West Bengal News: टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने पार्टी में हो रही अपनी आलोचनाओं का जवाब दिया है। ममता बनर्जी के भतीजे ने कहा कि कल्याण बनर्जी मुझसे उम्र में बड़े हैं। उन्हें अपनी राय रखने का अधिकार है। उन्होंने मुझे बचपन से देखा है। मैं उनके खिलाफ कुछ नहीं कहूंगा।

तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर भी हमला बोला है। उन्होंने कहा, “चुनाव के दौरान उन्होंने मेरे खिलाफ कोई शिकायत नहीं की थी। लेकिन अब सरकार बदल गई है और वे बार-बार मेरे खिलाफ मामले दर्ज कर रहे हैं। अमित शाह के भड़काऊ बयानों के लिए उनके खिलाफ एफआईआर क्यों नहीं होनी चाहिए।”

विधायक और सांसद खरीदकर टीएमसी को झुकाया नहीं जा सकता- अभिषेक बनर्जी

अभिषेक बनर्जी ने आगे कहा, “कई लोग सीआईडी से मिली जानकारी के आधार पर मेरे पेश होने से जुड़ी खबरें चला रहे हैं। हम इस मामले में हो रही लीक के खिलाफ हाई कोर्ट जाएंगे, जबकि मैं इस विचाराधीन मामले के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं कर रहा हूं। हम इस लड़ाई में जरा भी पीछे नहीं हटेंगे। आप हमें झुका नहीं सकते, हम एजेंसियों से डरते नहीं हैं। एमएलए और सांसद को खरीदकर टीएमसी को झुकाया नहीं जा सकता। आपने कहा था कि आप अन्नपूर्णा भंडार देंगे, लेकिन अब हालात अलग हैं।”

सीआईडी जांच पर क्या बोले अभिषेक बनर्जी

टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा, “आप जानते हैं कि मुझे सीआईडी ने बुलाया था। मैं वहां 5.30 घंटे तक रहा। मुझे 14 जून को फिर से बुलाया गया है। मैं वहां जाऊंगा। मैं हमेशा इस तरह की जांच में सहयोग करता हूं। मुझे किसी दूसरे मामले में भी समन भेजा जा सकता है। मैंने उनसे कहा है कि वे किसी और को नोटिस दें क्योंकि मैं वहां नहीं था। लेकिन मैंने सुना है कि वे इंतजार कर रहे थे। अगर वे तब नोटिस देना चाहते हैं जब मैं वहां न होऊं और किसी और को नोटिस लेने की इजाजत न हो, तो उन्हें मेरे घर लौटने का इंतजार करना होगा। मैं हमेशा एजेंसियों के साथ सहयोग करता हूं।”

कल्याण बनर्जी ने क्या आरोप लगाए थे

अभिषेक पर आरोप लगाते हुए कल्याण बनर्जी ने कहा कि वो घमंडी हो गए हैं और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आदर नहीं करते हैं। कल्याण बनर्जी के अनुसार अब वो अभिषेक का केस नहीं लड़ेंगे। कल्याण ने कहा कि अभिषेक के काम करने के तरीकों को लेकर पार्टी में असंतोष है। उन्होंने कहा कि अगर ममता बनर्जी अभिषेक के साथ मिलकर पार्टी चलाना चाहती हैं तो मैं नहीं रहूंगा। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…