हैदराबाद की एक यूट्यूबर ने प्रेम संबंधों के चलते आत्महत्या कर ली। सोमवार को तेलंगाना के हैदराबाद में अपने किराए के घर में मृत पाई जाने से संभवतः कुछ घंटे पहले, 21 साल की यूट्यूबर बोनू कोमाली ने अपनी डायरी में लिखा था कि वह अभी भी उस व्यक्ति का इंतजार कर रही है जिसके साथ वह तीन साल से रिलेशन में थी।
कोमाली के नोट में लिखा था, “मुझे आगे बढ़ने से डर लगता है क्योंकि अगर वो वापस आ गया तो क्या होगा? मुझे पता है मुझे उसे जाने देना चाहिए, मुझे पता है वो मेरा नहीं है, मुझे पता है वो रुकने की कोशिश भी नहीं कर रहा है। लेकिन, मेरे मन का एक हिस्सा अब भी इंतज़ार करता है, अब भी उम्मीद रखता है, अब भी कल्पना करता है कि एक दिन वो मुझे चुन लेगा।” उसने लिखा कि आगे बढ़ना नामुमकिन सा लगता है क्योंकि जब वो आखिरकार चली जाएगी तो क्या होगा अगर वो वापस मुड़कर मुझे ढूंढने लगे।
यूट्यूबर कोमाली अपार्टमेंट में फांसी पर लटकी हुई पाई गई
आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम की निवासी कोमाली एक अपार्टमेंट में फांसी पर लटकी हुई पाई गई। यहां वह हैदराबाद के एक प्राइवेट कॉलेज में बीएससी की पढ़ाई करते हुए लगभग 11 महीनों से अकेले रह रही थी। पुलिस के मुताबिक, कोमाली का 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर और साथी यूट्यूबर के साथ तीन साल का रिश्ता था लेकिन खबरों के अनुसार दोनों अलग हो गए थे। आरोप है कि उसने 6 महीने पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया था।
सोमवार सुबह अपनी मां को भेजे गए मैसेज में कोमाली ने लिखा कि मम्मी, मैं आपसे बहुत प्यार करती हूं। उसने अपने छोटे भाई का ख्याल रखने के लिए भी कहा। जब कोमाली को फोन करने पर कोई जवाब नहीं मिला तो उसकी मां ने एक दोस्त को सूचना दी, जो दोपहर में उसके फ्लैट पर पहुंचा। पुलिस द्वारा उसके अपार्टमेंट का दरवाजा तोड़कर तलाशी लेने पर घटनास्थल के पास एक सीढ़ी और एक साड़ी मिली।
पुलिस ने संदिग्ध मौत का मामला दर्ज किया
शव को पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया जनरल अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच कर संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फोन रिकॉर्ड, मैसेज और मित्रों- पड़ोसियों के बयानों की समीक्षा कर रही है ताकि आत्महत्या से जुड़े सभी पहलुओं का पता लगाया जा सके।
कोमाली ने लाइफस्टाइल, डेली व्लॉग और निजी अनुभवों पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपनी पहचान बनाई थी। तिरुमाला पदयात्रा पर बना उसका हालिया वीडियो वायरल हो गया था। उसने अपनी मनोकामना पूरी करने के लिए पहाड़ी मंदिर तक पदयात्रा की थी। यही उसका आखिरी पोस्ट था।
यह भी पढ़ें: प्रेमिका इंटरव्यू न दे पाए इसलिए रची बम की झूठी साजिश
गुरुग्राम पुलिस ने बुधवार को एक लीगल प्रोफेशनल को गिरफ्तार किया। शख्स पर आरोप है कि उसने प्रेमिका से हुए विवाद के बाद उसके इंटरव्यू को रुकवाने के लिए कंपनी को बम से उड़ाने की धमकी वाला फर्जी ईमेल भेजा। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
