असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश में मतदाता सूची की गहन समीक्षा जरूरी है, क्योंकि असम समेत कई राज्यों में जनसांख्यिकीय बदलाव और बांग्लादेश से घुसपैठ के मुद्दे को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी विदेशी शक्तियों के इशारे पर काम कर रहे हैं और देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने में लगे हैं।
‘वोटर लिस्ट से विदेशी नागरिकों के नाम कैसे हटेंगे?’
हिमंता बिस्वा सरमा ने SIR का समर्थन करते हुए कहा कि देश में मतदाता सूची की गहन समीक्षा की जरूरत है। उन्होंने पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री इंद्रजीत गुप्ता का जिक्र करते हुए दावा किया कि उनके कार्यकाल में संसद में असम की मतदाता सूची में 30 लाख विदेशी नागरिकों के नाम शामिल होने की बात कही गई थी।
उन्होंने असम, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में हुए जनसांख्यिकीय बदलावों का उल्लेख करते हुए बांग्लादेश से घुसपैठ का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर देश में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन नहीं होगा, तो मतदाता सूची में कथित तौर पर शामिल विदेशी नागरिकों के नाम कैसे हटाए जाएंगे?
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि असम में हर दिन अवैध रूप से रह रहे लोगों को पकड़ने और उन्हें कानून के तहत वापस भेजने की कार्रवाई की जाती है। उनके मुताबिक, मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए SIR जरूरी है।
ममता बनर्जी के दिल्ली पहुंचने पर भी साधा निशाना
हिमंता बिस्वा सरमा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी में बंगाल की सड़कों पर विरोध प्रदर्शन करने का साहस नहीं है, इसलिए वह दिल्ली पहुंच गई हैं।
सरमा ने दावा किया कि अगर बंगाल की जनता ममता बनर्जी के साथ होती, तो बड़ी संख्या में लोग राज्य में उनके समर्थन में सड़कों पर उतरते। उन्होंने यह टिप्पणी ऐसे समय की है, जब SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर विपक्षी दलों और चुनाव आयोग के बीच राजनीतिक टकराव जारी है।
नगांव में BJP की जीत का किया जिक्र
असम के मुख्यमंत्री ने नगांव में बीजेपी की जीत का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी की जीत पर लोग जश्न मना रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि अगर चुनाव में वोटों की चोरी हुई होती, तो लोग विरोध प्रदर्शन करते और सड़कों पर उतरते।
सरमा ने दावा किया कि धार्मिक अल्पसंख्यकों की बड़ी आबादी वाले निर्वाचन क्षेत्रों में भी बीजेपी की जीत का जश्न मनाया जा रहा है। उन्होंने विपक्ष के वोट चोरी के आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव हारने के बाद नेताओं को अगली बार जनता का विश्वास जीतने के लिए काम करना चाहिए, न कि हार का ठीकरा चुनावी प्रक्रिया पर फोड़ना चाहिए।
‘राहुल गांधी लोकतांत्रिक संस्थाओं को बर्बाद करने में लगे’
हिमंता बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस को सुप्रीम कोर्ट, चुनाव आयोग और संसद जैसी संस्थाओं पर भरोसा नहीं है।
सरमा ने दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कहा कि अदालतों के फैसलों से असहमति जताने के लिए न्यायिक संस्थानों में हंगामा करना उचित नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि अगर इस तरह के विरोध को बढ़ावा मिला, तो भविष्य में अदालतों में अपने पक्ष में फैसला नहीं आने पर लोग प्रदर्शन करने पहुंच सकते हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव हारने वाले नेताओं को अपनी हार की समीक्षा करनी चाहिए और जनता के बीच जाकर काम करना चाहिए। सरमा के मुताबिक, राहुल गांधी नए नेताओं को यह संदेश दे रहे हैं कि चुनाव हारने पर वोट चोरी का आरोप लगा दिया जाए।
तमिलनाडु से गुजरात तक कांग्रेस की हार का किया जिक्र
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए हिमंता बिस्वा सरमा ने कई राज्यों में पार्टी के लंबे समय तक सत्ता से बाहर रहने का जिक्र किया। उन्होंने तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तर प्रदेश, बिहार, त्रिपुरा, गुजरात, ओडिशा और नागालैंड का उदाहरण दिया।
सरमा ने कहा कि तमिलनाडु में कांग्रेस करीब 70 साल से सत्ता में नहीं आई है, जबकि पश्चिम बंगाल में पार्टी लगभग 50 साल से सत्ता के करीब भी नहीं पहुंच पाई है। उन्होंने सिक्किम में 42 साल, उत्तर प्रदेश और बिहार में करीब 37 साल, त्रिपुरा में 33 साल, गुजरात में 31 साल, ओडिशा में 26 साल और नागालैंड में 23 साल से कांग्रेस के सत्ता से बाहर रहने का दावा किया।
उन्होंने सवाल किया कि जब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं थे और ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त नहीं थे, तब कांग्रेस इन राज्यों में चुनाव क्यों नहीं जीत पाई? गुजरात का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस ने नरेंद्र मोदी को हराने के लिए चुनाव लड़ा था, उस समय चुनाव आयुक्त की नियुक्ति डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में हुई थी। इसके बावजूद कांग्रेस गुजरात में जीत हासिल नहीं कर पाई। उन्होंने तंज कसते हुए सवाल किया, ‘तब वोट चोरी थे कि दिल चोरी थे?’
युवाओं को लेकर भी कांग्रेस पर हमला
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर युवाओं को गलत दिशा में ले जाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को युवाओं को पढ़ाई, इनोवेशन और स्टार्टअप के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए, न कि उन्हें विरोध प्रदर्शनों में शामिल होने के लिए कहना चाहिए। सरमा ने सवाल किया कि क्या माता-पिता अपने बच्चों को इसलिए बड़ा करते हैं कि वे राजनीतिक दलों के साथ सड़कों पर हंगामा करें?
यह भी पढ़ें: ‘हर प्रोटेस्ट का मकसद ज्ञानेश कुमार को हटाना है’, जब राहुल गांधी से CJP को लेकर पूछा गया सवाल
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी समेत तमाम विपक्षी दल एकबार फिर सड़कों पर हैं। बाराखंभा रोड से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक मार्च से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इंदिरा भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की जिसमें उन्होंने केंद्र सरकार को जमकर टारगेट किया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
