उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अग्निवीरों के लिए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सेना में चार साल की सेवा पूरी करने के बाद वापस लौटने वाले अग्निवीरों को राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में 20 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। इतना ही नहीं उन्हें सरकारी नौकरी के लिए कोई परीक्षा भी नहीं देनी होगी। सरकार सीधे भर्ती करके उन्हें नियुक्ति पत्र देगी।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को गोंडा के गौरा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए यह घोषणा की।

इस दौरान उन्होंने कहा, ”4 वर्ष की सेवा के बाद जो अग्निवीर वापस आएंगे, उनको यूपी सरकार के विभिनन्न विभागों में चाहें वह पुलिस हो, पीएसी हो, होमगार्ड हो, वन विभाग हो या कारागार विभाग हो या कोई और विभाग हो, सभी विभागों में- हम उनको 20 फीसदी रिजर्वेशन देने जा रहे हैं। हम उनको सीधे नियुक्ति देने जा रहे हैं, जो भी आएगा उन्हें कोई परीक्षा नहीं देनी होगी। उनकी सीधी भर्ती करके हम यूपी सरकार की सेवा में लेंगे।”

पुलिस से लेकर वन विभाग तक मिलेगी नौकरी

सीएम योगी ने बताया कि अग्निवीरों को उत्तर प्रदेश पुलिस, प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (PAC), होमगार्ड, वन विभाग और कारागार विभाग सहित राज्य सरकार के अलग-अलग विभागों में नियुक्ति का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि सेना में चार साल की सेवा के दौरान अग्निवीरों को अनुशासन, प्रशिक्षण और सुरक्षा से जुड़ा अनुभव हासिल होगा। राज्य सरकार इस अनुभव का इस्तेमाल प्रदेश की सुरक्षा और व्यवस्था को मजबूत करने में करेगी।

पहले भी कर चुके हैं 20% आरक्षण का ऐलान

योगी आदित्यनाथ इससे पहले भी अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में 20 फीसदी आरक्षण देने की घोषणा कर चुके हैं। अब गोंडा की जनसभा में उन्होंने स्पष्ट किया कि चार साल की सेवा पूरी करके लौटने वाले अग्निवीरों को भर्ती प्रक्रिया में परीक्षा नहीं देनी होगी और उन्हें सीधे नियुक्ति दी जाएगी।

सरकार के इस ऐलान से सेना में चार साल की सेवा पूरी करने के बाद वापस आने वाले युवाओं के लिए उत्तर प्रदेश में सरकारी रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें: अग्निवीर के लिए बड़ी खुशखबरी, सेवा से हटाने का फैसला रद्द, AFT ने बहाली का दिया आदेश

सशस्त्र बल न्यायाधिकरण (Armed Forces Tribunal) ने भारतीय सेना के उस फैसले को रद्द कर दिया है जिसके तहत एक अग्निवीर को सर्विस से हटा दिया गया था। ट्रिब्यूनल ने उसकी बहाली का आदेश दिया है और सेवा से जुड़े सभी लाभ देने को कहा है।

ट्रिब्यूनल ने कहा कि जिस आपराधिक मामले को छिपाने का आरोप अग्निवीर पर लगाया गया था, वह घटना उसके नाबालिग रहते हुई थी। ऐसे में उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा सकती।