दिल्ली एनसीआर में बुधवार सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बारिश की वजह से एनसीआर के बहुत सारे इलाकों में लोग जलभराव की स्थिति का सामना कर रहे हैं। मौसम विभाग ने बताया है कि गाजियाबाद के कमला नेहरू नगर इलाके में बीते 24 घंटों (गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे तक) में 164 मिमी और हिंडन इलाके में 134 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। भारी बारिश के देखते हुए गाजियाबाद जिले के सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है।

गाजियाबाद के अलावा दिल्ली के कई इलाकों में भी भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के तुकमीरपुर में 160 मिमी, मयूर विहार में 103 मिमी, सफदरजंग में 73 मिमी, लोधी रोड पर 80 मिमी, दिल्ली यूनिवर्सिटी में 90 मिमी और महरौली में 86 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।

आइए अब आपको बताते हैं कि बारिश को कैसे मापा जाता है और एक मिलीमीटर का मतलब क्या है?

कितनी बारिश हुई है, मौसम विभाग यह मिलीमीटर में मापता है। बारिश मापने के लिए मौसम विभाग ने देश के हर जिले में DRMS स्टेशन (बारिश मापने वाले केंद्र) बनाए हुए हैं। इन DRMS स्टेशनों पर लगे रेन गेज (Rain Gauge- बारिश मापने वाला उपकरण) में बारिश का पानी जमा होता है। इसकी मात्रा मिलीमीटर में होती है।

एक मिलीमीटर बारिश कितनी होती है?

IMD के अनुसार, अगर बारिश का पानी समतल सतह पर बिना बहे जमा हो जाए तो पानी की जितनी गहराई होगी, उसे मिलीमीटर में मापा जाएगा। एक वर्गमीटर में एक लीटर पानी गिरने को एक मिलीमीटर बारिश करते हैं। गाजियाबाद के कमला नेहरू नगर इलाके में 24 घंटे में 164 मिलीमीटर बारिश हुई है यानी एक वर्ग मीटर में 164 लीटर पानी जमा हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगर 24 घंटे में 64.5 से 115.5 मिमी बारिश हुई तो उसे भारी बारिश माना जाता है। 115.6–204.4 मिमी को बहुत भारी बारिश कहते हैं। 204.5 मिमी या उससे अधिक बारिश को अत्यधिक भारी बारिश माना जाता है।

दिल्ली एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने गाजियाबाद में आज भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की संभावना जताई है। शुक्रवार को जिले में आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे और एक या दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ेंगी।

IMD के दिल्ली केंद्र के अनुसार, राजधानी दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। ज्यादातर जगहों पर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होगी, साथ ही गरज-चमक/ बिजली कड़कने और कुछ जगहों पर दिन के समय भारी बारिश की संभावना है।

शुक्रवार को राजधानी के ज्यादातर हिस्सों में आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहने और सुबह या दोपहर से पहले बहुत हल्की से हल्की बारिश / तूफान / बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।

यह भी पढ़ें: अल नीनो वाले साल में मुंबई में क्यों हो रही है रिकॉर्ड बारिश?

मुंबई के कोलाबा में एक हफ्ते में ही जुलाई की औसत बारिश का आंकड़ा पार हो गया है। वैज्ञानिक बताते हैं कि अल नीनो वाले साल में भी रिकॉर्ड बारिश क्यों हो सकती है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें