West Bengal Election News: बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में एक नया सियासी मोड़ आया है। तृणमूल कांग्रेस से निष्काषित विधायक हुमांयू कबीर ने असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के साथ गठबंधन की घोषणा कर दी है। बताया जा रहा है कि इस गठबंधन की आधिकारिक घोषणा शनिवार को बहरामपुर में की जाएगी। हालांकि, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी कार्यक्रम में उपस्थित नहीं होंगे, लेकिन राजनीतिक विश्लेषक अल्पसंख्यक वोट बैंक के लिहाज से इस गठबंधन को बेहद अहम मान रहे हैं।
हुमायूं कबीर ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले इस गठबंधन के जरिए राज्य की राजनीति में एक नया समीकरण बनेगा। उन्होंने पहले घोषणा की थी कि अगला चुनावी कार्यक्रम शनिवार को रेजिनगर के मोरादिघी इलाके में आयोजित एक ‘मेगा रैली’ से घोषित किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि रैली में कम से कम 10 लाख लोग मौजूद रहेंगे और यहीं से तृणमूल सरकार को सत्ता से हटाने के लिए राज्यव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
बाबरी मस्जिद का निर्माण कार्य कब शुरू होगा?
हुमायूं कबीर के शक्ति प्रदर्शन से मुर्शिदाबाद की राजनीति में उथल-पुथल मची हुई है। भरतपुर के विधायक और जनता उन्नयन पार्टी के अध्यक्ष हुमायूं कबीर 11 फरवरी को मुर्शिदाबाद में कुरान पाठ के साथ बाबरी मस्जिद का निर्माण कार्य शुरू करेंगे। मीडिया से बातचीत में हुमायूं कबीर ने कहा कि 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे निर्माण कार्य शुरू होने से पहले वह लगभग 5000 लोगों की मौजूदगी में डेढ़ घंटे तक कुरान पढ़ेंगे। उन्होंने दावा किया कि इसके बाद मस्जिद का निर्माण कार्य आधिकारिक तौर पर शुरू हो जाएगा।
ये भी पढ़ें: बीजेपी के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ चुके हैं हुमायूं कबीर
बेलडांगा में रखी थी बाबरी जैसी मस्जिद की नींव
गौरतलब है कि हुमायूं कबीर ने पिछले साल 6 दिसंबर को मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में बाबरी मस्जिद की नींव रखी थी। उस कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न हिस्सों से हजारों मुसलमान इकट्ठा हुए थे। रैली से ठीक एक दिन पहले, हुमायूं कबीर ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए घोषणा की कि अगले साल मार्च में कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक मेगा रैली के जरिए ममता बनर्जी सरकार का अंत कर दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें: हुमायूं कबीर ने बताया चंदे में मिले 11 बक्से भरकर नोट
