बीजेपी मंत्री ने निपाह वायरस से की राहुल गांधी की तुलना, बोले- जो भी इसके साथ आएगा फना हो जाएगा
हरियाणा की खट्टर सरकार में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने सोशल साइट ट्विटर पर 'राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए लिखा कि राहुल गांधी निपाह वायरस हैं। जो भी राजनीतिक पार्टी इसके संपर्क में आएगी वो फना हो जाएगी'।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर विवादित बयान दे दिया है। हरियाणा की खट्टर सरकार में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने सोशल साइट ट्विटर पर ‘राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए लिखा कि राहुल गांधी निपाह वायरस हैं। जो भी राजनीतिक पार्टी इसके संपर्क में आएगी वो फना हो जाएगी’। हाल ही में कांग्रेस ने जेडीएस के साथ मिलकर कर्नाटक में गठबंधन की सरकार बनाई है। ऐसा कहा जा रहा है कि अनिल विज ने इसी गठबंधन पर हमला करते हुए राहुल गांधी को निशाने पर लिया है।
कई बार दे चुके हैं विवादित बयान: हरियाणा के मंत्री अनिल विज अक्सर ही अपने बयानों को लेकर विवादों में रहते हैं। अभी कुछ ही दिनों पहले अनिव विज ने खुले में नमाज पढ़ने को लेकर बयान दिया था। अनिव विज ने कहा था कि ‘कभी-कभी किसी को अगर जरूरत पड़ जाती है तो धर्म की आजादी दी जाती है लेकिन किसी जगह को कब्जा करने की नीयत से नमाज पढ़ना गलत है’। गुजरात चुनाव के वक्त भी अनिल विज ने बिना किसी पार्टी और नेता का नाम ट्वीट किया था कि ‘100 कुत्ते मिलकर भी एक शेर का मुकाबला नहीं कर सकते’। साल 2015 में अनिल विज एक महिला अफसर से भिड़ गए थे। उन्होंने अफसर को भरी सभा में गेट आउट कह दिया था, लेकिन अफसर ने वहां जाने से इनकार कर दिया था जिसके बाद वो खुद उठकर वहां से चले गए थे।
क्या है निपाह वायरस? विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक निपाह वायरस एक नया उभरता हुआ ज़ूनोसिस है जो जानवरों और मनुष्यों दोनों में गंभीर बीमारी का कारण बनता है। यह चमगादड़ों से फैलता है और इससे जानवर और इंसान दोनों ही प्रभावित होते हैं।
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से तटीय राज्य केरल में निपाह वायरस का आतंक फैला हुआ है। कहा जा रहा है कि यह वायरस चमगादड़ों से फलों और फिर इंसानों में फैलता है। केरल के कोझिकोड में सबसे पहले इसके मामले सामने आए थे। चमगादड़ों से फैलने वाली इस बीमारी से अब तक 12 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।