वैश्विक तेल आपूर्ति पर दबाव डालने वाले मौजूदा भू-राजनीतिक तनावों के बीच सरकार का एक बार फिर से बयान है। केंद्र सरकार ने रविवार को अपने बयान में कहा कि वह पूरे देश में ईंधन की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित कर रही है और मध्य पूर्व में समुद्री सुरक्षा की बारीकी से निगरानी कर रही है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि घरेलू एलपीजी आपूर्ति में कोई व्यवधान नहीं आया है। मंत्रालय ने कहा कि बुकिंग के अनुसार घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की डिलीवरी सामान्य रूप से जारी है और कल 53.5 लाख से अधिक घरेलू एलपीजी सिलेंडर वितरित किए गए।
मंत्रालय ने लोगों से पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाने और ईंधन का स्टॉक न करने का आग्रह किया है। मंत्रालय ने कहा कि नागरिकों को पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की अफरा-तफरी में खरीदारी न करने की सलाह दी जाती है, क्योंकि सरकार पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
सरकार के तरफ से आगे आश्वासन दिया गया कि आवश्यक सेवाओं को पूरी तरह से समर्थन दिया जा रहा है और कहा गया है, “घरेलू एलपीजी, घरेलू पीएनजी और सीएनजी (परिवहन) की 100% आपूर्ति की जा रही है, जबकि आवश्यकतानुसार आपूर्ति प्रबंधन उपाय किए जा रहे हैं। साथ ही, सरकार ने ऊर्जा क्षेत्र में उपभोक्ता व्यवहार में बदलावों की ओर इशारा किया। मंत्रालय ने कहा, “39,000 से ज्यादा पीएनजी उपभोक्ताओं ने MYPNGD.in के माध्यम से अपने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर कर दिए हैं, जो पाइपलाइन वाली प्राकृतिक गैस की ओर धीरे-धीरे बदलाव का संकेत देता है।
इसमें ऑटो ईंधन की मांग में वृद्धि का भी उल्लेख किया गया है और यह भी बताया गया है कि “अप्रैल (17.04.26 तक) के महीने में सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और तेल कंपनियों द्वारा ऑटो एलपीजी की औसत बिक्री लगभग 305 मीट्रिक टन/दिन रही, जबकि फरवरी-26 के दौरान यह औसत 177 मीट्रिक टन/दिन थी।”
समुद्री मोर्चे पर अधिकारियों ने पुष्टि की है कि जोखिमों के बावजूद भारतीय जहाज क्षेत्र से सुरक्षित रूप से गुजर रहे हैं। बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय ने कहा कि भारतीय ध्वज वाला कच्चा तेल टैंकर ‘देश गरिमा’ 18 अप्रैल 2026 को होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित रूप से पार कर गया।” मंत्रालय ने आगे कहा कि 31 भारतीय नाविकों को ले जा रहा यह जहाज़ 22 अप्रैल 2026 को मुंबई पहुंचने की उम्मीद है।
हालांकि, इसने हाल की सुरक्षा घटनाओं को भी स्वीकार किया। जिसमें कहा गया है कि “दो भारतीय जहाजों ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरते समय गोलीबारी की घटना की सूचना दी है। हालांकि, किसी भी चालक दल के सदस्य के घायल होने की कोई सूचना नहीं मिली है।
जहाजरानी मंत्रालय ने कहा कि स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और साथ ही यह भी कहा कि सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। ईंधन की उपलब्धता के संबंध में पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा कि रिफाइनरियां पूरी क्षमता से चल रही हैं और पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार बनाए रखा जा रहा है और देश भर में खुदरा ईंधन स्टेशन सामान्य रूप से काम कर रहे हैं।
वैश्विक मूल्य झटकों से उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए सरकार ने हाल ही में उठाए गए वित्तीय कदमों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मध्य पूर्व संकट के कारण कच्चे तेल की कीमतों में असामान्य वृद्धि हुई है। हालांकि, उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए भारत सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में 10 रुपये प्रति लीटर की कमी की है। इसने आपूर्ति श्रृंखला में अनियमितताओं के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी और कहा कि एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी की जांच के लिए 18 अप्रैल को “देश भर में 2400 से अधिक छापे मारे गए”।
अधिकारियों ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितता के बावजूद ऊर्जा सुरक्षा और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए राज्यों, उद्योग के हितधारकों और एजेंसियों के साथ मिलकर प्रयास जारी हैं।
ईरान युद्ध को समाप्त करने को लेकर चल रही कूटनीतिक कोशिश के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार एक बार फिर से बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने कहा कि बातचीत के लिए अमेरिकी प्रतिनिधि पाकिस्तान जाएंगे। पढ़ें पूरी खबर।
