IMD : भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को कहा कि दक्षिण प्रायद्वीपीय क्षेत्र और उत्तर पश्चिम के कुछ हिस्सों को छोड़कर भारत के अधिकांश हिस्सों में अप्रैल और जून के महीनों के बीच सामान्य से अधिक अधिकतम तापमान रहने की संभावना है। आईएमडी के मुताबिक मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों, पूर्वी भारत और उत्तर पश्चिम भारत में तीन महीनों के दौरान हीटवेव की संभावना है।
किन राज्यों में ज्यादा है हीटवेव की संभावना?
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, उत्तरी छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र के पश्चिमी भाग, गुजरात और पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और पंजाब, हरियाणा में अप्रैल के महीने में सामान्य से अधिक गर्म हवाओं का अनुभव होने की भविष्यवाणी की गई है। आईएमडी ने कहा कि उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कुछ क्षेत्रों को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान अप्रैल के महीने में सामान्य से नीचे रहने की संभावना है।
इसके अलावा अप्रैल के महीने में बारिश की संभावना भी है। उत्तर पश्चिम, मध्य और प्रायद्वीपीय भारत के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक वर्षा होगी, और पूर्व, पूर्वोत्तर और भारत के पश्चिमी तट पर कुछ क्षेत्रों में सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है।
अभी और होगी बारिश?
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में शनिवार (1 अप्रैल, 2023) को गरज के साथ बारिश की होने की संभावना जताई है। एक और पश्चिमी विक्षोभ के 2 अप्रैल से उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है, 3 अप्रैल को बहुत हल्की बारिश या बूंदा बांदी होने की संभावना है। वहीं अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश से दिल्ली समेत देशभर के कई राज्यों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं शुक्रवार को दिल्ली के कुछ इलाकों में झमाझम बारिश हुई तो कहीं हल्की से मध्यम से बारिश दर्ज की गई। साथ ही अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, पिछले नौ घंटे (5:30 PM तक) में राजधानी में 0.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। जबकि आर्द्रता 100 प्रतिशत से 56 प्रतिशत के बीच रही। मौसम विभाग ने शनिवार को एक या दो स्थानों पर बहुत हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान लगाया है।