अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की पत्नी और पूर्व यूएस सेक्रेटरी हिलेरी क्लिंटन (Hillary Clinton) पिछले दिनों गुजरात की यात्रा पर थीं। गुजरात यात्रा के दौरान उन्होंने गुजरात राज्य के एक कोने में स्थित कच्छ के लिटिल रण (Little Rann of Kutch) के कठिन इलाके का भी दौरा किया। यहां उन्होंने नमक की खेती करने वाले किसानों से मुलाकात की।
हिलेरी क्लिंटन की गुजरात यात्रा (Gujarat Journey) को लेकर सुरक्षा के खास बंदोबस्त भी किए गए थे। अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, उनकी सुरक्षा व्यवस्था के तहत यहां बसे आखिरी गांव कूडा से लेकर अंदरूनी रेगिस्तानी इलाकों तक तैनात किए गए थे। जगह-जगह इन जवानों का सहारा जंगली बबूल के पेड़ बने। ये जवान जंगली बबूल के नीचे थोड़ी सी छांव में मुद्रा बदलते नजर आए।
इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर मौजूद अन्य पुलिस के जवान हिलेरी के कार्यक्रम के जल्द से जल्द समापान का इंतजार करते नजर आए क्योंकि यहां न तो रुकने की कोई व्यवस्था थी और न ही पानी की सुविधा।
समय मिलने पर हिलेरी ने की खरीदारी
एक तरफ हिलेरी क्लिंटन की सुरक्षा में तैनात जहां उनके कार्यक्रम के खत्म होने का इंतजार कर रहे थे तो वहीं दूसरी तरफ पूर्व यूएस सेक्रेटरी ने अपने इस गुजरात दौरे का जमकर नए अनुभव जमा करने में भरपूर उपयोग किया।
हिलेरी ने इस दौरान महिला किसानों से बातचीत की। किसानों के बीच हिलेरी क्लिंटन हैट, चश्मा, लाल कढ़ाई वाले सूती कुर्ता और पैंट पहने हुए थीं। ये सभी ग्रामीण महिलाओं द्वारा बनाए गए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, अपने तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर हिलेरी ज्यादतर समय बिजी रहीं। सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान उन्हें जब शॉपिंग का समय मिला तो उन्होंने सिर्फ “कुछ कुर्ते और कई दुपट्टे” खरीदे।
आज वाराणसी में रहेंगी हिलेरी क्लिंटन
गुजरात के बाद अब हिलेरी क्लिंटन वाराणसी की यात्रा करेंगी। यहां भी हिलेरी तीन दिन का प्रवास करेंगी। अपनी इस यात्रा के दौरान हिलेरी क्लिंटन विश्वनाथ धाम जाएंगी और दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में भी शामिल होंगी। वह सारनाथ और रामनगर भी जाएंगी और यहां से 11 फरवरी को स्पेशल विमान से दिल्ली लौटेंगी।