West Bengal News: तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने पुलिस अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है। उनका आरोप है कि कुछ पुलिस अधिकारी, शुभेंदु अधिकारी को खुश करने और अपनी पसंद की जगह पर ट्रांसफर पाने के लिए टीएमसी कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसा रहे हैं।
गुरुवार को इस मुद्दे को उठाते हुए अभिषेक ने कहा कि वह ऐसे पुलिस अधिकारियों की एक लिस्ट तैयार कर रहे हैं जो विपक्षी दल के इशारे पर काम कर रहे हैं। टीएमसी सांसद ने आगे चेतावनी दी कि अगर भविष्य में सरकार बदलती है, तो इनमें से किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
मैं नामों की लिस्ट तैयार कर रहा हूं- अभिषेक बनर्जी
अभिषेक ने कहा, “मैं नामों की एक लिस्ट तैयार कर रहा हूं। अगर सरकार बदली, तो किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।” उन्होंने आगे कहा कि ऐसे अधिकारियों को दो साल के अंदर इसके परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम मेदिनीपुर का एक आईपीएस अधिकारी भी तृणमूल कार्यकर्ताओं को निशाना बना रहा है, जबकि अभिषेक के अनुसार, इसी अधिकारी ने पहले उन्हें पार्टी की चुनावी संभावनाओं के लिए बधाई दी थी।
सीएम शुभेंदु अधिकारी पर साधा निशाना
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पर निशाना साधते हुए और कानून लागू करने वाली एजेंसियों पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि कोई भी अधिकारी जवाबदेही से ऊपर नहीं है।
ईडी, सीबीआई और कोलकाता पुलिस की चालें देख रहे हैं- अभिषेक बनर्जी
अभिषेक बनर्जी ने कहा, “हम पिछले पांच महीनों से ईडी, सीबीआई और कोलकाता पुलिस की चालें देख रहे हैं। हमारा स्टैंड पहले दिन से ही साफ रहा है, भ्रष्टाचार में शामिल किसी भी व्यक्ति के लिए कानून को अपना काम करना चाहिए। जो लोग टीएमसी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हैं, वे खुद कैमरे पर रिश्वत लेते हुए पकड़े गए थे। इसके अलावा, उनके परिवार के सदस्य 19 लोगों की दुखद मौत (चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल भगदड़) के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं।” ममता बनर्जी के भतीजे ने कहा, “सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार, मैं इसे अंतरिम सरकार कहता हूं। विधायक, मुख्यमंत्री और पूरी सरकार सिर्फ अंतरिम क्षमता में काम कर रही है।”
यह भी पढ़ें: अभिषेक बनर्जी की बढ़ीं मुश्किलें, बंगाल उपचुनाव पर भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में FIR दर्ज
पश्चिम बंगाल पुलिस ने शनिवार को तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी पर रेजिनगर उपचुनाव के बारे में सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाने के आरोप में केस दर्ज किया है। रेजिनगर में बीजेपी के शंखनाद सरकार ने आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) को 75,691 वोटों से हराया है। शुक्रवार को गिनती के दिन अभिषेक बनर्जी ने X पर पोस्ट किया था कि बूथ नंबर 109, रेजिनगर AC पर रजिस्टर्ड वोटर 772 है जबकि BJP को कथित तौर पर 909 मिले हैं। नॉर्थ कोरिया भी इस चुनावी गणित को समझाने में मुश्किल महसूस करेगा। उन्होंने कहा कि मिस्टर ज्ञानेश कुमार, एक बूथ पर एक पार्टी को उसके पूरे वोटरों से ज़्यादा वोट कैसे मिलते हैं? यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
