Sonam Raghuvanshi Bail News: अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को शिलांग की एक अदालत ने जमानत दे दी है। सोनम पिछले 11 महीनों से जेल में थीं। राजा रघुवंशी के परिवार ने जमानत को लेकर सवाल उठाए हैं और इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की है।
न्याय की मांग करते हुए परिवार ने कहा कि वे सोनम को जमानत देने के निचली अदालत के फैसले के खिलाफ मेघालय हाईकोर्ट में अपील करेंगे। मीडिया से बातचीत में राजा की मां उमा भावुक हो गईं और कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि सोनम को उनके बेटे की हत्या की मुख्य साजिशकर्ता होने के बावजूद जमानत कैसे मिल गई।
उमा रघुवंशी ने कहा, “मेघालय पुलिस ने पिछले नौ महीनों में इस मामले की गहन जांच की, लेकिन यह हमारी समझ से परे था कि एक या दो महीने में अचानक स्थिति कैसे बदल गई।” उन्होंने आगे कहा, “हम सरकार से सिर्फ एक ही मांग करते हैं कि मेरे निर्दोष बेटे के लिए न्याय, जिसकी हत्या कर दी गई। मैं इस मामले की जांच सीबीआई से करवाना चाहती हूं।”
कोर्ट ने सोनम रघुवंशी को दी जमानत
बता दें कि शिलांग की एक अदालत ने सोनम रघुवंशी को जमानत दे दी। 27 अप्रैल के जमानत आदेश में, जिला और सत्र न्यायाधीश डीआर खारबतेंग ने पाया कि पुलिस आरोपी सोनम रघुवंशी को आरोपों के बारे में ठीक से सूचित करने में विफल रही थी। अदालत ने हत्या के आरोप का जिक्र करते हुए कहा, “किसी भी दस्तावेज़ में याचिकाकर्ता को यह सूचित नहीं किया गया है कि उसे बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध के लिए गिरफ्तार किया गया है।”
इसमें यह भी उल्लेख किया गया कि उत्तर प्रदेश के गाजीपुर स्थित अदालत में पेश किए जाने के समय उनके साथ कोई वकील मौजूद नहीं था। न्यायाधीश ने कहा, “इससे स्पष्ट होता है कि गिरफ्तारी के आधार बनने वाले तथ्यों की पर्याप्त जानकारी याचिकाकर्ता को स्पष्ट रूप से नहीं दी गई है। इसलिए, यह कहा जा सकता है कि बचाव के मामले में उसके साथ अन्याय हुआ है। इसके अलावा, रिकॉर्ड में ऐसा कुछ भी नहीं है जिससे यह पता चले कि जब याचिकाकर्ता को पहली बार गाजीपुर की अदालत में पेश किया गया था, तब उसके पास कोई वकील था, जिसके आधार पर वह यह दलील दे सकती थी।”
तीन बार फेल रहे सोनम, राज कुशवाहा और हमलावर
इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड के मामले में मेघालय की पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मेघालय पुलिस ने कहा है कि सोनम, राज कुशवाहा और अन्य आरोपी चौथी कोशिश में राजा रघुवंशी की हत्या के अपने नापाक इरादों में कामयाब हुए, इससे पहले तीन बार इनकी कोशिश फेल हो गई। पढ़ें पूरी खबर…
