उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी है। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पिछले एक पखवाड़े से कड़ाके की ठंड से गुरुवार को पूर्वी हवाओं के जोर पकड़ने के कारण थोड़ी राहत मिली, मगर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड में हल्की बारिश के कारण ठिठुरन भरी सर्दी का दौर अब भी बरकरार है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुरुवार (02 जनवरी) के दौरे से पहले कर्नाटक कांग्रेस ने उन पर राज्य को ‘‘नजरअंदाज’’ करने का आरोप लगाया और सवाल किया कि उन्होंने पिछले साल भयंकर बाढ़ के कारण राज्य के अधिकतर हिस्सों के प्रभावित होने के बावजूद उचित राहत क्यों नही दीं और यहां का दौरा क्यों नहीं किया। मोदी का कर्नाटक का दो दिवसीय दौरा बृहस्पतिवार दोपहर को आरंभ होगा। कांग्रेस की कर्नाटक इकाई ने ट्वीट करके प्रधानमंत्री से सवाल किया कि सिद्धगंगा मठ के शिवकुमार स्वामीजी को ‘भारत रत्न’ क्यों नहीं दिया गया? उनका 111 वर्ष की आयु में पिछले साल निधन हो गया था।

Live Blog

Highlights

    10:44 (IST)03 Jan 2020
    इलाहाबाद के कुलपति रतन लाल हंगलू का इस्तीफा

    इलाहाबाद के कुलपति रतन लाल हंगलू का इस्तीफा मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने स्वीकार कर लिया है। हंगलू ने वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोप लगने के बाद अपना इस्तीफा सौपा था। 

    10:29 (IST)03 Jan 2020
    भारत के मौसम विभाग ने कहा- दिल्लीवासियों को कुछ राहत मिलेगी

    भारत के मौसम विभाग ने कहा कि दिल्लीवासियों को कुछ राहत मिलेगी क्योंकि भारत में "दिल्ली में 4 जनवरी (शनिवार) तक शीत लहर नहीं चलेगी और तापमान में और वृद्धि होगी"। दिल्ली में बुधवार को मध्यम और गुरुवार को बहुत हल्की बारिश होगी।

    09:40 (IST)03 Jan 2020
    उत्तर प्रदेश के कानपुर में शून्य डिग्री के निशान पर

    उत्तर प्रदेश के कानपुर में शून्य डिग्री के निशान और सीकर में 1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज करने के साथ मंगलवार को देश के उत्तरी राज्यों में शीत लहर की स्थिति बनी रही। दिल्ली में दिसंबर में सबसे ठंडा दिन दर्ज किए जाने के एक दिन बाद, सूरज चमक उठा, जिससे कुछ राहत मिली, हालांकि बर्फीली हवाओं ने शहर में 4.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी।

    08:56 (IST)03 Jan 2020
    भारत का मौसम विभाग: पंजाब में कई जगहों पर घना कोहरा

    भारत का मौसम विभाग: पंजाब में कई जगहों पर घना कोहरा (आज सुबह 5.30 बजे)। चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और त्रिपुरा में अलग-अलग जगहों में मध्यम कोहरा।

    07:56 (IST)03 Jan 2020
    उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात हुआ है

    उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात हुआ है जिससे ठंड बढ़ गई है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री के साथ गढ़वाल और कुमाऊं मंडल की ऊंची पहाड़ि‍यों पर ताजा बर्फबारी हुई है जबकि, मसूरी के पास धनोल्टी और सुरकंडा की पहाड़ि‍यों पर हल्का हिमपात दर्ज किया गया है।

    07:37 (IST)03 Jan 2020
    उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी है


    उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी है। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पिछले एक पखवाड़े से कड़ाके की ठंड से गुरुवार को पूर्वी हवाओं के जोर पकड़ने के कारण थोड़ी राहत मिली, मगर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड में हल्की बारिश के कारण ठिठुरन भरी सर्दी का दौर अब भी बरकरार है।

