PM Modi Netherlands Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नीदरलैंड में भारतीय प्रवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें यहां पर घर जैसा महसूस होता है। इतना ही नहीं पीएम मोदी ने झालमुड़ी का भी जिक्र किया।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “क्या झालमुड़ी नीदरलैंड भी पहुंच गई है।” प्रधानमंत्री की बात सुन वहां पर मौजूद लोग हंस पड़े। प्रधानमंत्री ने भारत की लोकतांत्रिक भागीदारी के बारे में भी बात करते हुए कहा कि भारत में हर साल रिकॉर्ड तोड़ मतदान हो रहा है। 2024 के लोकसभा चुनावों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 64 करोड़ से अधिक लोगों ने अपने वोट डाले, जो उन्होंने बताया कि यूरोपीय संघ की जनसंख्या से भी अधिक है।
16 मई का दिन विशेष है- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, “आज 16 मई है, और ये दिन एक और वजह से बहुत विशेष है। आज से 12 वर्ष पहले 16 मई 2014 को कुछ खास हुआ था। 2014 में आज के ही दिन लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे। दशकों बाद भारत में स्थिर और पूर्ण बहुमत वाली सरकार का बनना पक्का हुआ था। एक वो दिन था और एक आज का दिन है। कोटि-कोटि भारतवासियों का विश्वास मुझे न रुकने देता है और न थकने देता है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “बहुत कम उम्र से ही मैं देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत था। आप सब मेरे परिवार बन गए। मैंने ‘मैं’ से ‘हम’ का मार्ग चुना। फिर आपकी खुशी मेरी खुशी बन गई और आपका कल्याण मेरा कर्तव्य। मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि मुझे जनता से इतना प्यार मिलेगा। जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूं। मुख्यमंत्री के रूप में 13 वर्ष और प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष की सेवा।”
भारत-नीदरलैंड मैच का पीएम मोदी ने किया जिक्र
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “नीदरलैंड्स में क्रिकेट के क्षेत्र में भारतीय समुदाय का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। भारत ने टी20 विश्व कप की मेजबानी की, जहां नीदरलैंड्स ने शानदार प्रदर्शन किया। भारत विश्व चैंपियन है, लेकिन मैच में नीदरलैंड्स ने भारत को कड़ी टक्कर दी।”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “जैसे भारत कमल के लिए प्रसिद्ध है, वैसे ही नीदरलैंड ट्यूलिप के लिए प्रसिद्ध है। ट्यूलिप और कमल दोनों ही हमें सिखाते हैं कि जड़ें चाहे पानी में हों या धरती में, सुंदरता और शक्ति दोनों ही प्राप्त होती हैं।”
पीएम मोदी ने झाड़ग्राम में खाई थी झालमुड़ी
बता दें कि अप्रैल में पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने झाड़ग्राम में अचानक रुककर सड़क किनारे एक स्टॉल से झालमुड़ी खाई थी। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के बीच राजनीतिक बहस छिड़ गई थी।
भारत के लिए 30 मिलियन बैरल तेल स्टोर रखेगा यूएई
मिडिल ईस्ट में चल रहे संकट के बीच शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूएई पहुंचे। इस दौरान दोनों देशों ने कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इनमें एक रणनीतिक डिफेंस साझेदारी, भारत के लिए 30 मिलियन बैरल तेल भंडारण, एलपीजी की आपूर्ति और गुजरात के वाडनगर में एक शिप रिपेयर क्लस्टर बनाना शामिल हैं। इसके अलावा, यूएई ने भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर, आरबीएल बैंक और सम्मान कैपिटल में कुल पांच अरब डॉलर के निवेश का भी वादा किया है। पढ़ें पूरी खबर…
