Delhi Dehradun Expressway News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को 12 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से बने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का शुभारंभ किया। 210 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर के खुलने से अब दिल्ली से देहरादून की दूरी 6.5 घंटे का मात्र ढाई घंटे रह जाएगी। इस दौरान पीएम मोदी ने एक रोड शो भी किया।

दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन कर पीएम ने विशाल जनसभा को संबोधित किया। इसमें पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश और दिल्ली में आयोजित कार्यक्रमों से जुड़े सभी लोगों से भी माफी मांगी। पीएम मोदी ने कहा, “मैं आप सभी से क्षमा चाहता हूं। उत्तर प्रदेश और दिल्ली के कार्यक्रम से जुड़े लोगों से भी मैं क्षमा मांगता हूं। मुझे यहां पर पहुंचने में एक घंटे से भी ज्यादा देर हो गई। आप सभी को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।”

पीएम मोदी ने देरी का बताया कारण?

पीएम मोदी ने आगे कहा, “कारण यही था कि मैं निकला तो समय पर ही था, लेकिन करीब-करीब 12 किलोमीटर का रोड शो, काली मंदिर से लेकर यहां तक इतना उत्साह और इतनी उमंग देखने को मिली कि मेरे लिए तेज गति से गाड़ी चलाना बड़ा मुश्किल हो गया। धीरे-धीरे लोगों को प्रणाम करते-करते यहां पर पहुंचने में मुझे एक घंटे से भी ज्यादा देर हो गई। इसके लिए मैं आपसे क्षमा मांगता हूं।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “इस भीषण गर्मी में, 12 किलोमीटर से अधिक की दूरी में फैली इस विशाल भीड़ में, उत्तराखंड के प्रति इस प्रेम और माताओं एवं बहनों के आशीर्वाद से, मैं उत्तराखंड से एक नई ऊर्जा और प्रेरणा लेकर जा रहा हूं। मैं सभी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं।”

पीएम मोदी ने कहा, “यह इकोनॉमिक कॉरिडोर प्रगति के नए द्वार हैं, गेटवे हैं, डोर हैं। इनसे उम्मीदों की डोर भी जुड़ी हुई है। यह इकोनॉमिक कॉरिडोर सड़क के अलावा नए-नए व्यापार और कारोबार का मार्ग बनाते हैं, गोदामों और फैक्ट्रियों के लिए आधार तैयार करते हैं। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से भी इस पूरे क्षेत्र का कायाकल्प होने जा रहा है।”

संसद ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “चार दशकों के इंतजार के बाद संसद ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया था। इससे लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण तय हो गया है। सभी दलों ने आगे आकर इस महत्वपूर्ण कानून का समर्थन दिया। महिलाओं को जो यह हक मिला है, इस हक को लागू होने में देरी नहीं होनी चाहिए। यह लागू होना चाहिए। 2029 में लोकसभा के चुनाव होंगे और उसके बाद विधानसभा के भी चुनाव आते रहेंगे। 2029 से पहले यह लागू हो जाना चाहिए। यह देश की भावना है। यह नारी शक्ति की इच्छा है।”

छह के बजाए ढाई घंटे में पूरा होगा 213 किमी का सफर

इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद दिल्ली-एनसीआर में ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे व अन्य हाईवे पर भी यातायात का दबाव घटेगा। इस एक्सप्रेसवे को नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने बनाया है। पढ़ें पूरी खबर…