियों पर काम के बोझ और उनकी तनख्वाह को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि उनकी परिस्थितियों को देखकर उन्हें पुलिसकर्मियों के प्रति सहानुभूति महसूस हुई।

उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर अलग-अलग दिन अलग-अलग दलों के प्रदर्शन करने के बजाय सभी को मिलकर विरोध करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के बीच आपसी मतभेद और अहम के मुद्दे हो सकते हैं, लेकिन गंभीर विषय पर सबको एक साथ आना चाहिए।

राठी ने कहा कि सभी राजनीतिक दलों और आम पब्लिक के संयुक्त प्रदर्शन से ही दबाव बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वह आगे होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने की संभावना पर विचार कर रहे हैं। राठी ने यह भी आरोप लगाया कि उनके घर के आपपास 50 लोग तैनात है। यह लोग 24 घंटे उनकी तस्वीरें लेते हैं और उनकी गतिविधियों पर नजर रखते हैं।

कौन हैं ध्रुव राठी? ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन से पहले ही हिरासत में लिए गए यूट्यूबर

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ध्रुव राठी की भारी डिजिटल फैन फॉलोइंग है, जिसमें इंस्टाग्राम पर 19.2 मिलियन, एक्स पर 3.3 मिलियन और यूट्यूब पर 33 मिलियन सब्सक्राइबर शामिल हैं। इस बीच, सुरक्षा कारणों और प्रक्रियात्मक आवश्यकताओं का हवाला देते हुए दिल्ली पुलिस ने पहले ही इस प्रदर्शन के लिए अनुमति देने से इनकार कर दिया था। पढ़ें पूरी खबर।