केंद्रीय मंत्री और JD(S) नेता HD कुमारस्वामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार पर तीखा हमला बोला और उन्हें ‘कर्नाटक का स्टिंग सम्राट’ कह दिया। उन्होंने कथित सिद्धारमैया स्टिंग ऑपरेशन मामले को लेकर फिर से आरापों को दोहराया कि इसके पीछे शिवकुमार का हाथ है।।

HD कुमारस्वामी ने पत्रकारों से कहा, “सिद्धारमैया को मुख्यमंत्री के पद से हटाने के लिए एक सुनियोजित साजिश रची गई थी। इसके पीछे जो लोग थे, उन्होंने कांग्रेस आलाकमान को भी गुमराह किया।”

कुमारस्वामी ने लगाया यह आरोप

HD कुमारस्वामी ने आगे यह भी आरोप लगाया कि उनकी योजना स्टिंग ऑपरेशन में शामिल किसी व्यक्ति को अदालत में पेश करने और उससे ऐसा बयान दिलवाने की थी, जिससे वे (कुमारस्वामी) इसमें फंस जाएं।

उन्होंने कहा, “मैं एच.डी. रेवन्ना नहीं हूं, जो ऐसी साजिशों में आसानी से फंस जाए। मुझे पता है कि इन चालों का जवाब कैसे देना है। इसीलिए उन्होंने हमारी पार्टी की सोशल मीडिया टीम के एक युवा कार्यकर्ता को निशाना बनाया और उसे परेशान किया। उन्होंने एक अन्य कार्यकर्ता के घर पर भी हंगामा किया। यह गृह मंत्री के अति-उत्साह का नतीजा है।” कुमारस्वामी ने यह बात प्रियंक खड़गे पर निशाना साधते हुए कही, जिन्होंने जांच की मांग करने पर कुमारस्वामी पर ‘दोहरे मापदंड’ अपनाने का आरोप लगाया था।

प्रियंक खड़के ने क्या किया पोस्ट?

प्रियंक खड़गे ने एक्स पर लिखा, “RSS का नया चहेता मीडिया के सामने आकर जांच की मांग करता है। लेकिन जैसे ही जांच शुरू होती है, वह तुरंत कमिश्नर के पास भागता है और गुहार लगाता है कि ‘मेरे लड़कों की जांच मत करो! दूसरों के लिए जवाबदेही, और अपनों के लिए छूट।”

केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने गुरुवार को कर्नाटक पुलिस को खुली चुनौती दे दी है। उन्होंने पुलिस से कहा कि पूर्व सीएम सिद्धारमैया को निशाना बनाकर कथित तौर पर शेयर किए जा रहे वीडियो की जांच से पहले उनसे पूछताछ करे, और जांचकर्ताओं पर जेडी (एस) कार्यकर्ताओं को परेशान करने का आरोप भी लगाया।

मंत्री एचडी कुमारस्वामी बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर के कार्यालय पहुंचे और अपनी इस मांग को दोहराते हुए कहा कि जांच की शुरुआत उनसे ही की जाए। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस इस मामले को लेकर जेडी(एस) की सोशल मीडिया टीम को निशाना बना रही है।

कमिश्नर से अनुरोध किया- HD कुमारस्वामी

उन्होंने पुलिस कमिश्नर ऑफिस के बाहर पत्रकारों से कहा, “मैंने कमिश्नर से अनुरोध किया है, वे जो भी जांच करना चाहें, मुझसे शुरू करें। आप अभी शुरू कर सकते हैं। आप अपने अधिकारियों को मेरे खिलाफ जांच करने का निर्देश दे सकते हैं।”

मंगलवार को एक कोर्ट ने कुछ मीडिया संस्थाओं और डिजिटल प्लेटफॉर्मों को कथित तौर पर मानहानिकारक सामग्री और वायरल वीडियो शेयर करने या पब्लिश करने से रोक दिया, इसमें सिद्धारमैया को एक स्टिंग ऑपरेशन से जोड़ा गया था।

कब छिड़ा यह विवाद?

यह मामला तब चर्चा में छिड़ा जब मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने अपने मंत्रियों को संभावित स्टिंग ऑपरेशन या जालसाजी के जरिए उन्हें फंसाने और कांग्रेस सरकार को बदनाम करने की चेतावनी दी।

इससे पहले दिन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में एचडी कुमारस्वामी ने आरोप लगाया कि सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों ने मंगलवार को सुबह 6 बजे जेडी(एस) सोशल मीडिया टीम के एक सदस्य को उठाया और पूछताछ के लिए उसे एक अज्ञात शेड/गोदाम में ले गए।

उन्होंने दावा किया कि पुलिसकर्मियों ने पार्टी कार्यकर्ता से कई घंटों तक पूछताछ की और उसे एक अन्य व्यक्ति से संपर्क करने के लिए कहा, जिससे बाद में पूछताछ की गई। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि पुलिस विपक्ष को फंसाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं से जानकारी निकालने की कोशिश कर रही थी।

स्टिंग ऑपरेशन के पीछे CM- कुमारस्वामी

एचडी कुमारस्वामी ने आरोप लगाया कि सीएम शिवकुमार इस कथित स्टिंग ऑपरेशन के पीछे थे और उन्होंने एक कन्नड़ टीवी चैनल के मालिक-संपादक को इसमें शामिल किया। बताया जा रहा कि चैनल मालिक-संपादक से मंगलवार को पूछताछ की गई।

उन्होंने बीएनएस के प्रावधानों के तहत दर्ज एफआईआर के संबंध में पार्टी के आईटी सेल के एक अन्य सदस्य को जारी किए गए नोटिस पर पुलिस से सवाल भी किया। एचडी कुमारस्वामी के मुताबिक, नोटिस बुधवार रात करीब 08.30 बजे जारी किया गया था। उन्होंने जारी करने के आधार और जांच के तरीके पर सवाल खड़े किए। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिसिया कार्रवाई की आलोचना करते हुए पूछा, “क्या हम इसी तरह जांच करते हैं?”

पांच से अधिक लोगों से की पूछताछ

सूत्रों के मुताबिक, सेंट्रल क्राइम ब्रांच (सीसीबी) की साइबर क्राइम पुलिस टीम ने कथित तौर पर बनाने और शेयर करने के सिलसिले में पांच से अधिक लोगों से पूछताछ की है। सूत्रों के मुताबिक, जिन लोगों से पूछताछ की गई है उनमें जेडी(एस) के पांच कार्यकर्ता शामिल हैं।

पूर्व सीएम सिद्धारमैया ने बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी, उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया पर फर्जी और दुर्भावनापूर्ण वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। शिकायत को सीसीबी साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन को ट्रांसफर कर दिया गया और मामला दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: ‘कांग्रेस के 25 विधायक BJP में शामिल होने को तैयार’, प्रदेश अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र का दावा; CM बोले- बिल्कुल देर मत करो

कर्नाटक में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र के एक दावे ने राजनीतिक अस्थिरता पैदा कर दी है। दरअसल, सोमवार को उन्होंने मीडिया से बात करते हुए यह दावा किया कि अगर राज्य में अभी चुनाव की घोषणा हो जाए, तो कई कैबिनेट मंत्रियों समेत कांग्रेस के 25 विधायक बीजेपी में शामिल होने को तैयार हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें