NEET Exam Cancelled: राजस्थान में कथित NEET-UG परीक्षा के पेपर लीक की जांच के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने 3 मई को आयोजित NEET-UG परीक्षा रद्द कर दी है। अब यह एग्जाम दोबारा होगा। पेपर लीक को लेकर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बीजेपी सरकार पर हमला बोला है।
AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “आपने जो संसद में कानून बनाया उसका क्या हुआ। हम ये कर देंगे वो कर देंगे। ये पेपर कैसे लीक हो गया और कहां गया वो प्रधानमंत्री की मन की बात जो बच्चों को बोल रहे थे कि टेंशन मत लो। अब उन बच्चों को प्रधानमंत्री क्या जवाब देंगे। मन की बात में तो आपने बच्चों को कह दिया कि टेंशन मत लो। जो बच्चे पिछले दो साल से तैयारी कर रहे हैं, उनके मां-बाप लाखों रुपये कोचिंग सेंटर में बर्बाद कर दिए, उन पर क्या गुजर रही होगी।”
शायद प्रधानमंत्री एक और मन की बात कर देंगे- ओवैसी
असदुद्दीन ओवैसी ने पत्रकारों से बातचीत में आगे कहा, “उन गरीब बच्चों के ऊपर क्या गुजर रही होगी, जो ख्बाव देखते हैं कि नीट के एक एग्जाम को क्वालिफाई करें। बीजेपी को जवाब देना होगा और शायद प्रधानमंत्री एक और मन की बात कर देंगे। मगर उन बच्चे और बच्चियों का आज दिल टूटा हुआ है। उनके मां-बाप को अब समझ में नहीं आ रहा है कि वो क्या करें।”
NEET-UG परीक्षा रद्द
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने मंगलवार को NEET-UG परीक्षा को रद्द कर दिया। यह फैसला इस वजह से लिया गया क्योंकि आरोप लगे थे कि 3 मई को होने वाली परीक्षा से एक रात पहले प्रश्न पत्र लीक हो गया था। एजेंसी ने कहा कि यह परीक्षा दोबारा से आयोजित की जाएगी। एनटीए ने कहा कि उसकी समीक्षा से यह साबित हो गया है कि परीक्षा प्रक्रिया को जारी रखना संभव नहीं था। उसने यह भी बताया कि केंद्र ने मामले को आगे की जांच के लिए सीबीआई को सौंपने का फैसला किया है। एजेंसी ने कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग करेगी और सभी जरूरी दस्तावेज और मदद देगी। इस परीक्षा के रद्द होने के बाद देश के कई हिस्सों में छात्र संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए।
NTA ने री-एग्जाम को लेकर क्या कहा?
एनटीए ने पुष्टि की है कि NEET UG 2026 परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। नई परीक्षा तिथि जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। एजेंसी ने माना कि परीक्षा रद्द होने से छात्रों और परिवारों को असुविधा होगी, लेकिन समझौता की गई परीक्षा को जारी रखना शिक्षा व्यवस्था पर लोगों के भरोसे को और अधिक नुकसान पहुंचा सकता था। पढ़ें पूरी खबर…