    19:45 (IST)02 Jan 2020
    पड़ोसी देशों के उत्पीड़ित अल्पसंख्यकों को लेना भारत की जिम्मेदारी : विजय रूपाणी

    संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) को सही ठहराते हुए गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने बृहस्पतिवार को कहा कि पड़ोसी देशों के उत्पीड़ित अल्पसंख्यकों को अपने यहां लेना भारत की जिम्मेदारी है। उन्होंने महीसागर जिले के कोठाम्बा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अफगानिस्तान, पाकिस्तान और बांग्लादेश के गैर मुसलमानों को नागरिकता प्रदान करने वाले इस विवादास्पद कानून का विरोध करने पर कांग्रेस की आलोचना की।

    19:14 (IST)02 Jan 2020
    चंद्रयान-2 के बाद की निराशा को दूर करते हुए इसरो की एक और चंद्र मिशन भेजने की योजना

    चंद्रयान-2 मिशन के पूरी तरह सफल नहीं होने से पिछले साल पैदा हुई निराशा को पीछे छोड़ते हुए इसरो ने 2020 में चंद्रयान-3 के साथ चंद्रमा की सतह पर अपने लैंडर को उतारने और पहले सौर मिशन को भेजने का संकल्प लिया है। बीते वर्ष में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने छह प्रक्षेपण यान मिशनों और सात उपग्रह मिशनों को पूरा किया जिनमें सात देशों के 50 विदेशी उपग्रहों का प्रक्षेपण शामिल है।

    17:11 (IST)02 Jan 2020
    उभ्भा खूनी संघर्ष मामले में चार पुलिसर्किमयों पर कार्यवाही

    उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के उभ्भा गांव में गत जुलाई दो पक्षों में भूमि विवाद के दौरान हुए ख़ूनी संघर्ष के मामले में चार पुलिसर्किमयों पर लापरवाही बरतने के आरोप में कार्रवाई हुई है। पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने गुरुवार (02 जनवरी) को बताया कि संबंधित पुलिसकर्मियों को उनके एक माह का वेतन बतौर जुर्माना जमा करने के लिए नोटिस भेजी गई है। उन्होंने बताया कि इन पुलिसर्किमयों पर पिछले साल 17 जुलाई को उभ्भा गांव में जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष से ऐन पहले ग्रामीणों द्वारा अनहोनी की आशंका जताते हुए दी गयी सूचना को पक्षपातपूर्ण तरीके से नजरअंदाज करने का आरोप है। इसी सिलसिले में यह कार्रवाई की गयी है।

    16:04 (IST)02 Jan 2020
    दिल्ली फैक्ट्री आग: दमकल कर्मी की मौत

    उत्तर पश्चिम दिल्ली के पीरागढ़ी क्षेत्र में गुरुवार (02 जनवरी) को बैट्री की एक फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा आग लगने के कारण हुए भीषण धमाके के बाद ध्वस्त हो गया। इस घटना में घायल हुए एक दमकल कर्मी की मौत हो गई। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यह जानकारी दी। केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘बेहद दुख के साथ बताना पड़ रहा है कि लोगों को आग से बचाते-बचाते हमारा एक जांबाज शहीद हो गया। हमारे दमकलकर्मी जोखिम भरी परिस्थितियों में अपनी जान की बाजी लगाकर लोगों को बचाते हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।’

    15:44 (IST)02 Jan 2020
    कश्मीर में न्यूनतम तापमान में सुधार, बारिश और बर्फबारी की संभावना

    कश्मीर में न्यूनतम तापमान में थोड़ा सुधार होने से शीतलहर से राहत मिली है। इस बीच मौसम विभाग ने गुरुवार (02 जनवरी) से बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यहां कहा कि पूरी कश्मीर घाटी में बादल छाने से न्यूनतम तापमान में थोड़ा सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि श्रीनगर में मंगलवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 2.8 डिग्री सेल्सियस था, जो बुधवार रात शून्य से नीचे 4.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। अधिकारी ने कहा कि गुलमर्ग में मंगलवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 11.0 डिग्री सेल्सियस था, जो चार डिग्री सेल्सियस के सुधार के साथ बुधवार रात शून्य से नीचे 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुलमर्ग घाटी का सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है।

    14:22 (IST)02 Jan 2020
    सोनिया ने कोटा में बच्चों की मौत मामले पर कांग्रेस प्रभारी से जानकारी ली

    राजस्थान के कोटा स्थित एक सरकारी अस्पताल में बच्चों की मौत मामले को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरुवार (02 जनवरी) को पार्टी के राज्य प्रभारी अविनाश पांडे से वहां की स्थिति और अशोक गहलोत सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी ली। सूत्रों के मुताबिक, कोटा के अस्पताल में बच्चों की मौत को लेकर दुख जाहिर करते हुए सोनिया ने पांडे के माध्यम से राज्य सरकार को यह संदेश दिया कि इस मामले में और ठोस कदम उठाए जाएं। सोनिया से मुलाकात के बाद पांडे ने संवाददाताओं से कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस अध्यक्ष के पास एक विस्तृत रिपोर्ट भेजी है।

    13:34 (IST)02 Jan 2020
    महाराष्ट्र: साइबर धोखाधड़ी कर छह लोगों से ठगे पांच लाख रुपए

    महाराष्ट्र के ठाणे शहर में कुछ लोगों ने पेटीएम कर्मचारी बनकर छह लोगों से 5.04 लाख रुपये की कथित रूप से ठगी की। एक अधिकारी ने गुरुवार (02 जनवरी) को यह जानकारी दी। पुलिस की प्रवक्ता सुखदा नारकर ने बताया कि शिकायतकर्ताओं में से एक ने पुलिस को बताया कि 29 दिसंबर को उसे एक शख्स का फोन आया था जिसने बताया कि वह पेटीएम में काम करता है। उसने पीड़ित से केवाईसी अपडेट करवाने को कहा।

    12:25 (IST)02 Jan 2020
    पीरागढ़ी आग: 14 घायल, बचाव अभियान जारी

    दिल्ली के पीरागढ़ी क्षेत्र में एक बैट्री फैक्ट्री में लगी आग के बाद गुरुवार (02 जनवरी) को हुए विस्फोट में 13 दमकलर्किमयों समेत 14 लोग घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि फैक्ट्री का एक सुरक्षाकर्मी भी घायल हो गया और एक व्यक्ति अब भी मलबे में फंसा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि उद्योग नगर में लगी आग को बुझाने दमकलकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे थे और तभी इमारत में विस्फोट हो गया। अग्निशमन विभाग को आग के बारे में सुबह चार बजकर 23 मिनट पर जानकारी मिली थी।

    11:51 (IST)02 Jan 2020
    करोड़ों रुपए की चरस बरामद, तीन नेपाली तस्कर गिरफ्तार

    बहराइच में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार (01 जनवरी) को भारत नेपाल सीमा के पास रूपईडीहा में, अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोडों रूपए मूल्य की करीब 15 किलो चरस बरामद कर तीन नेपाली तस्करों को गिरफ्तार किया है। एसएसबी के कमांडेंट प्रवीण कुमार ने गुरुवार (02 जनवरी) को बताया कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, लखनऊ की टीम से मिली जानकारी के आधार पर बुधवार को रूपईडीहा सीमा पर संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान दो नेपाली तस्करों लक्ष्मन बाथा तथा विशाल बाथा के कब्जे से करोड़ों रूपये कीमत की 11.300 किलोग्राम चरस बरामद हुई।

    10:49 (IST)02 Jan 2020
    सरकार को सीएए पर मुसलमानों के भ्रम को दूर करना चाहिए : मौलाना कल्बे जव्वाद

    ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य और शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद ने राज्य में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ हुए प्रदर्शनों पर पुलिसिया कार्रवाई को लेकर चिंता जताते हुए बुधवार (01 जनवरी) को कहा कि सरकार को इस कानून को लेकर मुस्लिम समुदाय के भ्रम को दूर करना चाहिए। पत्रकारों से बातचीत करते हुए मौलाना ने कहा, ‘मुसलमानों में भ्रम और डर है। यह सरकार का फर्ज है कि वह सीएए को लेकर भ्रम को दूर करे।’ उन्होंने 20 दिसंबर को मुजफ्फरनगर में पुलिस की कार्रवाई पर नाखुशी जताई।

    09:58 (IST)02 Jan 2020
    इलाहाबाद विश्वविद्यालय के कुलपति ने दिया भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर इस्तीफा

    इलाहाबाद विश्वविद्यालय के कुलपति रतन लाल हंगलू ने बुधवार (01 जनवरी) को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उनके करीबी सूत्रों ने यह जानकारी दी। हंगलू वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर 2016 से निगरानी में थे। उन्हें यौन उत्पीड़न की शिकायतों को उपयुक्त ढंग से नहीं निपटाने और छात्राओं के लिए शिकायत निवारण प्रणाली की कमी को लेकर पिछले सप्ताह राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी तलब किया था। सूत्रों ने बताया कि हंगलू ने केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय को अपना इस्तीफा सौंप दिया।

    08:17 (IST)02 Jan 2020
    सीएए और एनआरसी पर हुई बहस के दौरान युवा फिल्मकार पर हुआ हमला

    साल्ट लेक सिटी में सीएए और एनआरसी पर हुई बहस के दौरान एक युवा फिल्मकार पर कथित तौर पर हमला किया गया। पुलिस ने बुधवार (01 जनवरी) को बताया कि फिल्मकार द्वारा शिकायत किए जाने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) और प्रस्तावित राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) पर बहस फिल्मकार द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखे जाने के बाद प्रारंभ हुई।

    08:02 (IST)02 Jan 2020
    प्रधानमंत्री का छात्रों के साथ ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम अब 20 जनवरी को होगा

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का छात्रों के साथ ‘परीक्षा पे चर्चा’ का कार्यक्रम अब बदल कर 20 जनवरी 2020 को होगा । इस कार्यक्रम में बदलाव पोंगल, लोहड़ी, ओणम सहित देश के विभिन्न हिस्सों में होने वाले त्योहारों के कारण किया गया है। मानव संसाधन विकास मंत्रालय की विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री के साथ स्कूली छात्रों के संवाद का यह कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ पहले 16 जनवरी 2020 को तालकटोरा स्टेडियम में निर्धारित था। हालांकि पोंगल, मकर संक्रांति के अवसर पर दक्षिणी राज्यों के स्कूलों में छुट्टियों के कारण अब यह 20 जनवरी 2020 को सुबह 11 बजे  किया गया है । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस दिन देश और विदेश के विभिन्न हिस्सों के छात्रों एवं शिक्षकों से ‘परीक्षा पे चर्चा 2020 संवाद’ के तहत बोर्ड परीक्षा एवं अन्य विषयों पर चर्चा करेंगे ।

    08:00 (IST)02 Jan 2020
    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 2 और 3 जनवरी को कर्नाटक के दौरे पर जायेंगे

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार (02 जनवरी) को दो दिवसीय दौरे पर कर्नाटक जायेंगे प्रधानमंत्री कार्यालय के बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी 2 और 3 जनवरी, 2020 को कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे। तुमकुर में श्री सिद्धगंगा मठ जायेंगे, जहां वह श्री श्री शिवकुमार स्वामीजी के एक स्मारक संग्रहालय की आधारशिला रखने के क्रम में एक पट्टिका का अनावरण करेंगे। वे अपनी इस यात्रा के दौरान प्रार्थना में शामिल होने के साथ-साथ इस मठ में पौधारोपण भी करेंगे। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा, श्री सिद्धंिलगेश्वर स्वामी सहित अन्य गणमान्यजन भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। प्रधानमंत्री इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे।

    17:22 (IST)01 Jan 2020
    नेकां नेता को ससुर के जनाजे की नमाज में शामिल होने की अनुमति मिली: अधिकारी

    नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के महासचिव अली मोहम्मद सागर को अपने ससुर की जनाजे (अंतिम संस्कार) की नमाज में शामिल होने की बुधवार को अनुमति दे दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। गत पांच अगस्त को जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा वापस लिये जाने के बाद से सागर हिरासत में है। अधिकारियों ने बताया कि सागर और उनके पुत्र सलमान सागर इस समय विधायक हॉस्टल उप-जेल में बंद हैं। उन्हें आज सुबह शहर में जमलात्ता-नवाकदल में गुलाम मोहम्मद कावा की, जनाजे की नमाज में शामिल होने की अनुमति दी गई है।

    16:01 (IST)01 Jan 2020
    नव वर्ष: अहमदाबाद में शराब पीने और रखने वाले 400 लोग पकड़े

    गुजरात के अहमदाबाद शहर में नववर्ष के जश्न के दौरान शराब पीने व शराब रखने वाले 400 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार (01 जनवरी) को यह जानकारी दी। गुजरात में शराब बनाना, बेचना और पीना प्रतिबंधित है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि भारी संख्या में लोग शहर के मध्यरात्रि में नए साल का स्वागत करने के लिये साबरमती तट और अन्य महत्वूर्ण स्थानों पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस दौरान इलाके में किसी भी अप्रिय घटना की जानकारी नहीं मिली।

    14:47 (IST)01 Jan 2020
    नौकरी दिलाने के बहाने युवती से ठगे 50 हजार रुपए

    नोएडा में एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवती से 50,000 रुपए ठगने की घटना सामने आई है। थाना सेक्टर 49 के थानाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि सेक्टर 77 स्थित अंतरिक्ष सोसायटी में रहने वाली एक युवती ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर वरुण त्रिपाठी, विनय सहित तीन लोगों ने उससे 50,000 रुपए ले लिए और अब जब वह नौकरी मांग रही है तो तीनों उससे बदसलूकी कर रहे हैं।

    14:29 (IST)01 Jan 2020
    अजित पवार ने कोरेगांव भीमा युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि दी

    महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और वंचित बहुजन अघाडी के अध्यक्ष प्रकाश आंबेडकर ने कोरेगांव भीमा युद्ध की 202वीं बरसी पर बुधवार (01 जनवरी) को यहां ‘जय स्तंभ’ पर श्रद्धांजलि दी। युद्ध की बरसी पर श्रद्धांजलि देने के लिए कोरेगांव भीमा गांव के समीप ‘जय स्तंभ’ स्मारक पर हर साल लाखों लोग आते हैं। यह लड़ाई ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी और मराठा साम्राज्य के पेशवा धड़े के बीच एक जनवरी 1818 को लड़ी गई थी। कोरेगांव भीमा युद्ध को एक जनवरी 2018 को दो सौ साल पूरे होने के मौके पर हिंसा भड़क उठी थी जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे।

    12:11 (IST)01 Jan 2020
    सड़क दुर्घटना में राजस्थान सड़क परिवहन बस के कंडक्टर की मौत, चालक घायल

    हयात होटल के सामने पुल के पास राजस्थान सड़क परिवहन की बस के डिवाइडर से टकराकर पलटने से कंडक्टर की मौत हो गई और चालक घायल हो गया। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हयात होटल के सामने बस पलटने की जानकारी हमें सुबह छह बजकर 50 मिनट पर मिली और दमकल की तीन गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दिल्ली दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि बस में कोई यात्री सवार नहीं था, लेकिन चालक और कंडक्टर घायल हो गए। उन्होंने बताया कि कंडक्टर ने बाद में इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।

    11:49 (IST)01 Jan 2020
    दल्ली में 2.4 डिग्री सेल्सियस तापमान में ठिठुरे लोग

    राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार (01 जनवरी) सुबह भी ठंड का कहर जारी रहा और न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम के कारण 29 ट्रेनें अपने तय समय से दो से नौ घंटे तक की देरी से चली रही हैं। मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।’ उन्होंने बताया कि हवा में आर्द्रता का स्तर 97 प्रतिशत रहा। वहीं वायु गुणवत्ता सुबह नौ बजकर 38 मिनट पर 433 दर्ज की गई जो कि ‘गंभीर’ श्रेणी में है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान के 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

