दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए बिल्डिंग हादसे के बाद बुधवार को गुजरात के गांधीनगर में एक निर्माणाधीन इमारत गिर गई। यह हादसा गांधीनगर के कुडासन इलाके में हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बिल्डिंग के मलबे में 10-15 मजदूरों के दबे होने की आशंका है। मौके पर राहत-बचाव का कार्य शुरू हो गया है। बताया जा रहा है कि 10-12 मजदूरों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा कुडासन इलाके एक अंडर-कंस्ट्रक्शन कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में बुधवार रात करीब 9:15 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि अंडर कंस्ट्रक्शन साइट पर एक बड़ा लोहे का स्लैब गिर गया, जिससे चारों ओर अफरा-तफरी मच गई और कई कंस्ट्रक्शन वर्करों के भारी मेटल के मलबे के नीचे फंसे होने की आशंका है।
फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां पहुंची मौके पर
यह घटना ‘बोस्की द एम्पायर’ साइट पर हुई, जहां दो यूनिट के बीच बनाया जा रहा एक लोहे का स्ट्रक्चर अचानक से गिर पड़ा। अचानक से ऐसी आवाज हुई जैसे कोई धमाका हुआ है। चश्मदीदों और स्थानीय लोगों के अनुसार, जब स्ट्रक्चर गिरा तो कंस्ट्रक्शन साइट पर लगभग 10 मजदूर काम कर रहे थे। हादसे की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना पाते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
5 मजदूरों को अस्पताल भेजा गया
खबर लिखे जाने तक राहत-बचाव ऑपरेशन जारी है। कर्मचारी अभी भारी मेटल के स्ट्रक्चर और कंक्रीट के मलबे को युद्ध स्तर पर हटा रहे हैं ताकि नीचे फंसे लोगों तक पहुंचा जा सके। शुरुआती जानकारी के अनुसार, 5 मजदूरों को घायलावस्था में अस्पताल पहुंचाया गया है। लोकल अधिकारी और इमरजेंसी टीमें मौके पर पूरी तरह से तैनात हैं।
दिल्ली बिल्डिंग हादसे में चली गई 7 लोगों की जान
बता दें कि बिल्डिंग गिरने का एक भीषण हादसा देश की राजधानी दिल्ली में बीते 6 सितंबर को हुआ था। दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन इलाके में एक इमारत गिर गई थी। इस इमारत में बॉयज पीजी था। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई थी जिसमें से 5 छात्र थे। इमारत करीब 40-50 साल पुरानी थी।
शुरुआती जांच में सामने आया कि हादसे के समय इमारत में मरम्मत/नवीनीकरण का काम चल रहा था। जांचकर्ताओं के मुताबिक एक महत्वपूर्ण दीवार हटाए जाने और भारी मात्रा में मलबा निकालने से ढांचा कमजोर हुआ हो सकता है। इस हादसे के बाद दिल्ली में जर्जर और पुरानी इमारतों पर कार्रवाई शुरू हो गई।
