PM Narendra Modi Attended IIT Delhi Convocation: आईआईटी दिल्ली के दीक्षांत समारोह में शनिवार को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने संस्थान से पढ़ाई पूरी करने वाले छात्र-छात्राओं को डिग्री और मेडल प्रदान किए। इस मौके पर एक अवसर ऐसा भी आया जब उनकी बात सुनकर सारे छात्र-छात्राएं हंसने लगें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, “आप सभी और सारे स्टूडेंट्स इस कार्यक्रम में उपस्थित हैं, लेकिन मन के किसी और कोने में कुछ और चल रहा होगा। मैं तो बाबा बागेश्वर नहीं हूं। लेकिन कुछ तो चलता होगा। हर एक छात्र के मन में आने वाले कल की अपनी-अपनी तस्वीर होगी। कई छात्र अपनी पहली सैलरी का इंतजार कर रहे होंगे। कोई नए शहर में नई शुरुआत की तैयारी में होगा। कई साथी अपने पहले स्टार्टअप का सपना देख रहे होंगे। किसी ने प्रतियोगी परीक्षा का लक्ष्य बनाया होगा। हर किसी का रास्ता अलग है।”
आप सब टीचर के प्रति आभारी होंगे- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “इन भावुक पलों में मैं एक बात आपसे जरूर कहूंगा। जब जब जीवन आपको पीछे मुड़कर देखने का अवसर देगा, तो ये कैंपस लाइफ, आपके दोस्त, टीचर्स, मेंटर्स और सपोर्ट स्टाफ जो आपका परिवार बन गए, आपके प्रोफेसर जिन्होंने आप जैसी प्रतिभाओं को गढ़ने की जिम्मेदारी उठाई और आपका ये इंस्टी जो धीरे-धीरे आपका घर बन गया। आप अपनी हर सक्सेस में इन सबको याद करेंगे, इन सबके लिए आभारी होंगे।”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “हमें आप पर भरोसा है। देश को आपकी जरूरत है।” उन्होंने कहा कि हर पीढ़ी की राष्ट्रीय जिम्मेदारी होती है और युवाओं के लक्ष्यों में देश का समग्र विकास शामिल होना चाहिए। उन्होंने कहा, “आप सभी जानते हैं कि हर पीढ़ी अपने समय की विशिष्ट चुनौतियों का सामना करती है और अपनी राष्ट्रीय जिम्मेदारी भी निभाती है। अगले 30 से 35 वर्षों में आप जो कुछ भी करेंगे, वह ‘विकसित भारत’ की ओर हमारी यात्रा को प्रभावित करेगा। इसलिए, आपके द्वारा लिए गए हर निर्णय का आधार यह होना चाहिए: इससे देश को क्या लाभ होगा? इससे देश की कौन सी आवश्यकताएं पूरी होंगी।”
आज दुनिया तेजी से बदल रही है- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, “आज दुनिया तेजी से बदल रही है। कोई नहीं कह सकता कि 20-30 साल बाद क्या होगा। लेकिन यह बदलती दुनिया और तकनीक नए अवसर लाएगी, और जो सीखेगा वही सफल होगा। जो लोग नई परिस्थितियों और चुनौतियों के लिए खुले मन से तैयार रहते हैं, वे चुनौतियों को अवसरों में बदल देते हैं। यही आपने IIT दिल्ली में सीखा है।”
दुनिया में प्रौद्योगिकी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही- प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज की तेजी से बदलती दुनिया में प्रौद्योगिकी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि जो लोग इन परिवर्तनों के अनुरूप खुद को ढाल लेंगे, वे अंततः विजयी होंगे। उन्होंने कहा, “वैश्विक रणनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहा है। तकनीकी प्रगति की गति के कारण वैश्विक शक्ति संतुलन लगातार विकसित हो रहा है। कोई भी निश्चित रूप से नहीं कह सकता कि अगले 20 या 30 वर्षों में दुनिया कैसी होगी। दुनिया, प्रौद्योगिकी, उद्योग और पेशे सभी विकसित होंगे। लेकिन इन सब के बीच एक बात याद रखें: जो सीखते रहेंगे, वही सफल होंगे।”
यह भी पढ़ें: ‘एक ऐसी सुबह जिसे मैं हमेशा संजो कर रखूंगा’, राघव चड्ढा ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की
भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। उन्होंने इस मुलाकात को विस्तृत और ज्ञानवर्धनक बातचीत बताते हुए कहा कि यह एक ऐसी सुबह थी जिसे वह हमेशा याद रखेंगे। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
