नेपाल के बाद भारत के एक और पड़ोसी मुल्क भूटान में ग्लेशियर झील फटने के बाद वहां बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर रात गासा जिले में शिंताफू झील में यह ग्लेशियर फटा है जिसके भारत के कुछ राज्यों में चिंता बढ़ गई है। इस घटना के बाद असम और पश्चिम बंगाल में अलर्ट जारी कर दिया गया है। बंगाल से तो 10 हजार से अधिक लोगों को खतरे वाली जगह से शिफ्ट भी कर दिया गया है।
भूटान में आई इस बाढ़ ने सोलर से चलने वाले सिंचाई प्रोजेक्ट को नुकसान पहुंचाया है। हालांकि अभी किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। बाढ़ की वजह से मलबा हाईवे तक पहुंच गया है। भूटान में आई इस आपदा के बाद भारत में संकोश नदी में संभावित उफान का खतरा मंडरा रहा है। इसी वजह से असम और बंगाल के कुछ हिस्सों में अलर्ट जारी किया गया है।
पुनाखा में सोलर इरिगेशन लिफ्टिंग सिस्टम तबाह
स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, बाढ़ के पानी की वजह से पुनाखा में सोलर इरिगेशन लिफ्टिंग सिस्टम तबाह हो गया है। भूटान के अधिकारियों का कहना है कि पुनाखा के गुमा गेवोग के तहत डोचुखा-जोमलिंगथांग-रित्सा चिवोग में स्थित ‘सोलर इरिगेशन लिफ्टिंग सिस्टम’ को ‘मो छू’ नदी में आई बाढ़ से नुकसान हुआ है। यह सोलर सिंचाई सिस्टम चिवोग के निवासियों को पानी की सप्लाई की समस्याओं को दूर करने के लिए इस साल की शुरुआत में सिंचाई सिस्टम लगाया गया था।
बंगाल और असम में अलर्ट जारी
भूटान की इस त्रासदी के बाद बाढ़ का पानी भारत की ओर बढ़ रहा है, जिसके चलते असम और पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिम बंगाल के 5 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है जो संकोश नदी के किनारे पर बसे हैं। अधिकारियों ने संभावना जताई है कि संकोश नदी में पानी का लेवल बढ़ सकता है। बाढ़ का पानी अभी इन इलाकों से करीब 50 से 60 किलोमीटर दूर है, लेकिन नीचे की ओर बढ़ने पर स्थिति गंभीर हो सकती है।
संकोश नदी के आसपास रेड अलर्ट जारी
पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले में अलर्ट जारी किया गया है। SP अमित कुमार शॉ ने कहा है, “सबसे पहले,मैं जिले के लोगों को बताना चाहूंगा कि घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। स्थिति अभी कंट्रोल में है। हम भूटान में अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। हमारी पुलिस टीम, डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (DM) और ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (BDO) अपनी-अपनी टीमों के साथ, सभी संबंधित एजेंसियों और स्टेकहोल्डर्स के साथ मिलकर करीबी तालमेल से काम कर रहे हैं।”
अमित कुमार ने आगे कहा है, “हमारी SDRF टीम मौजूद है और एक NDRF टीम भी रास्ते में है। एक सिविल डिफेंस टीम भी तैनात है। हम पहले ही लगभग 4,000 से 5,000 लोगों को शेल्टर में भेज चुके हैं, स्कूल बिल्डिंग्स को रिलीफ सेंटर के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके अलावा, 6,000 से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है।”
अमित कुमार के मुताबिक, पानी के मौजूदा बहाव और हमें मिली लेटेस्ट जानकारी के आधार पर – पानी का बहाव थोड़ा कम हुआ है, लेकिन हम हाई अलर्ट पर हैं। पुलिस, DM का ऑफिस, और BDO का ऑफिस ने सूखे खाने और पीने के पानी का इंतज़ाम कर दिया है। हमने यह भी पक्का किया है कि टॉयलेट जैसी दूसरी जरूरी चीजें भी दी जाएं। हम दो घंटे में देखेंगे कि हालात कैसे होते हैं। हम पूरी तरह तैयार हैं और किसी भी इमरजेंसी से निपटने के लिए तैयार हैं। संकोश नदी सिस्टम के लिए अभी रेड अलर्ट जारी है।”
भूटान की सबसे खतरनाक झीलों में से एक है शिंताफू झील
बता दें कि शिंताफू भूटान की सबसे खतरनाक 17 झीलों में से एक है। यह भूटान के गासा जिले के लाया गेवोग के लुंगो में वाकिला पहाड़ के नीचे है। यह झील मो छू नदी बेसिन के ऊपरी हिस्से में है। जब इस झील में पानी का बहाव अधिक होता है तो पानी दक्षिण की ओर मो छू में चला जाता है, जिससे नीचे की तरफ पानी का बहाव बढ़ जाता है।
इन जिलों में अलर्ट जारी
इस झील के फटने के बाद नीचे के इलाकों में नुकसान होने की संभावना जताई गई है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि पुनात्सांगछू नदी के ऊपरी इलाकों में अचानक बाढ़ आने से पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले और असम के धुबरी जिले में अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर बंगाल के कुछ हिस्सों में भी अलर्ट जारी हुआ है। इसके अलावा दार्जिलिंग हिल्स, जलपाईगुड़ी और कूच बिहार जिले के लिए भी अलर्ट जारी है।
अगले 6-8 घंटे के अंदर भारत पहुंच सकता है पानी
कूच बिहार जिले के तूफानगंज और बॉक्सिरहाट में NDRF और SDRF की टीमें तैनात की गई हैं। दोनों जगहें असम बॉर्डर के पास संकोश नदी के किनारे हैं। लोगों को खतरे के बारे में अलर्ट किया जा रहा है। एडवाइजरी के मुताबिक, बाढ़ का पानी छह से आठ घंटे में भारत-भूटान बॉर्डर तक पहुंचने की उम्मीद है। प्रभावित जिलों के अधिकारियों से स्थिति पर करीब से नजर रखने और सावधानी बरतने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें: नेपाल में फिर ‘फ्लैश फ्लड’ का कहरः भारत को क्या सबक लेने की जरूरत? EXPLAINED
नेपाल में तबाही थमने का नाम नहीं ले रही है। पानी जैसे कहर बरपा रहा है। 11 अक्टूबर को गोरखा जिले में बुढ़ी गंडक नदी के किनारे बसे इलाकों में अचानक बाढ़ आ गई, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हुआ। शुरुआती खबरों के मुताबिक, सिउरिबास के ऊपर पहाड़ का एक हिस्सा खिसककर गिर गया, जिससे चुमके खोला जलधारा का रास्ता बंद हो गया। यह रुकावट चेकामपार के पास आई थी, जो बाद में टूट गई और पानी अचानक तेजी से नीचे की ओर निकल पड़ा। यहां पढ़ें पूरी खबर…
