MP OBC Reservation: मध्य प्रदेश में बीच के 16 महीने छोड़कर साल 2003 से अब तक भाजपा सरकार रही है। साल 2018 में हुए चुनाव के बाद कमलनाथ के नेतृत्व में राज्य में 15 साल बाद कांग्रेस की सरकार बनी मगर वह 16 महीने ही टिक सकी। इन 16 महीनों में कमलनाथ सरकार ने एक ऐसा फैसला लिया जो सत्ता में वापसी के बावजूद भाजपा के गले की हड्डी बना हुआ है। यह फैसला है, राज्य में ओबीसी आरक्षण 14 प्रतिशत से बढ़ाकर 27 प्रतिशत करने का निर्णय।
आरक्षण एक ऐसा जिन्न है, जिससे भारत की हर राजनीतिक पार्टी डरती है। कमलनाथ की सरकार गिरने के बाद जब शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में फिर से भाजपा ने सरकार बनायी तो उसने राज्य में ओबीसी आरक्षण बढ़ाने के कांग्रेस सरकार के फैसले को बरकरार रखा। हालाँकि मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने कमलनाथ सरकार के इस फैसले असंवैधानिक मानते हुए रद्द कर दिया।
मध्य प्रदेश में ओबीसी आरक्षण 14 से बढ़ाकर 27 प्रतिशत करने से राज्य में कुल आरक्षण 73 प्रतिशत हो गया था। हाई कोर्ट ने इसे आरक्षण की सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित सीमा का उल्लंघन मानते हुए रद्द कर दिया। पिछले हफ्ते हाई कोर्ट में तीसरी बार यह आरक्षण रद्द कर दिया। मध्य प्रदेश सरकार हाई कोर्ट के निर्णय के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील करेगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को दिल्ली में सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता से मुलाकात की। मोहन यादव ने तुषार मेहता से इस केस से जुड़े बरीकियों पर चर्चा की और सर्वोच्च न्यायाल में याचिका दायर करने के बारे में बात की।
मोहन यादव सरकार भले ही हाई कोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने को तैयार हो मगर यह फैसले उसके लिए दोधारी तलवार बन चुका है। यूजीसी निर्देशों, लगातार आरक्षण बढ़ाए जाने और एससी-एसटी एक्ट में मोदी सरकार द्वारा किए गए विवादित संशोधन के कारण सामान्य वर्ग के लोग भाजपा से काफी नाराज हैं। सामान्य वर्ग के एक्टिविस्ट सोशलमीडिया पर लगातार भाजपा को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं।
सामान्य वर्ग के एक्टिविस्ट कहा कहना है कि मध्य प्रदेश में एससी-एसटी को 36 प्रतिशत आरक्षण मिलता है। केन्द्र सरकार में एससी-एसटी को 22.5 प्रतिशत आरक्षण मिलता है। जीसी एक्टिविस्ट का कहना है कि कमलनाथ सरकार ने एससी-एसटी का आरक्षण कम करने का जोखिम न लेते हुए अनारक्षित कोटे से सीटें कम करके ओबीसी आरक्षण बढ़ा दिया। जीसी एक्टिविस्ट चाहते हैं कि सरकार ओबीसी आरक्षण एससी-एसटी का कोटा बढ़ाना चाहती है तो राज्य में एससी-एसटी का कोटा केन्द्र के समकक्ष करे ताकि अनारक्षित सीटें प्रभावित न हों।
जीसी एक्टिविस्ट ने अदालत में यह दावा भी किया कि मध्य प्रदेश सरकार की नौकरियों में पहले से ही करीब 28.5 प्रतिशत ओबीसी हैं, ऐसे में उन्हें 27 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने के लिए विशेष कोटा देना असंवैधानिक है। हाई कोर्ट ने भी अपने फैसले में कहा है कि राज्य सरकार यह साबित करने में विफल रही है कि ऐसा करने के लिए “असाधारण परिस्थितियाँ” है।
