गुजरात के कच्छ जिले में खावड़ा के पास स्थित रिन्यूएबल एनर्जी पार्क में शुक्रवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रक और पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर में कम से कम सात मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच हुआ।
खावड़ा पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर एमबी चावड़ा ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया, “ट्रक और बोलेरो कैंपर विपरीत दिशाओं से आ रहे थे। दोनों वाहनों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।”
हादसे के समय सभी मजदूर बोलेरो कैंपर में सवार थे। टक्कर के बाद सात मजदूर वाहन के मलबे में फंस गए। उन्हें क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी। वहीं, 20 से ज्यादा घायल मजदूरों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना के पीछे संभावित लापरवाही के पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
कच्छ कलेक्टर अनिल राणावसिया ने कहा कि कल रात कच्छ जिले के खावड़ा गांव के पास एक भीषण दुर्घटना हुई। एक कंपनी के लगभग 30-32 मजदूरों को ले जा रही पिकअप वैन एक ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना में पिकअप वैन पलट गई, जिससे कई लोग घायल हो गए। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, लगभग सात लोगों की मौत हो गई है। घायलों को भुज स्थित जिला अस्पताल ले जाया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टर आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की सहायता से उनका इलाज कर रहे हैं। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आरटीओ और पुलिस कर्मियों की टीमें घटना की गहन जांच के लिए भेजी गई हैं।
राजस्थान के दौसा में सड़क हादसा
वहीं, राजस्थान के दौसा जिले में नेशनल हाईवे-21 पर रायपुरा मोड़ के पास पिकअप और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार कई महिलाएं घायल हो गईं। टक्कर के बाद महिलाओं में चीख-पुकार मच गई और मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलने पर मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाहर निकलवाकर उपचार के लिए सिकराय अस्पताल भिजवाया। अस्पताल पहुंचने के बाद घायल महिलाओं का इलाज शुरू कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, हादसा नेशनल हाईवे-21 पर रायपुरा मोड़ के समीप हुआ। यहां पिकअप और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। भिड़ंत के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार महिलाओं में चीख-पुकार मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद में जुट गए। इसी बीच पुलिस को भी दुर्घटना की सूचना दी गई। मानपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए घायलों को बाहर निकलवाने की कार्रवाई की। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार कई महिलाएं घायल हुई हैं। पुलिस ने सभी घायल महिलाओं को उपचार के लिए सिकराय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। फिलहाल घायलों की सही संख्या और उनकी हालत के बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को मंजूरी नहीं, देरी से मिली सूचना- दिल्ली पुलिस
जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को मंजूरी नहीं मिली है। दिल्ली पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि सीजेपी ने विरोध-प्रदर्शन किए जाने की जानकारी देरी से दी। कम से कम 10 दिन पहले अनुमति की मंजूरी लेना जरूरी है। पढ़ें पूरी खबर।
