Hantavirus News Update: स्पेन स्थिति भारतीय दूतावास ने रविवार को कहा कि दो भारतीय क्रू सदस्य जो हंता वायरस से प्रभावित डच क्रूज एमवी हॉन्डियस में मौजूद थे, उन्हें बाहर निकाल लिया गया है। वो सुरक्षित हैं और वायरस से प्रभावित होने के लक्षण नहीं दिखा रहे। दोनों को फिलहाल तय स्वास्थ्य मानकों के तहत निदरलैंड में क्वारंटीन किया जा रहा है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार अपने बयान में दूतावास ने कहा कि हंता वायरस संक्रमण का पता चलने के बाद कैनरी द्वीप के पास रोके गए डच जहाज एमवी हॉन्डियस पर सवार करीब 150 लोगों में दो भारतीय नागरिक भी शामिल थे। बाद में जहाज स्पेन पहुंचा, जहां सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के तहत उतारा गया।
दोनों को क्वारंटीन में रखा जाएगा
स्पेन स्थित भारतीय दूतावास ने बयान जारी कर कहा कि दोनों भारतीय नागरिक पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनमें संक्रमण के कोई लक्षण नहीं हैं। दूतावास के मुताबिक स्पेन के नेशनल सेंटर फॉर इमरजेंसी मॉनिटरिंग एंड कोऑर्डिनेशन (CENEM) की जानकारी के अनुसार दोनों भारतीय क्रू मेंबर्स को नीदरलैंड भेजा गया है, जहां उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा नियमों के तहत क्वारंटीन में रखा जाएगा।
भारतीय दूतावास ने बताया कि भारतीय राजदूत लगातार स्पेनिश अधिकारियों और भारतीय नागरिकों के संपर्क में हैं। उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है। दूसरी ओर विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इस मामले को लेकर तकनीकी नोट जारी किया है। WHO ने सदस्य देशों को सलाह दी है कि वे एमवी हॉन्डियस से जुड़े संभावित या पुष्टि किए गए मामलों के संपर्क में आए लोगों की पहचान, निगरानी और प्रबंधन के लिए त्वरित कदम उठाएं।
एंडीज वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई
WHO के अनुसार, एंडीज वायरस के मामलों में सीमित मानव से मानव संक्रमण देखा गया है। आमतौर पर यह लंबे और करीबी संपर्क से फैलता है। WHO के मुताबिक, 8 मई तक हंटावायरस के कुल आठ मामले सामने आए हैं, जिनमें तीन लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से छह मामलों में एंडीज वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है।
भारत में विशेषज्ञों ने फिलहाल चिंता की कोई बड़ी बात नहीं बताई है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के पुणे स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी के निदेशक डॉ. नवीन कुमार ने कहा कि यह मामले आयातित हैं और भारत में सामुदायिक संक्रमण का संकेत नहीं देते।
उन्होंने कहा कि हंता वायरस मुख्य रूप से चूहों और अन्य कुतरने वाले जीव से फैलता है और इंसानों के बीच इसका संक्रमण बहुत रेयर होता है, इसलिए फिलहाल सार्वजनिक स्वास्थ्य जोखिम कम है।
यह भी पढ़ें – हंता वायरस पर भारत रख रहा बारीकी से नजर, स्वास्थ्य मंत्रालय ने की हाई-लेवल मीटिंग, कितना खतरनाक है ये?
डच क्रूज शिप एमवी होंडियस पर हंता वायरस को प्रकोप फैला हुआ है। भारत सरकार का केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय हंता वायरस के सामने आए मामलों से जुड़े बदलती स्थिति पर नजर रख रहा है। पूरी खबर पढ़ें…