कमलनाथ सरकार ने पारित किया था कानून
दरअसल, 8 मार्च 2019 को कांग्रेस के नेतृत्व वाली मुख्यमंत्री कमलनाथ की सरकार ने एक अध्यादेश (Ordinance No. 2 of 2019) के जरिए राज्य में ओबीसी आरक्षण को 14% से बढ़ाकर 27% कर दिया।
जुलाई 2019 में मध्य प्रदेश लोक सेवा (अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों और अन्य पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण) संशोधन विधेयक, 2019 को विधानसभा से पारित कराया गया।
कमलनाथ दिसंबर, 2018 में राज्य के सीएम बने थे। 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया गुट की बगावत के बाद कमलनाथ सरकार अल्पमत में आ गयी। मार्च, 2020 में शिवराज सिंह चौहान फिर से राज्य के सीएम बने।
शिवराज ने सीएम बनने के बाद भी ओबीसी आरक्षण से जुड़े फैसले को वापस नहीं लिया। मगर कुछ याचिकाकर्ता इसके खिलाफ हाई कोर्ट पहुँच गये। हाई कोर्ट ने इस आरक्षण को असंवैधानिक माना।
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने तीसरी बार भी रद्द किया ओबीसी आरक्षण
हाल ही में, मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने 9 अक्टूबर 2026 को एक बड़े फैसले में राज्य सरकार द्वारा 2019 में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) का आरक्षण 14% से बढ़ाकर 27% करने वाले कानून को असंवैधानिक करार देते हुए रद्द कर दिया है।
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट के ‘इंदिरा साहनी मामले’ (1992) के फैसले के तहत कुल आरक्षण 50% की सीमा को पार नहीं कर सकता। उच्च न्यायालय ने पहले इस फैसले पर अंतरिम रोक लगाई और अंततः अक्टूबर 2026 में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने 27% OBC आरक्षण वाले संशोधन को असंवैधानिक मानते हुए रद्द कर दिया तथा राज्य में OBC आरक्षण को वापस 14% पर सीमित कर दिया।
OBC का कोटा 27% करने से राज्य में कुल आरक्षण (SC-16%, ST-20%, OBC-27%) बढ़कर 63% हो गया (और 10% EWS मिलाने पर 73%)। यह सीधे तौर पर 50% की ऊपरी सीमा और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का उल्लंघन था।
आरक्षण का विवाद और भर्ती पर फंसा पेच
अधिकांश राज्यों में अदालती रोक लगने के बाद या तो पूरी भर्ती प्रक्रिया रोक दी जाती है या पुराने कोटे के आधार पर रिजल्ट जारी होते हैं लेकिन मध्य प्रदेश में अनूठा प्रावधान किया गया। यहां 27% और 14% आरक्षण के कानूनी विवाद के बीच मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) और अन्य भर्ती बोर्डों ने एक अनोखा ’87-13 फॉर्मूला’ निकाला।
इसके तहत 87% पदों के परिणाम घोषित किए गए और विवादित 13% पदों को ‘होल्ड’ (सुरक्षित) कर दिया गया। इस तरह का फॉर्मूला देश के अन्य राज्यों के प्रशासनिक इतिहास में कम ही देखने को मिलता है।
ST आरक्षण 20 प्रतिशत और 27 प्रतिशत ओबीसी
कई राज्यों में अनुसूचित जाति (SC) या अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की आबादी सबसे ज्यादा है (जैसे पंजाब में SC आबादी लगभग 32% है)। मध्य प्रदेश देश के उन राज्यों में से है, जहां अनुसूचित जनजाति (ST) की आबादी बहुत अधिक है, और यह संख्या लगभग 21% से अधिक है। इस वजह से मध्य प्रदेश में ST वर्ग को 20% आरक्षण मिला हुआ है, जो देश के कई बड़े राज्यों की तुलना में काफी ज्यादा है। यूपी में एसटी समाज के लोगों के लिए आरक्षण मात्र 7.5% है।
2017-18 के दौर में कांग्रेस ओबीसी राजनीति को बढ़ावा दे रही थी। इसके चलते ही कांग्रेस सरकार बनने पर कमलनाथ ने एसटी आरक्षण में तो कोई बदलाव नहीं किया बल्कि ओबीसी आरक्षण को 14 से 27 प्रतिशत तक बढ़ा दी। हाईकोर्ट में मामला चलता रहा है, और मार्च 2020 में कांग्रेस सरकार गिर गई।
बीजेपी के लिए धर्मसंकट
कमलनाथ सरकार ने ओबीसी आरक्षण को लेकर जो फैसला किया, उसे लेकर बीजेपी की मुसीबत बढ़ गई है। बीजेपी के लिए पशोपेश ये भी है कि अगर वह 50 प्रतिशत की सीमा तक रहने के लिए एसटी समाज का आरक्षण कम करती है, तो उसका वोट बैंक छिटकेगा। वहीं अगर ओबीसी आरक्षण को कोर्ट के फैसले के आधार पर 14 फीसदी पर बरकरार रखा तो विपक्ष बीजेपी पर ओबीसी विरोधी होने का आरोप लगाएगा।
नतीजा ये है कि बीजेपी और कांग्रेस इस मुद्दे पर एक साथ आ गए हैं। सर्वदलीय बैठक के बाद मीडिया के सामने नेता विपक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के बगल में खड़े होकर कहा कि कानून बरकरार रहना चाहिए। 6 साल से जिन लोगों ने इसे रोका उन्हें सजा मिलनी चाहिए।
अधिकारियों और वकीलों ने जिस तरह से गुमराह किया है, उसके चलते उन पर कार्रवाई की जानी चाहिए। जीतू पटवारी ने कहा कि सरकार का वकीलों पर 100 करोड़ रुपये खर्च हुआ है, जो कि जनता का पैसा है। इसीलिए इस मुद्दे पर पार्टी लाइन से ऊपर उठकर आरक्षण लागू होने के लिए प्रयास होने चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी
इसी का नतीजा है कि मंगलवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दिल्ली में सॉलिसिटर जनरल से मुलाकात की और एक्स पर पोस्ट में लिखा, “नई दिल्ली में भारत के सॉलिसिटर जनरल श्री तुषार मेहता जी एवं प्रदेश के महाधिवक्ता श्री प्रशांत सिंह जी के साथ ओबीसी आरक्षण को लेकर माननीय उच्च न्यायालय के निर्णय से जुड़े विधिक पहलुओं और आगामी कानूनी कार्यवाही की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की।”
मुख्यमंत्री का पोस्ट और सर्वदलीय बैठक के फैसले स्पष्ट बता रहे हैं कि राज्य सरकार हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने वाली है। हालांकि देखना यह होगा, कि क्या सुप्रीम कोर्ट में मोहन यादव सरकार के तर्कों को तवज्जो मिलेगी, या फिर हाईकोर्ट की तरह यहां भी राज्य सरकार को झटका लगेगा।
यह भी पढ़ें: 50% आरक्षण की सीमा नहीं तोड़ सकती सरकार… कर्नाटक हाई कोर्ट ने SC-ST कोटे पर सुनाया फैसला
कर्नाटक हाई कोर्ट ने सोमवार को राज्य में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति समुदायों के लिए बढ़ाए गए आरक्षण को असंवैधानिक करार दिया। कोर्ट ने कहा कि यह सुप्रीम कोर्ट द्वारा तय 50 फीसदी की लिमिट को तोड़ता था। सरकार ने कर्नाटक अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (शैक्षणिक संस्थानों में सीटों का आरक्षण और राज्य के तहत सेवाओं में नियुक्तियों या पदों का आरक्षण) एक्ट 2022 पास करके SC कोटा 15 से 17 फीसदी और ST कोटा 3 से 7 फीसदी कर दिया था। इससे राज्य में कुल आरक्षण 56 फीसदी हो गया। पढ़िए पूरी खबर…
