गोवा फॉरवर्ड पार्टी के प्रमुख और विधायक विजय सरदेसाई ने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकार के पास शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि दक्षिण गोवा में कुछ मतदाताओं को अवैध रूप से एक विधानसभा क्षेत्र से दूसरे विधानसभा क्षेत्र में ट्रांसफर कर दिया गया है। सीईओ ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि वे इस दावे की जांच करेंगे।
पता चला है कि फाटोर्डा विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरदेसाई ने शुक्रवार को ईमेल के जरिये सीईओ कार्यालय में एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
अपनी शिकायत में विधायक ने क्या दावा किया?
अपनी शिकायत में सरदेसाई ने दावा किया है कि कर्टोरिम विधानसभा क्षेत्र के 50 से ज़्यादा मतदाताओं को अवैध रूप से फाटोर्डा विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में शामिल कर दिया गया है। हैरानी की बात यह है कि उनके मूल घर के नंबर वही रखे गए हैं, जिससे परिसीमन की कानूनी प्रक्रियाओं को दरकिनार कर दिया गया है।
उन्होंने शिकायत में लिखा, “ये मतदाता 2012 और 2017 के आम चुनावों के दौरान कर्टोरिम विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा थे। लेकिन, 2022 और 2026 के लिए ये रहस्यमय और अवैध तरीके से फाटोर्डा विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में आ गए हैं। मेरे संज्ञान में आया है कि कर्टोरिम विधानसभा क्षेत्र के 50 से ज्यादा मतदाताओं को (जिसका विवरण इस शिकायत के साथ संलग्न दस्तावेजों में दिया गया है) अवैध रूप से फाटोर्डा विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में स्थानांतरित कर दिया गया है, जबकि उनके मूल घर के नंबर वही रखे गए हैं।”
सरदेसाई का कहना है कि इससे वोटर डेटाबेस की विश्वसनीयता और सटीकता पर सवाल उठते हैं। साथ ही, यह निर्वाचन क्षेत्रों की तय सीमाओं के पालन और ‘जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950’, ‘मतदाता पंजीकरण नियम, 1960’ और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के उल्लंघन की ओर भी इशारा करता है।
शिकायत में कहा गया है, “किसी विधानसभा क्षेत्र की भौगोलिक सीमाएं कानूनी परिसीमन आदेशों और आधिकारिक अधिसूचनाओं द्वारा तय होती हैं। मतदाता पंजीकरण पूरी तरह से इन सीमाओं और कानून के तहत किसी मतदाता के सामान्य निवास स्थान से जुड़ी कानूनी जरूरतों के अनुरूप होना चाहिए।”
विधायक ने सीईओ से की दखल देने की मांग
सरदेसाई ने “मतदाताओं के अनधिकृत स्थानांतरण” की जांच के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। शिकायत में बताया गया है कि गोवा के विधानसभा क्षेत्रों का पिछला सामान्य परिसीमन 2002 और 2005 के बीच पूरा किया गया था। इसके अंतिम आदेश 2005 में जारी किए गए थे और बाद में इन्हें ‘संसदीय और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र परिसीमन आदेश, 2008’ में शामिल कर लिया गया था।
सरदेसाई ने कहा कि शिकायत का उद्देश्य मतदाता सूचियों की निष्पक्षता सुनिश्चित करना, विधानसभा क्षेत्रों की कानूनी रूप से अधिसूचित सीमाओं का पालन करना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखना है। उन्होंने चुनावी रिकॉर्ड में हेरफेर करने के जानबूझकर किए गए प्रयास की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग की।
शिकायत के साथ सरदेसाई ने 2012 और 2017 के लिए 29 कर्टोरिम की मतदाता सूची और 2021 और 2026 के लिए 30 फाटोर्डा की मतदाता सूची से मतदाताओं के नाम संलग्न किए।
शिकायत में कर्टोरिम निर्वाचन क्षेत्र से फाटोर्डा निर्वाचन क्षेत्र में कथित रूप से स्थानांतरित किए गए सभी मतदाता रिकॉर्ड को तत्काल हटाने की मांग की गई। शिकायत में कहा गया, “लापरवाही, दुर्व्यवहार, सत्ता के दुरुपयोग या जानबूझकर रिकॉर्ड में हेराफेरी के लिए जिम्मेदार पाए गए सभी व्यक्तियों के खिलाफ उचित विभागीय अनुशासनात्मक कार्यवाही और आपराधिक अभियोग शुरू करें। यह सत्यापित करने के लिए राज्यव्यापी ऑडिट करें कि क्या अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में भी इसी तरह निर्वाचन क्षेत्र की सीमाओं का अवैध स्थानांतरण और मतदाता स्थानांतरण किया गया है।”
हम जांच करवाएंगे- संजय गोयल
गोवा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजय गोयल ने कहा, “हम शिकायत की जांच करेंगे और जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) के माध्यम से जांच करवाएंगे। यदि किसी भी माध्यम से शिकायत आई है, तो जांच करना अनिवार्य है।”
यह भी पढ़ें: गोवा में 6 लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटे, हाई कोर्ट ने चुनाव आयोग से पूछा- सिस्टम में गड़बड़ी क्या है?
बॉम्बे हाई कोर्ट ने गोवा में मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए महत्वपूर्ण टिप्पणी की है। अदालत ने कहा कि ड्राफ्ट वोटर लिस्ट को किसी का नाम हटाने का आधार नहीं बनाया जा सकता। साथ ही, किसी प्रशासनिक सॉफ्टवेयर की तकनीकी दिक्कत कानून से ऊपर नहीं हो सकती। यहां क्लिक कर पढे़ं पूरी खबर…
