हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने पुलिस विभाग में 5,500 सिपाही पदों की भर्ती के लिए शारीरिक माप परीक्षण (पीएमटी) की घोषणा कर दी है। यह प्रक्रिया 20 अप्रैल से पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में शुरू हो रही है। हालांकि पहले यह आयोजन 15 अप्रैल से शुरू किए जाने की चर्चा थी। आयोग के अध्यक्ष की ओर से कई बार इस संबंध में संकेत दिए गए। इसके बावजूद अंतिम समय में पीएमटी के कार्यक्रम में बदलाव कर दिया है। इस बदलाव के पीछे के कारण अभी स्पष्ट नहीं किए गए हैं।

आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर बताया कि 17 अप्रैल को वेबसाइट पर प्रवेश पत्र (Admit Card) जारी कर दिए जाएंगे। 20 अप्रैल की सुबह पीएमटी की शुरुआत होगी। आयोग के आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस भर्ती के लिए करीब 2.70 लाख युवाओं ने आवेदन किया है। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए आयोग ने चरणबद्ध समयसारिणी तैयार की है।

पहले हफ्ते तक हर रोज लगभग एक हजार अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा और उसके बाद प्रतिदिन तीन हजार तक आवेदक बुलाए जाएंगे। सुबह 6:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।

भर्ती प्रक्रिया में 25 उच्च स्तरीय मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा। इन मशीनों में लगे सेंसर यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी उम्मीदवार एड़ी उठाकर या गलत तरीके से अपनी ऊंचाई बढ़ाकर फायदा न ले सके। अगर कोई उम्मीदवार माप के दौरान हल्की सी भी चालाकी करता है, तो स्क्रीन पर तुरंत ‘शून्य’ दिखेगा और उसे वहीं बाहर कर दिया जाएगा।

इस बार भर्ती प्रक्रिया में रेडियो आवृत्ति पहचान (आरएफआईडी) तकनीक भी लागू की गई है। इससे हर उम्मीदवार की गतिविधि पर नजर रखी जाएगी और किसी भी तरह की गड़बड़ी को तुरंत पकड़ा जा सकेगा। पुरुष उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई 170 सेंटीमीटर और छाती 83 सेंटीमीटर (चार सेमी फुलाव के साथ) निर्धारित की गई है। महिलाओं के लिए 158 सेंटीमीटर लंबाई जरूरी है।

पीएमटी के बाद पीएसटी होगा, जिसमें पुरुषों को 12 मिनट में 2.5 किलोमीटर दौड़ और महिलाओं को छह मिनट में एक किमी दौड़ पूरी करनी होगी। कोई भी फर्जी जानकारी, गलत दस्तावेज या नियमों के उल्लंघन पर उम्मीदवार को तुरंत बाहर कर दिया जाएगा।

इस भर्ती में शामिल होने के लिए सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) उत्तीर्ण करना अनिवार्य है। इसके बाद ही उम्मीदवार पीएमटी और आगे की प्रक्रिया में हिस्सा ले सकते हैं। शारीरिक माप परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल टेस्ट से गुजरना होगा। पूरी प्रक्रिया में छह से नौ महीने का समय लग सकता है।