West Bengal Election News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बंगाल में एक चुनावी रैली के दौरान घोषणा की कि 4 मई को चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव परिणाम घोषित होने पर मिठाइयां और साथ ही झालमुड़ी बांटी जाएगी।

पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर में पीएम मोदी ने कहा, “कुछ दिनों पहले, केरलम, असम और पुडुचेरी में भी मतदान संपन्न हुआ है। वहां पर भी रिकॉर्ड मतदान हुआ है। पहले भी हमने देखा है देश में जहां-जहां भी रिकॉर्ड मतदान हुआ है, वहां पर बीजेपी को प्रचंड विजय मिली है। चार मई को बंगाल में भी बीजेपी की विजय का जश्न होगा। मिठाई भी बंटेगी और झालमुड़ी भी बांटी जाएगी। वैसे मैंने सुना है कि झालमुड़ी ने भी कुछ लोगों ने झन्नाटेदार झटका दिया है। झालमुंड़ी मैंने खाई, लेकिन झाल टीएमसी को लगी है।”

टीएमसी ने बंगाल की महिलाओं का हक छीन लिया- पीएम मोदी

पीएम नरेंद्र मोदी ने टीएमसी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, “टीएमसी और इन सारे दलों का महिला विरोधी चेहरा एक बार फिर खुलकर सामने आ गया। अभी कुछ दिन पहले संसद में जो कुछ हुआ, वो आप सबने देखा है। भाजपा सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रस्ताव लेकर संसद में आई थी, लेकिन टीएमसी ने इसके खिलाफ वोटिंग की, टीएमसी ने बंगाल की महिलाओं का हक छीन लिया।”

टीएमसी गुंडों को संरक्षण दे रही है- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मुझे बदलाव की एक लहर महिलाओं के नेतृत्व में नजर आ रही है, क्योंकि इस असंवेदनशील सरकार की सबसे बड़ी शिकार महिलाएं ही हैं। आरजी कार और संदेशखाली जैसी घटनाएं दिखाती हैं कि टीएमसी बलात्कारियों और गुंडों को संरक्षण दे रही है। हमारी माताओं और बेटियों को जिस तरह से परेशान किया गया है, वह महिलाएं कभी नहीं भूलेंगी।”

पीएम मोदी ने कहा, “अब और तानाशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वे पिछले 15 वर्षों से कुप्रथा करते आ रहे हैं, लेकिन अब और नहीं। बंगाल ने तीन दशकों तक वामपंथियों के कुशासन को सहा, और फिर टीएमसी को तीन मौके दिए। अब केंद्र में भाजपा के 11 वर्षों के शासन की तुलना पश्चिम बंगाल में टीएमसी के 15 वर्षों के शासन से करें। हमने पीएम आवास योजना, जन धन खाते, लखपति दीदी, आयुष्मान कार्ड और पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं लागू कीं। सूची लंबी है, और अगर हम एक दिन तक गिनते रहें, तो भी कई योजनाएं छूट जाएंगी। लेकिन टीएमसी ने सिर्फ झूठे वादे किए हैं।”

10-20 रुपये में मिलने वाली झालमुड़ी

पश्चिम बंगाल चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का झालमुड़ी खाना चर्चा का विषय बन गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 24 घंटे के अंदर पीएम मोदी के उस वीडियो को 100 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिले। जिस झालमुड़ी का स्वाद पीएम मोदी ने चखा, पश्चिम बंगाल के साथ भारत के कई दूसरे राज्यों में ये लोगों का पसंदीदा स्नैक है। बात चाहे उत्तर प्रदेश की हो, पंजाब की हो, झारखंड की हो या फिर ओडिशा, अलग-अलग नामों से प्रचलित यह स्नैक वहां भी खूब खाया जाता है। पढ़ें पूरी खबर…