कांग्रेस के नेतृत्वा वाला इंडिया गठबंधन इस सप्ताह के अंत में चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ ‘वोट चोरी’ अभियान तेज करने की तैयारी में है। इसके तहत शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘जनता की अदालत में महाभियोग’ जैसा आयोजन किया जाएगा। वहीं, रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली करने की योजना है।

प्रशासन ने रामलीला मैदान में ‘जनता की अदालत में महाभियोग’ कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं दी है। ऐसे में इंडिया गठबंधन के नेता शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर यह आयोजन करने की तैयारी कर रहे हैं। इंडिया गठबंधन के सभी नेताओं को रविवार को रामलीला मैदान में होने वाली रैली में ज्यादा से ज्यादा लोगों को जुटाने के लिए कहा गया है।

विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों से भरे इस सप्ताहांत से पहले करीब दो सप्ताह तक उसका अभियान धीमा रहा। विपक्ष विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूचियों में बदलाव को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहा है।

जनता की अदालत में ‘महाभियोग’ की तैयारी

कांग्रेस के एक वरिष्ठ सांसद ने ‘जनता की अदालत में महाभियोग’ कार्यक्रम के बारे में कहा, “हमने ज्ञानेश कुमार को हटाने के लिए संसद के दोनों सदनों में कई प्रस्ताव दिए हैं। लेकिन जरूरी संख्या बल होने के बावजूद हमारे प्रस्ताव किसी भी सदन में स्वीकार नहीं किए गए। अब हमारे पास जनता के सामने महाभियोग चलाने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।”

इस साल अप्रैल में संसद के दोनों सदनों के पीठासीन अधिकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने के लिए विपक्ष की ओर से लाए गए महाभियोग प्रस्तावों को खारिज कर दिया था।

प्रतीकात्मक महाभियोग कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल ने मल्लिकार्जुन खरगे के आवास का दौरा किया। तैयारियों के तहत मल्लिकार्जुन खरगे के बंगले के लॉन में मंच बनाया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, कार्यक्रम में प्रतीकात्मक सुनवाई के साथ संसद और अदालत की कार्यवाही की झलक भी देखने को मिलेगी। इंडिया गठबंधन के सांसदों के अलावा जाने-माने न्यायविद, वकील, आम लोग और अन्य लोग भी इसमें अपनी बात रख सकेंगे।

एक सूत्र ने बताया, “अभी यह तय किया जा रहा है कि कौन क्या भूमिका निभाएगा। इसे एक छोटे नाटक की तरह समझ सकते हैं, जिसमें हर व्यक्ति की अपनी भूमिका होगी। एसआईआर से प्रभावित लोगों समेत आम नागरिकों को भी बुलाया जाएगा।”

इंडिया गठबंधन के एक वरिष्ठ सांसद ने कहा, “इसे एकांकी नाटक कह सकते हैं। आखिर में फैसला वहां मौजूद जनता पर छोड़ दिया जाएगा। कार्यवाही के दौरान कोई व्यक्ति ज्ञानेश कुमार को हटाने का प्रस्ताव पेश करेगा और दोनों पक्ष अपनी-अपनी दलीलें रखेंगे। इसके बाद वहां मौजूद लोग अपना फैसला सुनाएंगे।”

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इस तरह के ‘जनता की अदालत में महाभियोग’ का विचार एक वामपंथी सांसद ने 13 अक्टूबर को दिया था। उस दिन राहुल गांधी ने इंडिया गठबंधन के नेताओं और नागरिक समाज के सदस्यों के लिए चाय पर चर्चा रखी थी। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी को यह विचार तुरंत पसंद आया और उन्होंने अपनी पार्टी से इसकी तैयारी करने को कहा।

रविवार की रैली के लिए जुटाई जा रही भीड़

रविवार को रामलीला मैदान में होने वाली रैली के लिए कांग्रेस के बड़े नेता तैयारियों में जुटे हैं। प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल समेत वरिष्ठ नेता राज्यों के नेताओं के साथ बैठकें कर रहे हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली लाया जा सके।

कांग्रेस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अपनी इकाई से कम से कम 25,000 लोगों को रैली में लाने को कहा है। राज्य के एक वरिष्ठ नेता ने यह जानकारी दी।

