Hardeep Singh Puri Networth: मध्य प्रदेश की राज्यसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में नामांकन दाखिल करने वाले केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार हरदीप सिंह पुरी के मुकाबले उनकी पत्नी लक्ष्मी पुरी की आय, चल संपत्ति और बैंक जमा मामले में कहीं ज्यादा अमीर हैं।
पुरी की ओर से राज्यसभा उपचुनाव के लिए शनिवार को नामांकन पत्र के साथ जमा किए हलफनामे में दिए गए स्वयं व पत्नी की संपत्ति के ब्योरे में यह जानकारी सामने आई है। इसके मुताबिक हरदीप सिंह पुरी के पास कुल 6.54 करोड़ रुपए की चल और 20 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है, जिसमें दिल्ली के वेस्ट एंड में स्थित आवासीय भवन शामिल है।
पांच साल में कितनी बढ़ी सालाना आय?
पिछले पांच साल में उनकी सालाना आय 63.36 लाख से बढ़कर 75.57 लाख रुपए हो गई है। हरदीप सिंह पुरी ने पेंशन, केंद्रीय मंत्री के रूप में मिलने वाला वेतन, दिल्ली स्थित संपत्ति से मिलने वाला किराया और बैंक में जमा राशि पर मिलने वाले ब्याज को आय का स्रोत बताया है।
हलफनामे के मुताबिक, उनकी पत्नी लक्ष्मी पुरी के पास 10.66 करोड़ रुपए की चल और नौ करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। उनकी अचल संपत्ति में ग्रेटर नोएडा में 19.52 लाख रुपए मूल्य का एक घर और 30 लाख स्विस फ्रैंक मूल्य का स्विट्जरलैंड के जेनेवा में एक अपार्टमेंट शामिल है।
पत्नी के पास कितनी संपत्ति
हरदीप सिंह पुरी की ओर से जारी ब्योरे के मुताबिक उनकी पत्नी के पास 30 लाख स्विस फ्रैंक और 2,90,658 अमेरिकी डालर भी हैं। पिछले पांच सालों में पुरी का सालाना आय में जहां करीब 12.21 लाख रुपए की वृद्धि हुई है, वहीं उनकी पत्नी की आय इन पांच वर्षों में 15.39 लाख से बढ़कर 1.69 करोड़ रुपए हो गए।
हलफनामे में लक्ष्मी पुरी की संपत्ति की आय का स्रोत भारत सरकार और संयुक्त राष्ट्र से मिलने वाली पेंशन, जिनेवा (स्विट्जरलैंड) स्थित संपत्ति से मिलने वाला किराया और बैंक जमा पर मिलने वाला ब्याज बताया गया है। भारतीय विदेश सेवा से सेवानिवृत्त लक्ष्मी पुरी राजनयिक और संयुक्त राष्ट्र में अधिकारी रह चुकी हैं।
नकद पैसा केवल 10 हजार
हलफनामे के मुताबिक पुरी के पास सिर्फ 10,000 रुपए नकद और करीब 32 लाख रुपए मूल्य की एक गाड़ी है जबकि उनकी पत्नी के पास 20,000 रुपए नकद और 45 लाख रुपए मूल्य के गहने हैं। इसके मुताबिक, हरदीप सिंह पुरी के पास दिल्ली के चार विभिन्न बैंक खातों में करीब 22.20 लाख रुपए बैलेंस है जबकि उनकी पत्नी के दिल्ली स्थित दो बैंक खातों में करीब 1.02 करोड़ रुपए हैं।
दोनों के पब्लिक प्रोविडेंट फंड (पीपीएफ) और सीनियर सिटीजन सेंविंग के अपने-अपने खातों में क्रमश: 20,54,690 और 30,00,000 रुपए हैं। हलफनामे के मुताबिक पुरी और उनकी पत्नी पर किसी भी बैंक या वित्तीय संस्थान का कोई कर्ज या देनदारी बकाया नहीं है।
इसके साथ ही पुरी के खिलाफ कोई भी आपराधिक मामला लंबित नहीं है और न ही उन्हें कभी किसी मामले में दोषी ठहराया गया है। बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने 28 अक्तूबर को पुरी को उम्मीदवार घोषित किया था। यह सीट केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री एल मुरुगन के इस्तीफे के कारण रिक्त हुई है। मुरुगन का कार्यकाल अप्रैल 2030 में समाप्त होना था।
यह भी पढ़ें: राम जन्मभूमि परिसर में जलेंगे एक लाख दीये, दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा करेंगे सीएम योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को अयोध्या का दौरा करेंगे और दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लेंगे। एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी अयोध्या यात्रा के दौरान हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में दर्शन करेंगे। बयान में बताया गया कि इसके अलावा वह साकेत महाविद्यालय, राम की पैड़ी, राम कथा पार्क और सरयू आरती स्थल का निरीक्षण करेंगे। पढ़िए पूरी खबर…
