असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां को लेकर विवादित टिप्पणियों के बाद असम पुलिस ने कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला को समन जारी किया है। उन्हें 23 मई को पूछताछ में शामिल होने के लिए कहा गया है।
इससे पहले कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा असम क्राइम ब्रांच के सामने पेश हो चुके हैं। उनसे करीब 8 घंटे तक पूछताछ की गई थी। मीडिया से बात करते हुए पवन खेड़ा ने कहा था, “मुझसे हर वह सवाल पूछा गया, जो आमतौर पर किसी जांच के दौरान पूछा जाता है। 25 मई को दोबारा बुलाया गया है और मैं जरूर जाऊंगा। हर आम नागरिक को जांच में सहयोग करना चाहिए।”
जानकारी के लिए बता दें कि यह विवाद तब शुरू हुआ था जब कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने असम चुनाव के दौरान एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। उस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पवन खेड़ा ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां के पास भारत, यूएई और मिस्र के तीन पासपोर्ट हैं। उन्होंने यह भी दावा किया था कि दुबई में उनकी कई संपत्तियां मौजूद हैं।
हालांकि, हिमंता बिस्वा सरमा ने इन आरोपों का खंडन किया था। उन्होंने इसे पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल्स से फैलाया गया एआई-जनरेटेड प्रोपेगेंडा बताया था। मामले को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। एक तरफ कांग्रेस पूरे मामले को राजनीति से प्रेरित बता रही है, वहीं बीजेपी इसे पुलिस जांच और जवाबदेही से जुड़ा मामला बता रही है।
सीएम हिमंता बिस्वा सरमा तो सार्वजनिक मंचों के साथ कई बार पवन खेड़ा को चुनौती दे चुके हैं। हाल ही में उन्होंने कहा था कि कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को लेकर मेरी एक कमिटमेंट था। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें कह दिया कि असम के थाने में आकर हाजिरी लगाएं, बाकी आगे-आगे आप फिल्म देखते रहो। एक बार हिमंत बिस्वा सरमा बोलते हैं तो शायद ही पीछ पलट कर देखते हैं, तो आगे आप (मीडिया) देखते रहो। लेकिन पवन खेड़ा को मैं धन्यवाद देना चाहता हूं। असम की जनता ने उनको ‘पेड़ा’ बना दिया है। साथ ही आगे जाकर मेरी भी कुछ उन्हें लेकर जिम्मेदारी रहेगी, जो मैं जरूर पूरा करूंगा।
ये भी पढ़ें- भावुक हुईं हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां
