केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा है कि जल्द ही लाभार्थियों को उनके आधार नंबर के आधार पर भुगतान करने की व्यवस्था बदल दी जाएगी। इसकी जगह ऐसी व्यवस्था लागू होगी जिसमें लाभार्थियों की पहचान बायोमेट्रिक जानकारी और वोटर आईडी (EPIC) नंबर के जरिए की जाएगी।

पंचायती राज, मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के केंद्रीय मंत्री सिंह ने पिछले शुक्रवार को पंचायती राज मंत्रालय की ओर से आयोजित राष्ट्रीय जन योजना अभियान 2026-27 की कार्यशाला में यह बात कही।

‘आधार कार्ड की नहीं रहेगी जरूरत’

वर्कशॉप को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, “मैं एक और बात कहना चाहता हूं कि अब लाभार्थियों को भुगतान करने के लिए आधार कार्ड को आधार नहीं बनाया जाएगा। अब आधार कार्ड बनाने वाले केंद्र हर गली में मौजूद हैं। आप किसी का भी आधार कार्ड बनवाने को कहें तो वह महज पांच मिनट में बनकर तैयार हो जाएगा।”

उन्होंने कहा, ”वो आधार कार्ड अब भुगतान का आधार नहीं रहेगा। लाभार्थियों को भुगतान करने के लिए उनकी बायोमेट्रिक जानकारी और वोटर आईडी का EPIC नंबर पहचान के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। भुगतान इसी के आधार पर किया जाएगा।” हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि किन-किन योजनाओं में EPIC नंबर का इस्तेमाल किया जाएगा।

सिंह ने आत्मनिर्भर पंचायत और विकसित पंचायत बनाने के प्रयासों में सभी संबंधित पक्षों से भागीदारी करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों को प्रदर्शन के आधार पर मिलने वाले अनुदान (परफॉर्मेंस ग्रांट) के योग्य बनने के लिए अपने रेवेन्यू के सोर्स बढ़ाने होंगे। यानी पंचायतों को अपनी आय बढ़ाने पर ध्यान देना होगा।

पंचायती राज मंत्रालय की ऐसी कोई योजना नहीं है जिसके तहत किसी व्यक्ति के बैंक खाते में सीधे पैसे भेजे जाते हों। हालांकि सिंह के पास मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय का भी प्रभार है। इस मंत्रालय की कुछ योजनाओं में पेमेंट के लिए आधार अनिवार्य है।

उदाहरण के लिए, पशुपालन और डेयरी विभाग की ओर से चलाई जा रही राष्ट्रीय पशुधन मिशन उद्यमिता विकास योजना (National Livestock Mission Entrepreneurship Development Programme) का लाभ लेने के लिए पात्र व्यक्ति को आधार नंबर होने का प्रमाण देना या आधार के जरिए अपनी पहचान वेरिफाई करानी जरूरी है।

इसके अलावा, केंद्र सरकार की कई अन्य योजनाओं में भी भुगतान के लिए आधार से जुड़े बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता है। इनमें ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्यक्रम VB-G RAM G, पीएम-किसान, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम शामिल हैं। राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों को पेंशन दी जाती है।

पोर्टल की खामियां दूर करे चुनाव आयोग, आधार ऑथेंटिकेशन भी हटाए

पश्चिम बंगाल में वोटर लिस्ट के SIR से प्रभावित लोगों की अपीलों पर सुनवाई कर रहे न्यायाधीशों ने चुनाव आयोग की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पोर्टल पर आधार प्रमाणीकरण (Aadhaar Authentication) जरूरी होने के कारण वे अपीलों पर अंतिम फैसला जारी नहीं कर पा रहे हैं।