Indian Railways booking: भारतीय रेलवे ने यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए कई पहल शुरू की हैं। इनमें साफ-सफाई, समयपालन (पंक्चुअलिटी) और कैटरिंग सर्विसेज में सुधार शामिल हैं। टिकट कन्फर्म होना रेल यात्रा का पहला स्टेप है। इसलिए नेशनल ट्रांसपोर्टर ने टिकट बुकिंग प्रक्रिया को एडवांस और सरल बनाने पर भी ध्यान दिया है। इन प्रयासों में प्रशासनिक और टेक्निकल दोनों तरह के प्रयास शामिल हैं। आईआरसीटीसी ने पिछले कुछ समय से संदिग्ध यूज़र आईडी को डीएक्टिवेट करने जैसे कदम भी उठाए हैं।

ट्रेन टिकट कन्फर्म होने की प्रक्रिया

रेल मंत्रालय के अनुसार, कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों के लिए ट्रेन में बोर्डिंग के समय सीट सुनिश्चित होती है। वहीं वेटिंग लिस्ट (WL) या RAC (Reservation Against Cancellation) टिकट वाले यात्रियों को अक्सर यह अनिश्चितता रहती है कि उनका टिकट कन्फर्म होगा या नहीं।

इस तनाव को कम करने के लिए रेल मंत्रालय ने पिछले साल ट्रेन रिजर्वेशन चार्ट की नीति में बदलाव किया। भारतीय रेल का रिजर्वेशन चार्ट तैयार हो जाता है तो यात्रियों को उनके टिकट की आखिरी स्थिति की जानकारी दे दी जाती है।

चार्ट तैयार करने के नए नियम

12 दिसंबर 2025 को जारी लेटेस्ट सर्कुलर के मुताबिक, रेल मंत्रालय ने पहले रिजर्वेशन चार्ट की तैयार करने के समय के लिए बदलाव किया है। रेलवे बोर्ड ने सभी प्रिंसिपल चीफ कमर्शियल मैनेजर्स (PCCMs) को भेजे पत्र में कहा कि यह कदम दूरदराज के इलाकों से लंबी दूरी की ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों की चिंता कम करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

रेलवे बोर्ड ने अपने बयान में कहा, ”यात्रियों को समय रहते उनके रिजर्वेशन की स्थिति की जानकारी देने और दूरदराज से आने वाले यात्रियों की चिंता को कम करने के लिए पहले रिजर्वेशन चार्ट को तैयार करने का फैसला लिया गया है।”

डिपार्चर से पहले चार्ट तैयार करने का समय

भारतीय रेलवे द्वारा जारी लेटेस्ट दिशा-निर्देशों के मुताबिक, चार्ट तैयार करने के समय को लेकर यात्रियों को कुछ महत्वपूर्ण बातें ध्यान में रखनी चाहिए:

पहला रिजर्वेशन चार्ट (First Chart)
जिन ट्रेनों का प्रस्थान समय सुबह 05:01 बजे से दोपहर 14:00 बजे के बीच है, उनका पहला रिजर्वेशन चार्ट आमतौर पर एक दिन पहले रात 20:00 बजे तक तैयार कर लिया जाएगा।

वहीं जिन ट्रेनों का प्रस्थान समय 14:01 बजे से 23:59 बजे के बीच या फिर 00:00 बजे से 05:00 बजे के बीच है, उनका पहला चार्ट प्रस्थान समय से कम से कम 10 घंटे पहले तैयार किया जाएगा।

दूसरा (फाइनल) रिजर्वेशन चार्ट
पहले चार्ट के अलावा रेलवे एक दूसरा यानी फाइनल रिजर्वेशन चार्ट भी जारी करता है। यह चार्ट आमतौर पर ट्रेन के निर्धारित प्रस्थान समय से करीब 30 मिनट पहले तैयार किया जाता है।

फाइनल चार्ट की भूमिका
रेलवे के अनुसार, फाइनल चार्ट तैयार होने के दौरान तत्काल कोटा में बची सीटें RAC और वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को आवंटित कर दी जाती हैं। इसके अलावा, फाइनल चार्ट बनने से पहले खाली बर्थ को यात्री बुक भी कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें: रेलवे के नए नियम से यात्रियों को झटका: 8 घंटे से कम समय में टिकट कैंसिल किया तो नहीं मिलेगा रिफंड

भारतीय रेलवे ने मंगलवार को अपनी टिकट कैंसिलेशन पॉलिसी में बदलाव किया है। देश की सबसे बड़ी ट्रांसपोर्टर रेलवे ने स्पष्ट किया कि अगर यात्री ट्रेन टिकट अपने निर्धारित यात्रा समय से 8 घंटे से कम समय पहले रद्द करते हैं तो उन्हें कोई रिफंड नहीं दिया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर…