इस वक्त देश के कई हिस्सों में लू की स्थिति बनी हुई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में भीषण तापमान की चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञान विभाग ने 20 मई को जारी अपनी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि इस सप्ताह के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तथा अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वी भारत में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है।

लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बुधवार को उत्तर प्रदेश का बांदा जिला राज्य का सबसे गर्म रहा। यहां अधिक तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री ज्यादा था।

मौसम विभाग ने राज्य में अगले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। जिसके बाद ऑरेंज अलर्ट जारी किया जाएगा, क्योंकि तापमान अत्यधिक उच्च रहने की आशंका है।

आज दिल्ली में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। राजधानी में अगले कई दिनों तक भीषण गर्मी की लहर जारी रहने की आशंका है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली का अधिकतम तापमान 21 और 22 मई को 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि 23 से 26 मई के बीच तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

पंजाब और हरियाणा भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को भी पंजाब और हरियाणा में भीषण गर्मी की चपेट में रहने का सिलसिला जारी रहा, जहां रोहतक और बठिंडा में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। चंडीगढ़ में भी अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, क्योंकि पूरे क्षेत्र में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहा। हालांकि, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में छिटपुट बारिश और गरज के साथ तेज हवाएं चल रही हैं।

आने वाले पांच दिनों में मौसम कैसा रहेगा

मौसम विज्ञान विभाग ने अगले 5 दिनों के लिए इन क्षेत्रों में लू, गर्म और उमस भरे मौसम और गर्म रातों की चेतावनी जारी की है।

  • 24-26 मई: पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भीषण लू चलने की संभावना है।
  • 20-26 मई: पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति रहने की आशंका है।
  • 20-24 मई: छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में लू चलने की संभावना है।
  • 20-24 मई: ओडिशा में रात में गर्म मौसम रह सकता है। उत्तर प्रदेश में 21-22 मई को ऐसा मौसम देखने को मिल सकता है।
  • 20-24 मई: तमिलनाडु, पुडुचेरी, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और ओडिशा में गर्म और आर्द्र मौसम रहने की संभावना है।

इन क्षेत्रों के लिए स्वास्थ्य संबंधी सलाह

रेड अलर्ट क्षेत्र- संवेदनशील लोगों के लिए अत्यधिक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि आईएमडी का कहना है कि सभी उम्र के लोगों में गर्मी से संबंधित बीमारी और हीट स्ट्रोक होने की संभावना बहुत अधिक है।

ऑरेंज अलर्ट वाले क्षेत्र – मौसम विभाग ने लोगों को पर्याप्त पानी पीने, ओआरएस का सेवन करने और घर पर बने पेय जैसे लस्सी, छाछ और नींबू पानी का सेवन करने की सलाह देती है ताकि वे हाइड्रेटेड रहें।

येलो अलर्ट वाले क्षेत्र- संवेदनशील लोगों को सलाह दी गई है कि वे गर्मी के संपर्क में आने से बचें, ढीले सूती कपड़े पहनें और बाहर निकलते समय अपने सिर को ढक कर रखें।

क्या आपके मोबाइल पर भी आया सरकार का मैसेज? इन जगहों पर भीषण लू चलने की संभावना

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में आसमान से अंगारे बरस रहे हैं। हालात यह है कि सुबह नौ-दस बजे तेज धूप की वजह से घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश के बांदा में 48.2 डिग्री सेल्सियम तापमान दर्ज किया गया है। यह देश में सबसे ज्यादा था। पढ़ें पूरी खबर।