गुजरात के गांधीनगर जिले में एक केमिकल फैक्ट्री में हुए धमाके में चार मजदूरों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब कर्मचारी प्रेशर वेसल में केमिकल भरने का काम कर रहे थे। मृतकों में कम से कम तीन झारखंड के रहने वाले थे। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही हैं।
गुजरात के गांधीनगर जिले के कलोल तालुका में गुरुवार को एक डाई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में विस्फोट होने से चार प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई। यह हादसा छत्राल गुजरात इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (GIDC) के फेज-4 स्थित ‘कोविका डाइज एंड इंटरमीडिएट्स’ ‘में हुआ। मृतकों में कम से कम तीन मजदूर झारखंड के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
केमिकल भरने के दौरान हुआ धमाका
पुलिस के मुताबिक, फैक्ट्री में दोपहर करीब 12:30 बजे से 1 बजे के बीच विस्फोट हुआ। उस समय कर्मचारी एक प्रेशर वेसल में केमिकल पंप कर रहे थे। इसी दौरान गर्म केमिकल वाले प्रेशर वेसल में पाइप फिट करने का काम किया जा रहा था, तभी अचानक धमाका हो गया। हादसे में चार मजदूरों की जान चली गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। हादसे में मारे गए मजदूरों और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, मृतकों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
प्रेशर वेसल और बॉयलर में नहीं हुआ विस्फोट
कलोल तालुका पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर जे. जे. गढ़वी ने बताया कि शुरुआती जांच में मुख्य प्रेशर वेसल और बॉयलर सुरक्षित पाए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि धमाका इन दोनों में से किसी में नहीं, बल्कि उन्हें जोड़ने वाले पाइप में हुआ था।
इंस्पेक्टर गढ़वी के अनुसार, दो मजदूर गर्म केमिकल से भरे प्रेशर वेसल में पाइप फिट कर रहे थे। इसी दौरान विस्फोट हुआ, जिसकी वजह से मजदूरों की जान गई। हालांकि, धमाके की वास्तविक वजह की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
फॉरेंसिक टीम कर रही जांच
हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल की जांच कर रहे हैं। टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पाइप में विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ और इसके पीछे क्या वजह थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की सही वजह और उससे जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आ सकेंगी।
यह भी पढ़ें: ‘अंकिता भंडारी केस में सरकार ने हर स्तर पर की त्वरित कार्रवाई’, भाजपा सांसद महेंद्र भट्ट बोले- कांग्रेस के आरोप दुर्भावनापूर्ण
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शनों पर उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने धामी सरकार का बचाव किया है। सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार ने इस मामले में हर स्तर पर संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और तेजी से काम किया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
