असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा है कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि बीजेपी की असम इकाई के X हैंडल से कोई विवादित वीडियो शेयर किया गया। इस AI वीडियो को लेकर काफी विवाद हुआ था और बाद में इसे हटा दिया गया था।
इस AI वीडियो में हिमंता बिस्वा सरमा को टोपी पहने हुए दो लोगों पर राइफल ताने हुए दिखाया गया था। इन दो लोगों में से एक का चेहरा कांग्रेस के सांसद गौरव गोगोई से मिलता-जुलता था।
वीडियो के अंत में उन्हें काउबॉय की तरह कपड़े पहने और बंदूक लहराते हुए दिखाया गया।
मुख्यमंत्री सरमा ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी द्वारा हैदराबाद में इस वीडियो को लेकर पुलिस के सामने दर्ज कराई गई किसी शिकायत की भी जानकारी उन्हें नहीं है।
असम बीजेपी के AI वीडियो पर विवाद
ओवैसी ने की कार्रवाई की मांग
एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने वीडियो को लेकर सोमवार को हैदराबाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और मामले में असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग की। सरमा ने कहा, ”अगर मेरे खिलाफ कोई मामला दर्ज किया गया है, तो मुझे गिरफ्तार कर लीजिए। मुझे कोई आपत्ति नहीं है। मैं जेल जाने के लिए तैयार हूं। मैं हमेशा अपने शब्दों पर कायम रहूंगा। मैं बांग्लादेशी घुसपैठियों का विरोधी हूं और हमेशा रहूंगा।”
इससे पहले सरमा ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई से पाकिस्तान के रावलपिंडी जिले की उनकी यात्रा को लेकर स्पष्टीकरण देने को कहा। सरमा ने कहा कि उनके वीजा में स्पष्ट रूप से केवल लाहौर, कराची और इस्लामाबाद की यात्रा की अनुमति थी।
पत्नी के साथ गए थे गौरव गोगोई
इस आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई ने कहा कि उन्होंने अनुमति लेकर ही अपनी पत्नी के साथ पाकिस्तान के तक्षशिला का दौरा किया था। गोगोई ने पत्रकारों को बताया कि उनकी पत्नी 2013 में काम के सिलसिले में पाकिस्तान गई थीं और वह उसी साल दिसंबर में पड़ोसी देश की 10 दिवसीय यात्रा पर उनके साथ गए थे।
सरमा और गौरव गोगोई के बीच जुबानी जंग जारी है, जिसमें सरमा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस नेता और उनके परिवार के पाकिस्तान से संबंध हैं।
यह भी पढ़ें- क्या असम में बीजेपी को सत्ता से बाहर कर पाएगी कांग्रेस, क्या हैं चुनौतियां?