दिल्ली के आसपास के राज्यों के सांसदों और नेताओं को भी बड़ी संख्या में लोगों को जुटाने का लक्ष्य दिया गया है। एक सांसद ने कहा, “दिल्ली के पड़ोसी राज्यों हरियाणा और उत्तर प्रदेश की कांग्रेस इकाइयों के बीच ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाने की होड़ लगी है।”

हरियाणा कांग्रेस के नेताओं ने रैली की तैयारियों पर चर्चा करने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर बैठक की। यह बैठक एक नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली रैली के लिए आयोजित की गई थी।

बैठक के बाद सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा, “अगर किसी एक राज्य से सबसे ज्यादा लोग आएंगे, तो वह हरियाणा होगा। हरियाणा कांग्रेस की ओर से हम यह चुनौती देते हैं। यह इंडिया गठबंधन का सामूहिक प्रयास है, लेकिन हरियाणा सबसे ज्यादा लोगों को रैली में भेजेगा।”

कांग्रेस के एक वरिष्ठ सांसद ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि दिल्ली में ठहरने के लिए होटल और लॉज बुक किए जा रहे हैं। 31 अक्टूबर से पार्टी सांसदों के सरकारी आवास भी कार्यकर्ताओं के ठहरने के लिए उपलब्ध रहेंगे।

राजस्थान के एक सांसद ने कहा, “ज्यादातर लोग रैली से एक दिन पहले दिल्ली पहुंच जाएंगे, ताकि आखिरी वक्त में कोई परेशानी न हो।”

दिल्ली में प्रदूषण रोकने के लिए पुराने वाहनों पर लगाई गई पाबंदियों जैसे कदमों से तैयारियों पर असर पड़ने के सवाल पर कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, “हमें पता था कि सरकार कुछ अड़चनें पैदा करेगी। लेकिन जो लोग आना चाहते हैं, वे रामलीला मैदान पहुंचेंगे।”

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि रैली में सिर्फ पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को ही नहीं, बल्कि नागरिक समाज, छात्र संगठनों और किसान समूहों को भी शामिल करने की कोशिश की जा रही है।

कांग्रेस के एक वरिष्ठ सांसद ने कहा, “हम सिर्फ राजनीतिक रैली नहीं करना चाहते। हम इसे जनता की रैली बनाना चाहते हैं। इसके लिए आम लोगों से भी इसमें शामिल होने की अपील करेंगे।”

राहुल गांधी ने लोगों से क्या अपील की?

राहुल गांधी ने लोगों से बड़ी संख्या में रैली में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने गुरुवार सुबह सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “यह किसी एक राजनीतिक पार्टी का मार्च नहीं है, बल्कि भारत की आत्मा के लिए मार्च है।”

राहुल गांधी ने लिखा, “नरेंद्र मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार से परेशान हो चुके सभी लोगों से, हमारे लोकतंत्र को बचाने और संविधान की रक्षा करने की इच्छा रखने वाले हर व्यक्ति से मैं इसमें शामिल होने की अपील करता हूं।”

राहुल गांधी ने मार्च में शामिल होने वाले लोगों से पुलिस या लाठियों से नहीं डरने को कहा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा में इस तरह की कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं होगी।
उन्होंने कहा, “हमारे साथ मार्च में आइए। हम संविधान और देश की रक्षा के लिए साथ चलेंगे। घबराने की कोई जरूरत नहीं है।”

राहुल गांधी ने छात्र संगठनों से भी इस मार्च में शामिल होने की अपील की, चाहे उनका किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ाव हो। उन्होंने कहा, “अगर आपको लगता है कि भारत पर हमला हो रहा है, अगर आपको लगता है कि आप पर, आपकी अभिव्यक्ति पर, आपके विचारों पर और आपके सोचने के तरीके पर हमला हो रहा है, तो आइए और हमारे साथ जुड़िए। यह एक शानदार मार्च होगा। यह देश की आत्मा के लिए मार्च है।”

यह भी पढ़ें-जंतर-मंतर जाने पर सीजेपी नेताओं को हिरासतः क्या सार्वजनिक जगह में जाना अपराध, क्या कहते हैं कोर्ट और कानून? EXPLAINED

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दोनों ने पार्टी के अन्य सदस्यों के साथ बंद फाटकों और बैरिकेड्स को पार कर जंतर-मंतर में प्रवेश किया और वहां तिरंगा फराया। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।