Assam Elections 2026: असम विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार से दो दिन पहले कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा पर तीन विदेशी पासपोर्ट रखने के आरोप लगाए थे। इसके बाद हिमंता की पत्नी ने पवन खेड़ा के खिलाफ FIR दर्ज कराई। जिसके आधार पर मंगलवार को असम पुलिस दिल्ली स्थित पवन खेड़ा के घर पहुंची, जहां वे नहीं मिले। इसके बाद सीएम हिमंता का आक्रामक बयान आया है कि असम पुलिस किसी भी इंसान को पाताल से भी ढूंढ निकालेगी।

दरअसल, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के दिल्ली में न मिलने को लेकर जब सीएम हिमंता से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, “वह कल गुवाहाटी से भाग गए थे। मुझे मीडिया के माध्यम से पता चला है कि पुलिस उनके दिल्ली स्थित आवास पर गई थी, लेकिन वह हैदराबाद भाग गए हैं। कानून अपना काम करेगा।” मुख्यमंत्री ने पवन खेड़ा के साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता विपक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा।

असम पुलिस ने क्या कहा?

हिमंता की पत्नी द्वारा दर्ज कराई गई FIR के आधार पर असम पुलिस की टीम दिल्ली पहुंची लेकिन पवन खेड़ा अपने घर पर नहीं मिले। इस संबंध में असम पुलिस के डीसीपी डॉ. देबजीत नाथ ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के आवास पर की गई तलाशी के बारे में कहा, “हमने उनके घर की तलाशी ली है। हम इससे अधिक जानकारी नहीं दे सकते।” मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, असम पुलिस ने पवन खेड़ा के घर पर नोटिस चस्पा किया है।

राहुल और खड़गे पर भी साधा निशाना

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्ल्किार्जुन खड़गे ने हिमंता बिस्वा सरमा को सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री बताया। उन्होंने सवाल उठाए कि आखिर हिमंता के खिलाफ जांच क्यों नहीं की जाती? पवन खेड़ा से जुड़ी FIR पर खड़गे ने कहा, “FIR किया है, करने दो, ऐसे बहुत केस देखे हैं, इनसे कोई नहीं डरता है।” खड़गे के बयान पर मुख्यमंत्री हिमंता ने उन्हें ‘पागल’ तक बता दिया और कहा कि विदेश में संपत्ति के मामले में पहले उन्हें विदेश मंत्री से बात करनी चाहिए थी। इसके बाद आरोप लगाने चाहिए थे।

मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा, “खड़गे जी बूढ़े हो गए हैं, फिर भी पागलों की तरह बोलते हैं। असम पुलिस ‘पाताल’ से भी लोगों को ढूंढकर ला सकती है। मुझे शक है कि राहुल गांधी ने उन्हें ये दस्तावेज दिए हैं। इसलिए यह मामला राहुल गांधी तक भी पहुंचेगा। हमें डराने की कोशिश मत करो। यह असम है, और हमने इस्लामी आक्रमण के खिलाफ 17 बार लड़ाई लड़ी है।”

झूठ छिपाया नहीं जा सकता- इमरान मसूद

हिमंता बिस्वा सरमा ने संकेत दिया कि इस मामले के तार नेता विपक्ष राहुल गांधी से भी जुड़ सकते हैं। हिमंता बिस्वा सरमा के बयान और पवन खेड़ा के खिलाफ जारी पुलिसिया कार्रवाई पर कांग्रेस सांसद और असम में कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य इमरान मसूद ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “मैं भी पवन खेड़ा की प्रेस कॉन्फ्रेंस सुन रहा था, और वह बहुत ही तथ्यात्मक ढंग से बोल रहे थे। वह गुवाहाटी में बैठकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे, जिससे उनके आत्मविश्वास का पता चलता है। सच्चाई जनता के सामने आएगी; झूठ को कभी छुपाया नहीं जा सकता।”

पवन खेड़ा पर एक्शन से जुड़ा क्या है मामला?

बता दें कि कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी पर आरोप लगाए थे, कि उनके पास तीन पासपोर्ट हैं। विदेशों में महंगी संपत्ति हैं। खेड़ा का दावा था कि हिमंता की पत्नी के पास 50 हजार करोड़ से ज्यादा की संपत्ति हैं, जिसकी जानकारी हिमंता ने अपने चुनावी हलफनामे में नहीं दी है। दूसरी ओर सीएम हिमंता ने इन सारे आरोपों को फर्जी बताते हुए कानूनी कार्रवाई की बात कही थी। इसके बाद ही हिमंता की पत्नी ने पवन खेड़ा के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी।

यह भी पढ़ें: असम पुलिस पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित घर पहुँची, हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी के पासपोर्ट मामले में ली तलाशी

assam police | assam elections | pawan khera | himanta biswa sarma
Pawan Khera News: असम पुलिस की टीम पहुंची। (Image Source – X)

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा जलकुबारी विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में हैं। इस सीट को हिमंता का गढ़ कहा जाता है। हिमंता बिस्वा सरमा की जलकुबारी विधानसभा सीट के साथ छह विधानसभा सीटें सीमा साझा करती हैं। इन सीटों में तीन सीटें,  पलासबाड़ी, हाजो-सुआलकुची और कमालपुर विधानससभाएं कामरूप जिले में आती हैं जबकि दो सीटें- दिसपुर और गुवाहाटी सेंट्रल- कामरूप जिले का हिस्सा हैं। इनके अलावा सिपाझार विधानसभा सीट दरांग जिले में आती है। पढ़िए पूरी खबर…