    10:09 (IST)01 Jan 2020
    मुंबई में नए साल के जश्न के दौरान शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में 198 लोग गिरफ्तार

    मुंबई में हजारों लोग समुद्र तटों और मरीन ड्राइव पर मंगलवार (31 दिसंबर) देर शाम नववर्ष का उत्सव मनाने के लिए एकत्रित हुए। मध्यरात्रि तक किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली लेकिन यातयात पुलिस ने शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में 198 लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि मुंबई की सड़कों पर चालीस हजार पुलिसकर्मी तैनात हैं और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर लगाम लगाने के लिए सौ स्थानों पर नाकेबंदी की गई है।

    09:44 (IST)01 Jan 2020
    गुजरात में 100 से अधिक भैंसें खाद्य विषाक्तता के कारण मरीं

    गुजरात में महेसाणा शहर के बाहरी इलाके में मंगलवार (31 दिसंबर) को 109 भैंसे और उनके बच्चे मक्के के पौधे का चारा खाकर मर गए। एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना के बाद महेसाणा ‘बी’ संभाग पुलिस थाने ने इस मामले को संबंधित विभाग को सौंप दिया। अधिकारी ने बताया कि राधनपुर रोड पशुशाला में ये मवेशी चारा खाने के मर गये। उन्होंने कहा कि उनमें 85 कटरा थे।

    08:54 (IST)01 Jan 2020
    पश्चिम रेलवे ने कुछ इस तरह दी नए साल की बधाई

    पश्चिम रेलवे ने कुछ इस तरह नए साल की बधाई दी है। वीडियो शेयर कर भेजा मुबारक बाद। 

    08:49 (IST)01 Jan 2020
    बिना हथियार बदमाश ने पटना के एक बैंक से लूटे नौ लाख रूपए

    बिहार की राजधानी पटना में सार्वजनिक क्षेत्र के एक बैंक की शाखा से एक बदमाश ने करीब नौ लाख रूपये लूट लिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गरिमा मलिक ने बताया कि कोतवाली थानाक्षेत्र में वीना सिनेमा के पास यूनाईटेड बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में यह वारदात हुई। उन्होंने बताया कि बदमाश दोपहर को बैंक की इस शाखा में घुसा, उसने बैंकर्किमयों को डरा धमकाकर करीब नौ लाख रूपए लूट लिये एवं वह उसे लेकर चंपत हो गया। मलिक ने बताया कि वैसे तो बदमाश के पास कोई हथियार नहीं था और उसने बैंकर्किमयों को डरा धमकाकर पैसे लूटे।

    08:43 (IST)01 Jan 2020
    नए साल पर लोग इस तरह दे रहे हैं बधाई

    आज से नए साल का शुरुआत हो गया है। इस पर लोग अलग -अलग ढंग से मुबारक बाद दे रहे हैं। 

    08:33 (IST)01 Jan 2020
    आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने दिया संकेत, किसी भी पार्टी के साथ चुनाव बाद गठबंधन कर सकते हैं

    झारखंड में भाजपा की पूर्व सहयोगी आजसू पार्टी ने रविवार को संकेत दिया कि वह ऐसी किसी भी पार्टी के साथ चुनाव बाद गठबंधन के लिए तैयार है जो उसके बेहतर एवं समावेशी शासन के एजेंडे को पूरा करती हो। आजसू पार्टी के प्रमुख सुदेश महतो ने कहा कि पार्टी के लिए उसका मिशन ‘‘अबकी बार गांव की सरकार’’ सर्वेपरि है जो गांवों को शासन प्रणाली का मूलभूत हिस्सा बनाने के लिए है। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों राष्ट्रीय पार्टियां ‘‘एक जैसी’’ हैं और दोनों ने राज्य को नजरंदाज किया।