बीजेपी सांसद रवि किशन ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। रवि किशन ने राहुल पर एक ऐसी टिप्पणी कर दी जिसकी काफी चर्चा हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को खत्म करने की मांग के दौरानअपनी ही पार्टी के एक कार्यकर्ता को कोहनी मारी।

पत्रकारों से बात करते हुए रवि किशन ने कहा, ”यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि वह अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं को कोहनी मार रहे हैं। आप प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं लेकिन अपने ही कार्यकर्ताओं को कोहनी मार रहे हैं।”

गोरखपुर से बीजेपी सांसद किशन ने आगे राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्हें ‘कोहनीबाज प्रधानमंत्री’ बनने का सपना देखने वाला बताया। उन्होंने सवाल किया, ”अगर आप जीवन में कभी प्रधानमंत्री बन गए, तो देश को कितनी कोहनियां मारेंगे?” रवि किशन की यह टिप्पणी अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

यहां देखें वीडियो

बीजेपी सांसद रवि किशन की यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो के बाद आई। बीजेपी के सोशल मीडिया हैंडल से साझा किए गए इस वीडियो में कथित तौर पर राहुल गांधी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मार्च के दौरान अपनी ही पार्टी के एक कार्यकर्ता को कोहनी मारते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना मंगलवार को हुई थी।

रवि किशन ने राहुल गांधी की प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी 2037 के बाद कभी प्रधानमंत्री बनते हैं तो वह देश को कितनी कोहनियां मारेंगे? किशन ने सवाल किया, ”अगर आप कभी प्रधानमंत्री बने तो आप देश को कितनी कोहनियां मारेंगे।”

इस सप्ताह की शुरुआत में भी रवि किशन ने सोशल मीडिया पर सामने आए राहुल गांधी के इन्हीं वीडियो का हवाला देते हुए उन पर ‘मानसिक संतुलन खोने’ का आरोप लगाया था।

रायपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान किशन ने विपक्ष पर चुनाव में बीजेपी को हराने में नाकाम रहने के बाद आम जनजीवन बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने वोट चोरी और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) में गड़बड़ी के विपक्ष के आरोपों पर भी सवाल उठाए। किशन ने कहा कि इन प्रदर्शनों से आम लोगों को परेशानी हो रही है। एंबुलेंस में सफर कर रहे मरीजों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और देश के युवाओं को गुमराह किया जा रहा है।