गोवा पुलिस ने रविवार को पणजी के आजाद मैदान में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शनकारियों को इकट्ठा होने की अनुमति देने से इनकार कर दिया। इस बात की जानकारी इंडियन एक्सप्रेस को मिली है। पुलिस ने इसके लिए प्रदर्शनकारियों द्वारा अधिकारियों की शर्तों का उल्लंघन करने के पुराने रिकॉर्ड और जुलाई में इसी जगह पर नीट से जुड़े विरोध प्रदर्शन के दौरान एक प्रदर्शनकारी द्वारा उमर खालिद का समर्थन करने की एक खास घटना का हवाला दिया।
कार्यकर्ता और जेएनयू के पूर्व छात्र खालिद पर 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों के संबंध में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत आपराधिक साजिश के आरोप लगे हैं।
आजाद मैदान से सात प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया
रविवार शाम को आजाद मैदान से सात प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। यह प्रदर्शन गोवा में सीजेपी से संबद्ध एक संगठन द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित किया गया था। उनकी रिहाई के लिए बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर किए जाने के बाद कोर्ट ने ने रविवार रात पुलिस को उन सभी को रिहा करने का निर्देश दिया। कोर्ट ने कहा कि “हो सकता है कि हिरासत में लेने का आदेश अधिकृत न हो।”
आयोजकों ने 7 अक्टूबर को अधिकारियों से इजाजत के लिए आवेदन किया था। उत्तरी गोवा के जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के 9 अक्टूबर के आदेश में आयोजकों को बताया गया कि 11 अक्टूबर को आजाद मैदान में सार्वजनिक सभा के लिए मांगी गई इजाजत को अस्वीकार कर दिया गया है। आदेश में कहा गया कि यह फैसला उत्तरी गोवा के पुलिस अधीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है, जिसमें सार्वजनिक सभा के लिए इजाजत की सिफारिश नहीं की गई है।
सोमवार को हाई कोर्ट में दायर हलफनामे में पुलिस ने जुलाई में आजाद मैदान में आयोजित एकजुटता मार्च से संबंधित परिस्थितियों का उल्लेख किया, जहां सैकड़ों प्रदर्शनकारी नीट पेपर रद्द करने के विरोध में तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर इकट्ठा हुए थे।
हलफनामे में क्या कहा गया?
हलफनामे में कहा गया है कि 20 जुलाई, 2026 को प्रदर्शनकारियों ने गैरकानूनी सभा का गठन किया और पूर्व अनुमति प्राप्त किए बिना, कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल के साथ एकजुटता व्यक्त करने के बहाने विरोध प्रदर्शन आयोजित किया।
इसमें कहा गया है कि ज्यादातर प्रदर्शनकारी राज्य के बाहर के और गोवा के रहने वाले नहीं थे और बिना पूर्व इजाजत किए विरोध प्रदर्शन आयोजित करने के लिए एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस ने हलफनामे में कहा कि 25 जुलाई को शाम करीब 5 बजे, 50-60 लोगों ने मौजूदा मुद्दे नीट पेपर पर जीत का जश्न मनाने के लिए आजाद मैदान में धरना दिया। हलफनामे में कहा गया है, “धरना देने वालों के दौरान, एक व्यक्ति धरने में शामिल पाया गया, जिसके हाथ में एक तख्ती थी जिस पर ‘उमर खालिद, शरजील इमाम, भीमा कोरेगांव 16’ लिखा था और एक कंधे पर एक थैला था जिस पर ‘फिलिस्तीन आजाद होगा’ लिखा था।”
यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर में ‘चुपके से’ घुसे CJP के सौरव दास, आशुतोष रांका हिरासत में लिए गए; अभिजीत दीपके ने पोस्ट की वीडियो
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने फिर से हिरासत में ले लिया है। दोनों अजिंक्य शिंदे समेत कुछ साथियों के साथ जंतर-मंतर पहुंचे थे। यह घटनाक्रम दिल्ली पुलिस की सोमवार (12 अक्टूबर) की उस घोषणा के बाद हुआ है जिसमें कहा गया था कि जंतर-मंतर अब विरोध प्रदर्शनों के लिए निर्धारित जगह नहीं रहेगा। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
