Hyderabad Hussain Sagar Lake Birthday Ban: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में प्रसिद्ध पर्यटन स्थल हुसैन सागर झील पर देर रात जन्मदिन का जश्न मनाने वालों के लिए बड़ा अपडेट आया है। हैदराबाद पुलिस ने झील के आसपास बर्थडे केक काटने और किसी भी प्रकार के जश्न मनाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है।
पुलिस ने यह कड़ा कदम हाल ही में एक बर्थडे सेलिब्रेशन के दौरान हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद उठाया है, जिसमें एक 6 वर्षीय मासूम बच्ची और उसके रिश्तेदार की जान चली गई थी।
रात के जश्न में हुआ दर्दनाक हादसा
हैदराबाद के चारमीनार के बाद हुसैन सागर झील सबसे पसंदीदा स्थलों में से एक मानी जाती है। सोशल मीडिया और रील्स के दौर में युवाओं, कॉलेज छात्रों और परिवारों के बीच आधी रात को झील के किनारे चमकते पानी के पास केक काटने का ट्रेंड काफी बढ़ गया था।
4 अक्टूबर की रात को भी ऐसा ही एक परिवार अपनी 6 साल की बच्ची का जन्मदिन मनाने पहुंचा था लेकिन जश्न की खुशी उस वक्त मातम में बदल गई, जब सड़क पार करते समय बच्ची और उसके अंकल को एक तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। इस हादसे के बाद पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है।
‘सार्वजनिक स्थानों की जगह घर पर मनाएं खुशी’
हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर वी. सी. सज्जनार ने आम नागरिकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि जो अवसर खुशी का होना चाहिए, वह लापरवाही के कारण त्रासदी में बदल रहा है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थानों के बजाय घर पर ही सुरक्षित तरीके से जन्मदिन मनाने का आग्रह किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, झील के आसपास बेतरतीब तरीके से गाड़ियां पार्क की जा रही थीं। तेज रफ्तार गाड़ियों के बीच युवा और किशोर हाथों में केक लेकर पोज दे रहे थे और रील्स बनाने के लिए खतरनाक स्टंट कर रहे थे, जिससे वहां दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ था।
रील्स का हब बन चुकी है झील
हुसैन सागर झील का निर्माण 1562 में इब्राहिम कुली कुतुब शाह के शासनकाल में हजरत हुसैन शाह वली द्वारा कराया गया था। हालांकि, समय के साथ औद्योगिक कचरा और सीवर गिरने से यह झील बदहाल हो गई थी। बाद में राज्य सरकार ने ‘हुसैन सागर एंड कैचमेंट एरियाज इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट’ के तहत करीब ₹500 करोड़ खर्च कर इसका कायाकल्प और सौंदर्यीकरण किया। इसके बाद से ही यहाँ भारी संख्या में लोग जुटने लगे और यह मिडनाइट सेलिब्रेशन के लिए सबसे ट्रेंडिंग स्पॉट बन गया।
सुरक्षा और विसर्जन को लेकर भी आईं हैं खबरें
हुसैन सागर झील सुरक्षा के नजरिए से हमेशा संवेदनशील रही है। यहाँ तैनात ‘लेक पुलिस’ की गश्ती टीमों ने हाल के वर्षों में कई लोगों को आत्महत्या करने से भी बचाया है। हाल ही में एक महिला द्वारा अपनी बच्ची को झील में फेंकने के बाद ऑटो चालक द्वारा बचाए जाने की घटना ने भी सबका ध्यान खींच था।
इसके अलावा, हर साल गणेश उत्सव के दौरान प्रतिमा विसर्जन को लेकर भी यह झील चर्चा में रहती है, जहां प्रशासन को पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक आस्था दोनों के बीच संतुलन बनाना पड़ता है।
यह भी पढ़ें: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग, केरल विधानसभा में आज प्रस्ताव पेश करेगी सरकार
केरल की कांग्रेस सरकार सोमवार को राज्य विधानसभा में एक प्रस्ताव पेश करेगी। इसमें केंद्र सरकार से ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाने की मांग की जाएगी। इसके साथ ही, केरल विधानसभा मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग वाला प्रस्ताव लाने वाली देश की पहली विधानसभा बन जाएगी। पढ़िए पूरी खबर…
